Breaking News

सोमालिया में फंसे यूपी सहित कई राज्यो के 33 कामगारों की हुई स्वदेश वापसी

सोमालिया में फंसे 33 भारतीय कामगारों को स्वदेश लाने में भारतीय विदेश मंत्रालय को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। इस संबंध में केन्या स्थित भारतीय दूतावास ने अपने ऑफिशियल ट्वीटर हैंडल ‘इंडिया इन केन्या’ से ट्वीट कर जानकारी दी है। जिसमें बताया गया है कि बीते 15 दिसंबर को 11 कामगारों के पहले जत्थे को मेगादिशु से हवाई मार्ग द्वारा भारत के लिए रवाना कर दिया गया है।

11 कामगारों का पहला जत्था मेगादिशु हवाई मार्ग से पहुंचा भारत

भारतीय विदेश मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार 33 भारतीय नागरिक सोमालिया की जिस कंपनी में काम करते थे, उसने इनके वेतन का भुगतान नहीं किया था, जिससे वे वहीं फंसे हुए थे। बीते अकटूबर माह में इसकी जानकारी केन्या स्थित भारतीय मिशन को मिलने पर इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया गया।

उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और गुजरात के हैं कामगार

मिशन के अधिकारी केन्या से सोमालिया गए और विदेश विभाग की सहायता से अधिकारियों ने वहां कंपनी और कर्मचारियों से बात की। बातचीत के बाद, कंपनी के अधिकारी भारतीयों के लंबित वेतन के भुगतान के लिए सहमत हुए। साथ ही वे ऐसे लोगों को वापस भारत भेजने के लिए भी सहमत हो गए जो घर वापस जाना चाहते थे।

इस बारे में मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि ”भारतीय कामगारों के सुरक्षित वापसी के इस सकारात्मक कदम के लिए हम सोमालिया के आभारी हैं। पहले जत्थे के तौर पर अभी 33 में से 11 भारतीयों को स्वदेश लाया गया है। आने वाले कुछ सप्ताह में बाकी 22 भारतीय नागरिकों को भी वापस लाने में हम सफल रहेंगे। सभी कामगार उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और गुजरात के हैं।”

शाश्वत तिवारी
शाश्वत तिवारी

 

About Samar Saleel

Check Also

बसपा ने सपा को फिर पछाड़ने की जुगत लगाई, साइकिल की हवा निकालने के लिए नई रणनीति से घेराबंदी

लखनऊ:  बसपा ने सपा को पछाड़कर लोकसभा चुनाव में खुद को दूसरी सबसे ज्यादा सांसदों ...