Breaking News

लाहौल के जोबरंग में हिमस्खलन, आठ मिनट तक हवा में रहा बर्फ का बवंडर, जानें मौसम पूर्वानुमान

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र लाहौल में ताजा बर्फबारी के बाद मौसम खुलते ही पहाड़ों से हिमस्खलन होना शुरू हो गया है। गुरुवार सुबह करीब 9:00 बजे जोबरंग गांव के समीप पहाड़ से भारी हिमस्खलन हुआ है। इससे आठ मिनट तक बर्फ का बवंडर हवा में रहा। जोबरंग पंचायत के पूर्व प्रधान सोम देव योकी ने हिमस्खलन की आवाज सुनी। उन्होंने अपने घर की छत से गिरते हिमखंड और उससे उठे बवंडर को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया। उपायुक्त लाहौल-स्पीति राहुल कुमार ने घाटी के लोगों से अपील की है कि लोग अनावश्यक इधर-उधर न जाए।

उन्होंने बताया कि लाहौल के पहाड़ों में भारी बर्फबारी हुई है। अब मौसम खुलते ही धूप खिलने से हिमस्खलन का खतरा बढ़ जाता है लिहाजा लोग एहतियात बरते और अनावश्यक यात्रा न करें। उधर, बीते दिनों हुई बर्फबारी से राज्य में मंगलवार सुबह 10:00 बजे तक तीन नेशनल हाईवे और 400 सड़कें यातायात के लिए बाधित थीं। इसके अतिरिक्त 289 बिजली ट्रांसफार्मर व 11 पेयजल आपूर्ति स्कीमें भी ठप हैं। सबसे अधिक 288 सड़कें लाहौल-स्पीति में बंद हैं। चंबा जिले में 83 सड़कों पर आवाजाही प्रभावित है।

मौसम खुलते ही चांदी की तरह चमकीं किन्नौर की वादियां
किन्नौर जिले की भावा वैली में एक बार फिर हल्की बर्फबारी हुई है। भावावैली बर्फ की सफेद चादर से ढक गई है। वहीं, क्षेत्र के लोगों को फिर कड़ाके की ठंड का सामना करना पड रहा है। मौसम खुलते ही बर्फ की चादर ओढ़े काफनू के आराध्य देवता कामशू नारायण के मंदिर के आसपास शानदार नजारा देखने को मिला।

बुधवार देर शाम से यहां से रुक-रुककर बर्फबारी का दौर शुरू हुआ था और देररात तक चलता रहा। भावावैली में एतिहासिक त्योहार फागुल शुरू हुआ है। ऐसे में त्योहार के दिन बर्फबारी होना क्षेत्र के लोग अगामी फसल के लिए औषधि मान रहे हैं।

जानें मौसम पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार उच्च पर्वतीय एक-दो स्थानों पर मौसम खराब रहने के आसार हैं। अन्य भागों में मौसम साफ रहेगा। वहीं, 24 फरवरी की रात से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ राज्य में सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से राज्य में 26 व 27 फरवरी को फिर बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। 28 फरवरी को उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर मौसम खराब रह सकता है।

About News Desk (P)

Check Also

पूर्व पीएम इमरान खान को दोहरा झटका, भड़काऊ बयान पर कोर्ट ने फटकारा; रक्षा मंत्री ने भी साधा निशाना

पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मुश्किलें खत्म होने का नाम ...