Breaking News

शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार

वर्तमान प्रदेश सरकार नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन व पारदर्शी व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने एक बार फिर इसका संकल्प दोहराया है। योगी आदित्यनाथ ने नयी शिक्षा नीति लागू करने के लिए नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। कहा कि यह नीति शिक्षा जगत में आमूलचूल परिवर्तन, शिक्षण संस्थानों को सुयोग्य नागरिक देने वाले महत्वपूर्ण केन्द्र के रूप में स्थापित करने तथा शिक्षा को पुस्तकीय ज्ञान के साथ साथ नवाचार,नये शोध एवं नये अनुसंधान का माध्यम बनाने के लिए लागू की गयी है। इसमें प्रत्येक विद्यार्थी को अनेक विकल्प उपलब्ध होंगे।

नयी शिक्षा नीति को क्रियान्वित करने के लिए तैयारी वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। सरकार के प्रयासों से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति की पारदर्शी व्यवस्था कायम हुई है। बेरोजगारी दर विगत चार वर्षाें में सत्रह प्रतिशत से गिरकर पांच प्रतिशत पर आ गयी है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में निवेश का अनुकूल वातावरण बना है।

राज्य सरकार ने प्रदेश को निवेश का सबसे आकर्षक गंतव्य बनाने के लिए व्यापक पैमाने पर रिफॉर्म किये। इसके परिणाम सामने आ रहे हैं। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की रैंकिंग में प्रदेश चौदहनवें स्थान से दूसरे स्थान पर आ गया है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में सही और सकारात्मक दिशा में परिवर्तन हो रहा है। राज्य में आधारभूत सुविधाओं के विकास का कार्य प्रारम्भ किया गया। इसके भी बेहतर परिणाम प्राप्त हो रहे हैं। राज्य की प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

प्रदेश की अर्थव्यवस्था एक नयी ऊँचाई की ओर अग्रसर हुई। चार वर्ष पूर्व देश का सर्वाधिक आबादी वाला राज्य होने के बावजूद प्रदेश की अर्थव्यवस्था देश में छठें स्थान पर थी। राज्य सरकार के निरन्तर प्रयास से विगत साढ़े चार वर्ष में प्रदेश की अर्थव्यवस्था देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गयी है। राज्य सरकार ने प्रदेश के परम्परागत उद्यम को पुनर्जीवित एवं प्रोत्साहित करने का कार्य किया है। राज्य के अलग-अलग जनपदों में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम के क्लस्टर थे, जो रोजगार एवं स्वावलम्बन के महत्वपूर्ण केन्द्र थे। पूर्ववर्ती सरकारों की उपेक्षा से यह केन्द्र नष्टप्राय हो गये थे।

वर्तमान राज्य सरकार ने इनकी मैपिंग, मार्केटिंग, नयी तकनीक एवं डिजाइन से जोड़ने का कार्य किया और ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ की नयी योजना प्रारम्भ की गयी। इस योजना के माध्यम से परम्परागत उद्यम को एक नयी ऊँचाई मिल रही है। आज यह योजना देश की एक लोकप्रिय योजना है। प्रदेश के निर्यात को तेजी से बढ़ाने में भी इस योजना का महत्वपूर्ण योगदान है। उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में व्यापक सुधार हुआ है। देश के अन्य राज्यों के लिए प्रदेश मॉडल राज्य के रूप में उभरा है।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश नई शिक्षा नीति को लागू करने वाला पहला राज्य है। राज्य में नकलविहीन पद्धति परीक्षा लागू की गयी। राज्य में पहली बार एनसीईआरटी के पैटर्न पर पाठ्यक्रम लागू किया गया। बारह दिनों में हाईस्कूल तथा सोलह दिनों में इण्टरमीडिएट की परीक्षा सम्पन्न कराकर शीघ्र ही परिणाम भी घोषित किये गये। मार्कशीट, सर्टिफिकेट को ऑनलाइन प्राप्त करने की व्यवस्था बनायी गयी।

About Samar Saleel

Check Also

सीएमएस में दो-दिवसीय इण्टर-स्कूल रोलर स्केटिंग चैम्पियनशिप प्रारम्भ

लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल राजाजीपुरम द्वितीय कैम्पस के तत्वावधान में आयोजित दो-दिवसीय इण्टर-स्कूल रोलर स्केटिंग ...