Breaking News

समाज सेवा का संदेश

व्यक्ति के लिए शिक्षा आवश्यक है। किन्तु अच्छा इंसान बनना अधिक महत्वपूर्ण है। इसके लिए समाज के प्रति दायित्व बोध होना चाहिए। यदि ऐसा ना हुआ तो शिक्षा को अपूर्ण समझना चाहिए। इस पर विचार करना चाहिए कि समाज के हित में क्या किया जा सकता है। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल समाज सेवा के लिए विद्यार्थियों व युवाओं को प्रोत्साहित करती है। शिक्षण व अन्य संस्थाओं से संबंधित कार्यक्रमों में वह इस बात पर जोर देती है। महात्मा गांधी जी का जीवन दर्शन भी समाज सेवा का सन्देश देता है।

आनंदीबेन पटेल ने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स संगठन महात्मा गांधी के विचारों से प्रभावित है। इसका भावी पीढ़ी को अनुशासित करने और उनमें देशभक्ति की भावना भरने में महत्वपूर्ण योगदान है। यह संगठन बच्चों में देश प्रेम,परोपकार तथा जरूरतमंदों की मदद करने हेतु प्रेरित करता है। जिससे वह भविष्य में संवेदनशील नागरिक बनकर देश और समाज के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें। राज्यपाल ने कहा कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स एक ऐसा अभियान है जो व्यक्ति से ज्यादा सेवा को प्रोत्साहित करता है। जीवन के सफर में आने वाली विभिन्न परिस्थितियों के समाधान हेतु हमेशा तैयार रहोे’ ही स्काउट्स एवं गाइड्स का उद्देश्य है। आनन्दी बेन पटेल ने भारत स्काउट्स एवं गाइड्स मुख्यालय नई दिल्ली द्वारा गांधी जी के जीवन दर्शन पर आयोजित वेबिनार को संबोधित किया। उन्होंने इस संगठन को उपयोगी सुझाव भी दिए।

संगठन की सदस्य संख्या बढ़ाने पर बल दिया। कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा देश भर में एक करोड़ वालंटियर बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश में भी इनकी संख्या बढ़ायी जायेगी। आनन्दी बेन ने बेटियों की शिक्षा पर पूरा ध्यान देने का आह्वान किया। कहा कि गांधी जी के देश में हम अब बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ का अभियान चला रहे हैं। गांधी जी ने बहुत पहले ही बेटियों की शिक्षा पर तब ध्यान दिया था,जब कोई इनकी शिक्षा की कल्पना भी नहीं करता था। उनके जीवन दर्शन से हमें अभी बहुत कुछ सीखने की जरूरत है। स्काउट्स एवं गाइड्स संगठन अपने शैक्षणिक प्रशिक्षण,खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और साहसिक गतिविधियों को अनुशासित माहौल में एकत्रित कर युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

डॉ. दिलीप अग्निहोत्री
डॉ. दिलीप अग्निहोत्री

About Samar Saleel

Check Also

आज का राशिफल: 23 अप्रैल 2024

मेष राशि: आज का दिन आपके लिए सुख व समृद्धि बढ़ाने वाला रहेगा। आपको किसी ...