ओडिशा के रैपर अभिनव सिंह का निधन हो गया है। वे ‘जगरनॉट’ के नाम से मशहूर थे। कथित तौर पर अभिनव सिंह ने आत्महत्या की है। वे रहस्यमयी परिस्थितियों में बंगलूरू स्थित अपने किराए के अपार्टमेंड में मृत पाए गए। रैपर अभिनव सिंह के परिवार ने उनकी पत्नी और कई अन्य लोगों पर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
महज 32 साल थी अभिनव की उम्र
रैपर और इंजीनियर अभिनव सिंह की उम्र महज 32 साल थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अभिनव सिंह अपने बंगलूरू के कडुबीसनहल्ली स्थित किराए के अपार्टमेंट में मृत पाए गए। पुलिस ने मराठाहल्ली पुलिस स्टेशन में रैपर की मौत का मामला दर्ज किया है। शुरुआती जांच में अभिनव की मौत की वजह आत्महत्या बताई जा रही है। रैपर के निधन की खबर ने सभी को हैरान कर दिया है।
प्राइवेट कंपनी में करते थे नौकरी
‘जगरनॉट’ के नाम से लोकप्रिय रैपर के परिवार ने आरोप लगाया है कि वैवाहिक मतभेद और पत्नी के झूठे आरोपों के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अभिनव सिंह अपने किराए के अपार्टमेंट में मृत पाए गए। यह घटना रविवार रात को घटी। अभिनव बंगलूरू की एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे।
उड़िया रैप इंडस्ट्री का चर्चित चेहरा थे
रिपोर्ट्स में ऐसे दावे भी किए जा रहे हैं कि ‘जगरनॉट’ ने पत्नी के झूठे आरोपों से परेशान होकर जहर खाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। शुरुआती रिपोर्ट में आत्महत्या का अनुमान लगाया गया है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है और सही कारण जानने में जुटी है। ‘जगरनॉट’ के नाम से मशहूर अभिनव सिंह उड़िया रैप इंडस्ट्री का चर्चित चेहरा थे। उन्होंने कई मशहूर कलाकारों के साथ काम किया। इनमें मसी टोर (तन्मय साहू) का नाम भी शामिल है।