Breaking News

चतुरी चाचा के प्रपंच चबूतरे से….नए कानून ते मंडी खतम होय जइहैं!

चतुरी चाचा आज प्रपंच चबूतरे पर बड़ी प्रसन्न मुद्रा में बैठे थे। कोरोना काल में चतुरी चाचा के अपने नियम हैं। सभी परपंचियों के लिए मॉस्क लगाना ही नहीं, बल्कि एक दूसरे से दूर बैठना भी अनिवार्य है। चबूतरे पर विराजने से पहले साबुन से हाथ धोना जरूरी है। चतुरी चाचा चबूतरे के समीप पानी की बाल्टी, मग और साबुन पहले से ही रखवा देते हैं। साथ ही, चाचा अपने पास कुछ मॉस्क और सैनिटाइजर की शीशी भी रखते हैं।

चतुरी चाचा की जागरूकता और अनुशासन के कारण पूरा गांव कोविड-19 के नियमों का पालन कड़ाई से करता है। शायद यही वजह है कि हमारे गांव में आजतक किसी को कोरोना नहीं हुआ। जबकि आसपास के गांवों में कई लोग कोरोना से पीड़ित हो चुके हैं। मैं अपने पिछले वादे के मुताबिक सबसे पहले आ गया था। मेरे पीछे ही कासिम चचा व मुंशीजी पधारे थे। हम लोग बतकही शुरू करने ही जा रहे थे। तभी बड़के दद्दा व ककुवा भी चबूतरे पर आ गए।

चतुरी चाचा ने आज प्रपंच चबूतरे पर एक डलवा में लड्डू भी रखवाए थे। चाचा ने हम सबको दो-दो बेसन के लड्डू देते हुए बोले- सब जने मुँह मीठा कर लो। एक लड्डू प्रधानमंत्री के जन्मदिन का है। दूसरा लड्डू विश्वकर्मा पूजा का है। तुम सब लड्डू खाकर मीठी-मीठी बातें करो। आज चाय/काढ़ा मिलने से रहा। क्योंकि, मेरी बहुरिया कल शाम पोती चंदू के साथ अपने मायके चली गयी। वह आज दोपहर बाद वापस आएगी। वह अपनी मार्कशीट-डिग्री लेने गई है। अब उसमें सरकारी नौकरी करने की इच्छा जगी है। बहुरिया बता रही थी कि योगी सरकार बम्पर भर्तियां करने जा रही है। यूपी में छह महीने के अंदर हजारों-हजार युवाओं को नौकरी दी जाएगी।

ककुवा ने मोदी की चर्चा करते हुए बताया, परधानमंतरी हम ते चारि साल छवाट हयँ। टीवी मा द्याखा रहय कि अपने देस मा अउ विदेस मा बड़े उल्लास ते मोदी क्यार जन्मदिनु मनावा गवा। मुला, कांग्रेस मोदी क्यार जन्मदिनु बेरोजगारी दिवस केरे रूप मा मनाइस। विपक्षिन का विरोध करय खातिर वहय दिनु मिला रहय। अब तौ महाराष्ट्र, पंजाब अउ हरियाणा केरे किसनन का सड़क पय बैठाय दिहिन हय।

मुंशीजी ने बताया, केंद्र सरकार कृषि से जुड़े तीन बिल पास कर चुकी है। इसी को लेकर पंजाब, हरियाणा सहित अन्य राज्यों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इतना ही नहीं, बल्कि इसकी वजह से अकाली दल की एक केंद्रीय मंत्री ने अपना इस्तीफा भी दे दिया है। वहीं महाराष्ट्र में प्याज का निर्यात रोकने के विरोध में किसान धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।

ककुवा ने कहा, सही कहेव मुंशीजी। यहि का विरोध होय रहा। विपक्षी बतावत हयँ कि नए कानून ते मंडी खतम होय जइहैं। अब उपज क्यार सरकारी समर्थन मूल्य न मिलि। किसनन कय खेत पूंजीपति लयके खेती करिहैं। किसान भूमिहीन होय जइहैं। सरकार कहत हय कि यूह कुछु न होई। नए कानून ते किसनन का बड़ा लाभ होई। मंडी व्यवस्था बनी रही। सरकारी समर्थन मूल्य पहिलेक तना मिलि। हमरी तौ कुछु समझ नाहीं आय रहा। इमा साँच का हय। बड़के दद्दा ने कहा- मोदी सरकार ने किसान हित में उचित कदम उठाया है। विपक्षी दल किसानों को भ्रमित कर रहे हैं। नए बिल से किसान को हर तरह से लाभ ही होगा।

कासिम चचा ने विषय बदलते हुए कहा- छह महीने बाद कल से क्रिकेट शुरू हो गया। दुबई में आईपीएल का आगाज हो गया है। अब कुछ दिनों तक क्रिकेट देखने को मिलेगा। वरना, महीने भर से रिया-सुशांत, कंगना-शिवसेना प्रकरण ही देखने की मजबूरी थी। वैसे नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो शानदार काम कर रहा है। एनसीबी रिया और उसके भाई शौविक की निशानदेही पर तमाम ड्रग पेडलर्स को गिरफ्तार कर चुकी है। बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों पर ड्रग्स की तलवार लटक रही है। इसको लेकर बॉलीबुड दो गुटों में बंट गया है। कुछ जया बच्चन के साथ हैं। वहीं, अधिकतर कंगना रनौत के समर्थन में हैं।

हमने कहा- कोरोना के चलते खेलकूद सहित तमाम गतिविधियों पर रोक लग गयी थी। अब धीरे-धीरे सब बहाल होने लगा है। हालांकि, कोरोना भी विस्फोटक स्थिति में है। इस कोरोना काल में बॉलीवुड में महाभारत चल रहा है। इसी बीच यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने नोएडा में फ़िल्म सिटी बनाने का ऐलान कर दिया है। आखिर में चतुरी चाचा ने पूछा- रिपोर्टर, कोरोना की क्या स्थिति है? हमने बताया- विश्व में तीन करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना के शिकार बन चुके हैं। वहीं, भारत में भी 53 लाख का आंकड़ा पार हो चुका है। यूपी खासकर लखनऊ में बड़ी संख्या में लोग कोरोना के चंगुल में फंसते जा रहे हैं। कोरोना से मौतें बढ़ रही हैं। गनीमत यह है कि बड़ी संख्या में लोग ठीक भी हो रहे हैं। इसी के साथ आज की बतकही सम्पन्न हो गई। मैं अगले रविवार को फिर चतुरी चाचा के प्रपंच चबूतरे पर होने वाली पँचायत लेकर हाजिर रहूँगा। तब तक के लिए पँचव राम-राम!

नागेन्द्र बहादुर सिंह चौहान

About Samar Saleel

Check Also

आखिर क्यों मनाया जाता है विश्व धरोहर दिवस? जानें कैसे होता है स्मारकों का चयन

हर साल 18 अप्रैल के दिन विश्व धरोहर दिवस मनाया जाता है। इस खास दिन ...