Breaking News

समाजवादी पार्टी का ब्राह्मण प्रेम महज छलावा: सुब्रत पाठक

कन्नौज। प्रदेश भर में समाजवादी पार्टी द्वारा भगवान पशुराम की मूर्ति लगवाए जाने के ऐलान के बाद भाजपाई खेमे में खलबली मची हुई है। शनिवार को जिला मुख्यालय जीटी रोड स्थित एक होटल में पत्रकार वार्ता के दौरान कन्नौज लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद सुब्रत पाठक ने सपा के ब्राह्मण प्रेम पर हमला बोलते हुये कहा कि जिस पार्टी का गठन ही ब्राह्मणों के विरोध के लिये हुआ हो, और प्रदेश में ब्राह्मणों की बर्बादी के लिये जो पार्टी जिम्मेदार है, उसका अचानक से ब्राह्मण प्रेम महज वोट की राजनीति के अलावा कुछ नही है।

श्री पाठक ने मुलायम सिंह शासन के दौरान कन्नौज में हुये नीरज मिश्रा हत्याकांड, पूर्व सीएम अखिलेश यादव पर ब्राह्मण चिकित्सक को देख भड़कने सहित सपा के कई ब्राह्मण विरोधी मुद्दों को हवा देते हुए सपा शासन काल के दौरान सजातीयों को नौकरी देने के लिये ब्राह्मणों को जानबूझकर पीछे करने का भी आरोप लगाया। सांसद सुब्रत पाठक ने कहा कि ब्राह्मण सपा के जुल्मों से परेशान होकर वर्ष 2007 में बसपा के साथ मजबूरी में चले गये थे, क्योंकि तब भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने की हालत में नही थी। अपनी पूरी बातचीत में सुब्रत पाठक सपा को ब्राह्मण विरोधी बताते नजर आए।

गौरतलब है कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में सुब्रत पाठक ने अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को चुनाव में हराकर सपा के इस मजबूत किले को ढहा दिया था। माना जा रहा है प्रदेश में लगातार सजातियों की हत्याओं के बाद भाजपा से ब्राह्मणों का मोह भंग हो रहा है। ऐसे में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के ब्राह्मण प्रेम को देख भाजपा को अपना यह सबसे मजबूत वोट बैंक सपा की तरफ खिसकता दिखाई दे रहा है। जिसके बाद केंद्रीय नेतृत्व ने ब्राह्मण सांसदों को आगे कर सपा के ब्राह्मण प्रेम पर हमला करवाना शुरू कर दिया है।

About Samar Saleel

Check Also

मंडल रेल प्रबंधक ने लखनऊ-सुलतानपुर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग करते हुए उतरेटिया एवं सुलतानपुर स्टेशन का निरीक्षण किया 

लखनऊ। मंडल रेल प्रबंधक एसएम शर्मा ने आज मण्डल के अधिकारियों के साथ लखनऊ-सुलतानपुर रेलखंड ...