Breaking News

सार्थक हुए राम मंदिर के लिए तरासे गए पत्थर

श्री रामलला विराजमान मंदिर निर्माण हेतु पत्थर तरासने का कार्य दशकों से चल रहा है। अब इनके सार्थक होने का समय आ गया है। इसी से संबंधित एक प्रसंग याद आया। राम प्रकाश गुप्ता प्रदेश के मुख्यमंत्री थे।

उस समय राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख रहे स्व अधीश कुमार जी के साथ मुझे भी अयोध्या जी जाने का अवसर मिला। मुख्यमंत्री राम प्रकाश गुप्ता जी से पत्रकारों ने राम मंदिर निर्माण के संबन्ध में प्रश्न किया था। एक लाइन में उन्होंने बड़ा सटीक जबाब दिया था। राम प्रकाश गुप्ता जी का इशारा तराशे जा रहे पत्थरों की तरफ था।

उन्होंने कहा कि ‘पत्थर तराशे जा रहे है, तो मंदिर ही बनेगा।’ इन चंद शब्दों में सम्पूर्ण भाव आ गया था। उस समय भी चम्पत राय जी कारसेवक पुरम की व्यवस्था देख रहे थे। पत्थर तराशने का कार्य तेज गति से चल रहा था। वहीं बने आश्रम में वह रहते थे। पत्थरों के एक एक कण से जैसे उनका लगाव था, उन्होंने अधीश जी को इस संबन्ध में पूरी जानकारी दी। उनके साथ पूरे कारसेवक पुरम का भ्रमण किसी मंदिर की परिक्रमा से कम नहीं था। गत दिवस एक वैसा ही दृश्य अपने को दोहरा रहा था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या जी गए थे। वह भी इस अभियान में प्रारंभ से जुड़े हुए है। उन्होंने भी तराशे गए पत्थरों को भावपूर्वक देखा। वही चम्पत राय जी थे,वह योगी आदित्यनाथ को एक एक पत्थरों के संबन्ध में जानकारी दे रहे थे। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विश्व जिस रूप में अयोध्या को देखना चाहता है, हम सभी को मिलकर अयोध्या का उससे भी भव्य रूप बनाना है।

दीपावली के बिना अयोध्या की कल्पना नहीं की जा सकती। जिस प्रकार एक बच्चे का जन्मोत्सव मनाया जाता है, उसी भूमि पूजन कार्यक्रम को महोत्सव के साथ भव्य रूप प्रदान करते हुए मनाया जाएगा। योगी ने इसमें सभी से सहयोग का आह्वान किया। कहा कि सभी लोग अपने घरों में और सन्त महात्मा अपने मन्दिरों में दीपोत्सव मनाएं।

डॉ. दिलीप अग्निहोत्री

About Samar Saleel

Check Also

अनूठा है सीएमएस का बाल फिल्मोत्सव, छात्रों-शिक्षकों व अभिभावकों की आम राय

लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल कानपुर रोड ऑडिटोरियम में चल रहे अन्तर्राष्ट्रीय बाल फिल्मोत्सव में 91 ...