Breaking News

CAA विरोध: राजघाट पर जारी है प्रदर्शन, हिरासत में लिए गए भीम आर्मी चीफ

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ आज भी विरोध प्रदर्शन जारी है। आज प्रदर्शन कारी सुबह से ही राजघाट पर जमा होकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे पहले रात को दिल्ली पुलिस के मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया जा रहा था। दरियागंज इलाके में हिंसक प्रदर्शन और पुलिस पर हमला करने के आरोप में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर को शनिवार सुबह हिरासत में ले लिया गया है। दिल्ली के दरियागंज इलाके में प्रदर्शन करने वाले 40 लोगों को भी शुक्रवार रात को हिरासत में लिया गया था, जिसमें 8 नाबालिग भी शामिल थे। कोर्ट के आदेश के बाद में इन्हें छोड़ दिया गया है। बता दें कि चंद्रशेखर आजाद भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं के साथ जामा मस्जिद पहुंचे थे। प्रदर्शन के चलते वहां धारा 144 लगाई गई थी।

शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद विशाल प्रदर्शन किया गया। इस दौरान हर तरफ लोगों का हुजूम तो उमड़ा लेकिन, शांति बनी हुई थी। सीमापुरी में हिंसा की घटना हुई तो शाम के समय दरियागंज में डीसीपी ऑफिस के सामने एक वाहन में आग लगा दी गई। पुलिस ने पूरी चौकसी और चुस्ती के साथ स्थिति को संभाला और राजधानी में कहीं भी बड़ी घटना नहीं होने दी। इस दौरान मस्जिदों से भी ऐलान किया जाता रहा कि प्रदर्शनकारी शांति बनाए रखे।

कई दिनों से हो रहे विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को पूरी दिल्ली में भारी संख्या में पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों को तैनाती बनाए रखी। पूर्वी दिल्ली और जामा मस्जिद इलाके में पुलिस ने विशेष इंतजाम किए थे। पुलिस ने लगातार लोगों से शांति से प्रदर्शन की अपील की।

जामा मस्जिद इलाके में सुबह से ही भारी संख्या में लोगों के पहुंचने क्रम शुरू हो गया था। दोपहर होते-होते पूरा इलाका हजारों लोगों की भीड़ से पट गया। दोपहर करीब डेढ़ बजे मस्जिद में लोगों ने जुमे की नमाज पढ़ी, उसके बाद हाथों में तिरंगा लेकर जामा मस्जिद इलाके की सड़कों पर उतरकर एनआरसी और नागरिकता कानून के विरोध में नारेबाजी करने लगे। इस दौरान शाही इमाम सैय्यद अहमद बुखारी के साथ ही भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर उर्फ रावण भी पहुंच गए।

भीड़ में से कुछ लोग समूह बनाकर जंतर-मंतर जाने के लिए निकलने लगे तो पुलिस ने उनके दिल्ली गेट पहुंचने से पहले ही दरियागंज थाने के दोनों तरफ बेरिकेड लगाकर रोक लिया। प्रदर्शनकारी वहां से हटने को तैयार नहीं थे। पुलिस लगातार शांति बनाए रखने के लिए लाउड स्पीकर से अपील करती रही।

शाम करीब पांच बजे तक लोग वापस भी लौट गए, लगा सब सामान्य हो गया है। पुलिस ने बैरिकेड भी हटा लिए। अचानक शाम छह बजे प्रदर्शनकारियों का एक समूह दरियागंज थाना के सामने पहुंच गया और प्रदर्शन करने लगा। रोकने पर उन्होंने पुलिस पर पथराव करने के साथ ही एक कार में आग लगा दी।

About Aditya Jaiswal

Check Also

सभी मुस्लिमों को ओबीसी वर्ग में शामिल करने पर कर्नाटक सरकार के जवाब से संतुष्ट नहीं एनसीबीसी, भेजेगा समन

बंगलूरू :  कर्नाटक में पूरे मुस्लिम समुदाय को आरक्षण का लाभ देने के लिए ओबीसी ...