लखनऊ। आज समाजवादी विचारक छोटे लोहिया स्व. जनेश्वर मिश्र की सुपुत्री मीना तिवारी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को राखी बांधकर उनके दीर्घायु होने की कामना की।
इस अवसर पर श्री यादव ने श्रीमती मीना तिवारी का सम्मान किया। श्रीमती तिवारी के साथ उनके पति चंद्रशेखर तिवारी तथा पुत्र विश्वभूषण तिवारी एवं कुलभूषण तिवारी भी मौजूद रहे। इनके अतिरिक्त जयपुर (राजस्थान) की समाज सेविका वंदना यादव समेत अन्य महिलाओं ने भी अखिलेश यादव को राखी बांधकर उनकी सफलता की शुभकामना की।
अखिलेश यादव ने रक्षा बंधन अपने बधाई संदेश में कहा है कि यह त्योहार ना केवल भाई-बहन के रिश्तों को पूरा आदर देता है, अपितु आत्मीयता और स्नेह के बंधन से रिश्तों को मजबूती भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि यह पर्व भावनाओं से जुड़ा है। इस त्योहार का इतिहास में भी उल्लेख मिलता है। परस्पर स्नेह और सौहार्द के प्रतीक रूप से इसे मनाया जाना चाहिए।