Breaking News

नड्डा ने दिखाया विपक्ष को आइना

डॉ. दिलीप अग्निहोत्री

कोरोना के शुरुआती दौर में ही सरकार ने आपदा प्रबंध प्रारंभ कर दिया था। इसके दृष्टिगत अनेक कदम उठाए गए। सरकार ने अपने दायित्व का गम्भीरता के साथ निर्वाह किया। दूसरी ओर सत्तारूढ़ भाजपा ने भी अपने स्तर से आपदा राहत अभियान शुरू किया था। यह अभियान पूरे देश में प्रभावी रूप से संचालित हो रहा था। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा स्वयं इस अभियान की निगरानी कर रहे थे। अनेक अवसरों पर वह स्वयं भी इसमें सहभागिता कर रहे थे।

लखनऊ यात्रा के दौरान जेपी नड्डा ने इस पर भी विपक्षी पार्टियों को आइना दिखाया।उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान प्रधानमंत्री के आह्वान पर भाजपा ने सरकार के साथ खड़े होकर दिन रात काम किया। जबकि अन्य राजनीतिक पार्टियां आज तक लॉकडाउन में हैं। ये पार्टियाँ प्रेस कॉन्फ्रेंस के अलावा अन्य कोई काम नहीं करती है। इनकी सक्रियता ट्विटर तक सीमित थी। अब ऐसे दलों को जनता ही सबक सिखाएगी। अब समाज का काम है कि काम न करने वालों को आइसोलेशन और क्वारंटीन में रखे।

आत्मनिर्भर आंदोलन

कोरोना कालखंड में नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के आपदा प्रबंधन की प्रशंसा की दुनिया में प्रशंसा हो रही थी। भारत के आयुर्वेद, जीवन शैली और योग को सर्वाधिक कारगर माना गया था। इससे प्रेरित होकर नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर आभियान का शुभारंभ किया था। इसके लिए अब तक का सबसे बड़ा आर्थिक पैकेज भी दिया गया था।

जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने तो निर्भर भारत बना कर रखा था। मोदी जी ने आत्मनिर्भर भारत बनाया,जिसमें बीस लाख करोड़ रुपये निवेश होंगे। इसके अंतर्गत एक लाख करोड़ रुपये किसानों पर खर्च होंगे। एमएसएमई सेक्टर को हर तरह का समर्थन दिया जा रहा है। वोकल फॉर लोकल पर जोर दिया जा रहा है।

यूपी में उल्लेखनीय प्रगति

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों की व्यापक प्रशंसा होती रही है। जेपी नड्डा ने कहा कि विकास के साथ ही उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था में भी परिवर्तन आया है। पिछली सरकारों के समय यहां गुंडागर्दी हावी रहती थी। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश को यह पता लगा है कि लॉ एंड ऑर्डर होता क्या है।

माहौल में सुधार के कारण ही यहां विकास तेजी से बढ़ रहा है। अब तक का सबसे बड़ा निवेश विगत साढ़े तीन वर्ष में हुआ है। इसके अलावा केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी उत्तर प्रदेश का रिकार्ड शानदार रहा है।

About Samar Saleel

Check Also

कैम्पा कोला का नया कैंपेन लॉन्च, कोका कोला और पेप्सी को मिलेगी कड़ी टक्कर

• गर्मियों में कोक और पेप्सी को टक्कर देनें को तैयार है रिलायंस का कैम्पा ...