Breaking News

कोई भी समाज तभी तरक्की कर सकता है जब सभी ओर शान्ति का वातावरण हो और यह केवल हमारी पुलिस द्वारा ही संभव होता है : महापौर

अन्तर्राष्ट्रीय महिला पुलिस दिवस पर महापौर ने महिला पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित

लखनऊ। आज आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष में अन्तर्राष्ट्रीय महिला पुलिस दिवस के अवसर पर लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट रिज़र्व पुलिस लाइन सभागार में 100 से ज्यादा महिला पुलिस कर्मियों और 45 समाजसेवियों को महापौर द्वारा सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक संस्था माँ गायत्री जनसेवा संस्थान व नीशू वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा किया।

बतौर मुख्य अतिथि महापौर संयुक्ता भाटिया ने महिला पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस का कार्य तो बहुत ही जिम्मेदारी एवं मेहनत का होता है। देश के अंदर कोई भी परिस्थिति आ जाये प्रथम पंक्ति में हमारे पुलिस वाले ही उस चुनौती का सामान करने के लिए खड़े रहते है।महिला पुलिस का काम तो और भी चुनौतीपूर्ण होता है। उन्हें अपने घर के साथ-साथ पुलिस की भी जिम्मेदारी निभानी होती है। जिस तरह हमारे देश की सेना सीमाओं पर तैनात कर देशवासियों की रक्षा करती है, उसी तरह देश की आंतरिक सुरक्षा का कार्य पुलिस करती हैं। समाज के रक्षक के रूप में पुलिस जानमाल की रक्षा तथा अपराध को समाप्त कर शांति स्थापना में अहम भूमिका अदा करती हैं।

यदि आज हमारी सभी संस्थाएं व्यवस्थित ढंग से चल रही हैं सारे कार्य कानून और नियमों के दायरे में हो रहे हैं। लोग कानून को तोड़ने की बजाय उनकी पालना कर रहे हैं तो केवल पुलिस के कारण ही सम्भव हो सका हैं।

महापौर ने आगे कहा कि निश्चय ही किसी देश अथवा राज्य में पुलिस के बिना कानून की कल्पना नहीं की जा सकती हैं। कोई भी समाज तभी तरक्की कर सकता है जब सभी ओर शान्ति का वातावरण हो तथा लोग संस्थाओं में विश्वास रखे। यही वजह है कि राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में पुलिस का अहम योगदान माना जाता हैं।

कई बार पुलिसवाले अपनी ड्यूटी पर जान जोखिम में डालकर भी अपराधियों को पकड़ते हैं इस प्रयास में उन्हें शारीरिक क्षति या जान खोने का भी खतरा होता हैं। इन सबके बावजूद वे अपने कर्तव्य पथ से विचलित होने की बजाय उस पर डटे रहते हैं और हमारी हिफाजत करते हैं। अंत मे महापौर ने कहा कि देश की चाहे महिला पुलिस हो या पुरुष दोनों ही अपने दायित्वों का परस्पर निर्वाहन करते है। आज बड़ी संख्या में महिलाएं पुलिस में भर्ती होकर देश सेवा कर रही है।

इस अवसर पर महापौर संग विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, विधायक एवं पूर्व मंत्री आशुतोष टंडन, समाजसेवी नम्रता पाठक, संतोष श्रीवास्तव, आर.के चतुर्वेदी, संयुक्त पुलिस आयुक्त नीलाब्जा चौधरी एवं बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

About Samar Saleel

Check Also

मानवाधिकार आयोग हुआ सख्त, पीड़ित परिवार को साढ़े सात लाख देने की सिफारिश

अलीगढ़:  अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय परिसर में कुत्तों के हमले में बुजुर्ग सेवानिवृत्त डॉक्टर की मौत ...