Breaking News

औरैया : जर्जर दीवार गिरने से महिला की मौत पुत्र घायल, दो जानवर भी मरे

औरैया। उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के फफूंद क्षेत्र के एक गांव में सोमवार की सुबह पड़ोसी की जर्जर दीवार गिरने से पड़ोसी महिला समेत उसके दो जानवरों की मौत गयी, जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया है। दीवार बहुत पुरानी और ककैय्या ईंट की बनी हुई थी।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज सुबह लगभग छः बजे थाना फफूंद क्षेत्र के गांव शेरपुर सरैया निवासी चन्द्र पाल यादव की पत्नी सिया बेटी (55) अपने पुत्र संजय (21) के साथ घर के सामने बंधे जानवरों को चारा दे रही थी। तभी सड़क के दूसरी तरफ बनी पड़ोसी यतेंद्र तिवारी के घर की दीवार गिर गयी। पड़ोसी के घर की दीवार काफी ऊंची थी जो गिरने से सड़क की दूसरी तरफ चन्द्र पाल यादव के चबूतरे से लेकर बरामदे तक जा गिरी। दीवार गिरने से उसके मलबे में सिया बेटी, उसका पुत्र संजय, एक गाय व एक भैंस दब गई।

बताया कि गिरी हुई दीवार बहुत ही पुरानी और ककय्या ईंटों की बनी हुई थी। दीवार को गारे मिट्टी से काफी ऊंचाई तक बनाया गया था। दीवार के भर-भराकर गिरने की आवाज सुनकर गांव वाले दौड़ पड़े और मलबे में दबी महिला और उसके पुत्र को निकाल कर अस्पताल ले गए। लेकिन महिला की रास्ते में ही मृत्यु हो गई, जबकि घायल संजय का इलाज चल रहा है।

वहीं एक गाय और भैंस की भी मृत्यु हो गई है। मृतका के दो पुत्र व तीन पुत्रियाँ है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। इस सम्बंध में थाना अध्यक्ष फफूंद राकेश शर्मा ने बताया कि जानवरों को चारा खिलाने के लिए महिला व उसका पुत्र गया था, उसी समय पड़ोसी की जर्जर दीवार गिरने से उसमे दब गए, जिसमें महिला की मृत्यु हो गई। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है।

रिपोर्ट-शिव प्रताप सिंह सेंगर 

About Samar Saleel

Check Also

75 गरीब बच्चों को पढ़ाने वाले सब इंस्पेक्टर रणजीत यादव छठवीं बार नई दिल्ली में होंगे सम्मानित

अयोध्या, (जय प्रकाश सिंह)। पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय अयोध्या (Inspector General of Police Office, Ayodhya) में ...