Breaking News

भाजपा ने गरीबों को झूठे सपने दिखाए, किसानों नौजवानों से झूठ बोला, अब जनता बदलाव चाहती है- अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने कहा है कि पांच साल के भाजपा राज में नौजवानों, किसानों, महिलाओं, व्यापारियों को बहुत तकलीफ उठानी पड़ी है। इसलिए अब जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ रहा है भाजपा के लोग जनता का सामना नहीं कर पा रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि यह देश का सबसे बड़ा चुनाव है। लोकतंत्र और संविधान को बचाने का भी यह चुनाव है।  

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर किसानों के लिए सिंचाई पूरी तरह से मुफ्त करेंगे। उसी तरह से बुनकरों के लिए बिजली फ्लैट रेट पर देने की व्यवस्था करेंगे। भाजपा सरकार में बाबा मुख्यमंत्री ने प्रदेश में एक भी यूनिट बिजली नहीं बनाई लेकिन बिजली महंगी कर दी। बिजली का बिल देखकर प्रदेश की जनता को करंट लगता है। सपा सरकार हर परिवार को 300 यूनिट घरेलू बिजली मुफ्त देगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी गरीबों, किसानों, नौजवानों, बुनकरों की मदद करने के लिए सरकार बनाना चाहती है। गरीब परिवार की बेटियों की शादी के लिए एक लाख रुपए देंगे। एम्बुलेंस सेवा दोगुनी होगी। समाजवादी पार्टी सभी को न्याय, सम्मान और अवसर देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा गरीबों को ठगने के लिए और उनका वोट लेने के लिए मार्च तक मुफ्त राशन दे रही है। भाजपा वोट लेने के बाद मुफ्त राशन बंद कर देगी। मुफ्त राशन के लिए केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार ने कोई बजट नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार गरीबों को 5 साल तक मुफ्त राशन देगी साथ में सरसों का तेल, पाउडर दूध और घी भी देंगे। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी जो वादा करती है उसे पूरा करती है। भाजपा झूठे वादे करती है। जुमलेबाजी करती है। भाजपा पिछड़ों, दलितों का हक छीनने का काम करती है।

उन्होंने ने यहभी कहा कि गत तीन सालों में बच्चों की पढ़ाई चौपट हो गई। बाबा पता नहीं 24 घंटे क्या काम करते रहे। प्रदेश के शिक्षा विभाग में ग्यारह लाख पद खाली है। 69 हजार अभ्यर्थियों ने खूब लाठी खाई। शिक्षामित्रों में कई बूढ़े हो गए। रोजगार सेवक, बीपीएड, बीएड, टेट वालों को समाजवादी सरकार में ही नौकरी मिलेगी। इन्होंने भाजपा पर भरोसा किया लेकिन भाजपा ने इन्हें धोखा दिया। उन्होंने सभी से अपने बूथ पर समाजवादी पार्टी की जीत सुनिश्चित करने को कहा है। गन्ना किसानों का भुगतान 15 दिनों में किया जाएगा। इसके लिए अलग से कार्पस फण्ड भी बनाना पड़ा तो बनाएंगे। तीन साल से फौज में भर्ती नहीं हुई। पुलिस में भी भर्ती निकालेंगे। गरीब महिलाओं को 1500 रूपये प्रतिमाह तथा 18 हजार रुपये वार्षिक पेंशन दी जाएगी। किसानों की फसल को एमएसपी पर खरीदा जाएगा और मंडिया बनाई जाएंगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के पक्ष में लहर देखकर भाजपा के नेता ठंडे पड़ गए हैं। पांच चरण के बाद तो उन्होंने अपने घरों से भाजपा के झंडे भी उतार दिए हैं। यादव ने कहा कि सपा सरकार में हम बीएड, टीईटी, बीपीएड शिक्षामित्र, रोजगार सेवक सभी की मदद करेंगे। भाजपा सरकार ने नौजवानों के भरोसे और सपनों को तोड़ दिया है। मुख्यमंत्री और उनके मंत्रियों ने खुद तो मलाई खाई और नौजवानों पर लाठियां चलवाई।

About reporter

Check Also

Lucknow Municipal Corporation का बजट सदन से पारित, पार्षदों की निधि 150 लाख रुपये से बढ़कर हुई 210 लाख रुपये प्रति वार्ड

लखनऊ। नगर निगम की सदन की बैठक (House Meeting) में मंगलवार को वित्तीय वर्ष 2025-26 ...