Breaking News

बुंदेलखंड में व्यापक बदलाव

गत दिवस योगी आदित्यनाथ ने जालौन में बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे निर्मांण कार्य की समीक्षा की थी। उनका कहना था कि पहले बुंदेलखंड आने से लोग डरते थे,अब यहां आने के लिए लोग उत्सुक है। इनमें यहां निवेश करने वाले उद्योगपति भी शामिल है। वस्तुतः यह बुन्देलखण्ड में हो रहे सकारात्मक बदलाव का प्रमाण है। विगत चार वर्षों के दौरान बुंदेलखंड में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। पहले यहां हर घर नल से जल की कल्पना भी संभव नहीं थी। यह लोगों का सपना अवश्य था। लेकिन इसके साकार होने की किसी को आशा नहीं थी। केंद्र व प्रदेश की वर्तमान सरकारों के प्रयास से यह सपना साकार हो रहा है। कुछ समय पहले भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झांसी आये थे। तब अनेक स्थानों पर हर घर नल से जल परियोजना का शुभारंभ हुआ था। इसके अलावा कृषि व कनेक्टिविटी पर भी व्यपक प्रगति हो रही है। गत दिवस योगी आदित्यनाथ ने जालौन में बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे निर्मांण कार्य की समीक्षा की थी। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार बुन्देलखण्ड विकास के लिए प्रतिबद्ध है। विकास का कोई विकल्प नहीं है। बुन्देलखण्ड के विकास के लिए बड़ी संख्या में विकास परियोजनाएं संचालित करायी जा रही हैं। पूर्ववर्ती सरकारों द्वारा इस क्षेत्र के विकास में रुचि ली गयी होती तो आज बुन्देलखण्ड धरती का स्वर्ग होता।

लोकापर्ण व शिलान्यास

योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद झांसी के राजकीय इण्टर कॉलेज प्रांगण में झांसी मण्डल की छह सौ करोड़ रुपए से अधिक लागत की अट्ठत्तर विकास परियोजनाओं का लोकापर्ण एवं शिलान्यास किया। शिलान्यास की गयी परियोजनाओं में जनपद झांसी की इक्कीस, जालौन की सात तथा ललितपुर की तेरह तथा लोकार्पित परियोजनाओं में जनपद झांसी की चौबीस जालौन की ग्यारह तथा ललितपुर की दस परियोजनाएं सम्मिलित हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न लोककल्याणकारी परियोजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए।

किसान हित में कृषि कानून

योगी आदित्यनाथ ने पहले भी कहा था कि किसानों को भ्रमित करने के लिए कुछ लोग आंदोलन चला रहे है। इनकी सच्चाई अब सामने आने लगी है। किसान असलियत समझ रहे है। इसलिए आंदोलन के साथ वास्तविक किसान नहीं है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा बनाए गए तीनों कृषि कानून किसानों के हित में हैं। यह कृषि कानून वर्ष 2020 से ही लागू हो गये हैं,किन्तु आज तक न तो आज तक कोई मण्डी बन्द हुई, न ही किसी किसान की भूमि ली गयी और न ही एमएसपी पर कृषि उत्पादों पर खरीद बन्द हुई।

4 वर्ष में रिकार्ड खरीद

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य ने विगत चार वर्षाें में रिकार्ड खाद्यान्न किया है। प्रदेश सरकार द्वारा इस वर्ष न्यून्तम समर्थन मूल्य पर 68 मीट्रिक टन धान की खरीद की गयी है। पिछली सरकारों के मुकाबले यह बहुत अधिक है। बिडंबना यह कि आज ऐसे लोग अपने को किसान हितैषी बता रहे है। ये लोग किसानों के नाम पर चल रहे आंदोलन को समर्थन दे रहे है।

कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग से लाभ

मुख्यमंत्री ने कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग के पक्ष में उदाहरण दिया। कहा कि झांसी का बैद्यनाथ ग्रुप पिछले कई वर्षाें से कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग करा रहा है। किन्तु आज तक किसी किसान को नुकसान नहीं हुआ है बल्कि किसान को लाभ ही हुआ है। उन्होंने कहा कि बुन्देलखण्ड में पर्याप्त भूमि है। इससे इस क्षेत्र को सौर ऊर्जा का केन्द्र बनाया जा सकता है। यहां बनने वाली बिजली को बेचकर इस क्षेत्र का विकास किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के जो श्रमिक प्रदेश में या अन्य स्थानों अथवा विदेशों में कार्य करते हैं, उनका रजिस्ट्रेशन कराते हुए दो लाख रुपए का सुरक्षा बीमा तथा पांच लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा दिया जायेगा। प्रदेश सरकार ने तय किया है कि ऐसे श्रमिकों के दुर्घटनाग्रस्त होने पर परिवार को दो लाख रुपए की सहायता दी जायेगी। किसान व बटाईदार के आपदा या किसी दुर्घटना की चपेट में आने पर दो लाख रुपए की सहायता प्रदान की जायेगी।

कनेक्टीविटी विस्तार

राज्य सरकार द्वारा बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण कराया जा रहा है। इस क्षेत्र को एयर कनेक्टीविटी की सुविधा से भी जोड़ा जा रहा है। बुन्देलखण्ड की बेहतर कनेक्टीविटी इस क्षेत्र के विकास का आधार बनेगी। कनेक्टीविटी की सुविधा मिलने से डिफेन्स इण्डस्ट्रियल कॉरीडोर केन्द्र बिन्दु बन गया है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बुन्देलखण्ड कनेक्टीविटी की सम्भावनाओं को साकार करने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं।
जालौन में यमुना नदी पर पुल का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। यह आगामी सात माह में बनकर तैयार हो जायेगा। जनपद ललितपुर में बांधों की परियोजनाओं का शुभारम्भ किया गया है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से यहां के गांवों को लाभ होगा। उन्होंने परियोजनाओं की कार्यदायी संस्थाएं एक-एक गांव गोद लेकर उनका सर्वांगीण विकास करायेंगी।

महिला सुरक्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा,सम्मान, स्वावलम्बन के लिए प्रतिबद्ध है। जनपद झांसी के बलिनी मिल्क प्रोडक्शन समूह की कार्य पद्धति की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इसी तर्ज पर प्रदेश के अन्य मण्डलों में समूहों की स्थापना करायी जायगी। जनपद झांसी में गुरलीन चावला द्वारा स्ट्राबेरी की खेती की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास अन्य महिलाओं और किसानों द्वारा किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी गांव में राशन की दुकानों के निरस्त होने पर राशन वितरण का कार्य महिला स्वयं सहायता समूह को दिया जायेगा।

अन्ना समस्या का समाधान

राज्य सरकार ने बुन्देलखण्ड से नौजवानों के पलायन तथा अन्ना प्रथा के कारण फसलों को होने वाले नुकसान की समस्या का समाधान किया है। प्रत्येक ग्राम पंचायत पर गौशालाएं बनवायी गयीं। निराश्रित गाय के पालन के इच्छुक किसान को निराश्रित गाय के साथ उसके रख-रखाव के लिए प्रतिमाह नौ रुपए प्रतिमाह दिये जाने की व्यवस्था की गयी है। बच्चों में कुपोषण को दूर करने के लिए भी निराश्रित गाय के साथ नौ सौ रुपए प्रतिमाह दिये जाने की व्यवस्था की गयी है। देशी गाय की नस्ल सुधार के लिए कार्ययोजना बनायी जा रही है।

 

डॉ दिलीप अग्निहोत्री

 

About Aditya Jaiswal

Check Also

हाथरस जा सकते हैं राहुल गांधी, भगदड़ में घायल पीड़ितों से मिलेंगे; बांटेंगे दुख-दर्द

हाथरस: नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी सत्संग भगदड़ हादसे को लेकर हाथरस आ सकते हैं। वह ...