Breaking News

बिहार : शादी से इनकार करने पर लड़की को चाकू से गोदा , हालत गंभीर

बिहार के सीतामढ़ी में दिल्ली जैसी वारदात हुई है। बथनाहा प्रखंड क्षेत्र की दिग्घी पंचायत के हरिबेला गांव के सिरफिरे चंदन ने शादी से इनकार करने पर लड़की को चाकू से गोदकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।

हमले के दौरान आरोपी चंदन उसे शादी से इनकार करने पर सजा देने की बात कहता रहा। आरोपी लड़की के गांव का ही है। लड़की के चिल्लाने पर सिरफिरा वहां से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि छटपटा रही लड़की की मदद को कोई आगे नहीं आया। लोग खड़े होकर मूकदर्शक बने रहे। पीड़िता की हालत गंभीर है। बता दें कि बाहरी दिल्ली के शाहाबाद डेयरी में भी एक युवक ने बीच सड़क साक्षी नाम की युवती को चाकू से गोदकर मार डाला, यह मामला देशभर में छा गया है।

ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी चंदन बीते चार-पांच सालों से पीड़ित लड़की के पीछे पड़ा था। परिजन को मालूम होने पर ग्रामीण स्तर पर पंचायती कर लड़के को अलग रहने की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद प्रेमी ने प्रेमिका के खींचे कुछ फोटो और वीडियो को बीते 6 महीने पहले वायरल कर दिया था।

फिर परिजन ने स्थानीय थाना में मामले को लेकर आवेदन भी दिया था। लेकिन स्थानीय स्तर पर पंचायती कर मामला को सुलझा लिया गया। हालांकि इस घटना के बाद भी सिरफिरे लड़के ने लड़की का पीछा नहीं छोड़ा। लगातार उसे शादी करने के लिए दवाब बनाने लगा। लड़की द्वारा मनाही किये जाने पर चाकू से गोद कर जख्मी कर दिया।

इस बीच पास से गुजर रहे पूर्व एमएलसी राजकिशोर सिंह कुशवाहा ने उसे अपनी गाड़ी से इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। लड़की की स्थिति गंभीर बनी हुई है। चिकित्सक डॉ. वरूण कुमार ने बताया कि लड़की के पेट में पांच, छाती में एक व जांघ में एक सहित शरीर पर 12 से अधिक जख्म हैं। ऑपरेशन कर खून रोकने का प्रयास किया जा रहा है।

बथनाहा पुलिस को दिए बयान में लड़की ने बताया है कि गांव के चंदन कुमार ने दुकान से समान लेकर घर लौटने के दौरान अकेला पाकर घेर लिया। शादी के लिए कहा। इनकार करने पर चाकू निकालकर वार करने लगा। बथनाहा थानेदार अशोक कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। आरोपी युवक अपने परिजनों समेत फरार हैं। पीड़िता की उम्र 20 साल बताई जा रही है।

 

About News Room lko

Check Also

लघु उद्योग भारती ने मनाया अपना 30 वां स्थापना दिवस

लखनऊ। लघु उद्योग भारती सूक्ष्म लघु उद्योगों का एक मात्र अखिल भारतीय संगठन है। “उद्योग ...