Breaking News

हत्या कर शव नदी में फेंका, पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज

औरैया। जनपद के दिबियापुर क्षेत्र में दो दिन पूर्व सेंगर नदी पुल के नीचे से बरामद महिला के शव की शिनाख्त के साथ ही मायके पक्ष ने महिला की हत्या कर शव को नदी में फेंके जाने का आरोप लगाते हुए पति समेत पांच ससुरालियों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

जानकारी के मुताबिक जनपद फर्रूखाबाद के ग्राम दुर्गपुर निवासी स्नेहलता पत्नी अवधेश सिंह राठौर ने कोतवाली में दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि उसने अपनी पुत्री का विवाह 16 अप्रैल 2019 को औरैया के ब्रहमनगर निवासी संजय सिंह पुत्र कृष्ण प्रताप सिंह के साथ वैदिक रीति रिवाज से किया था। शादी के दौरान उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार दान दहेज दिया था। मगर ससुरालीजन दिए गए दान दहेज से संतुष्ट नहीं थे।

इस पर उसकी पुत्री रुचि उर्फ यात्रा को पति संजय सिंह, जेठ सानू, जेठानी नेहा, सास गुड्डो व ससुर कृष्ण प्रताप सिंह शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर अतिरिक्त दहेज में तीन लाख रूपया व एक कार की मांग कर रहे थे। यह जानकारी उसकी पुत्री ने मायके आने पर बतायी थी, जिस पर रुचि के मामा व मौसा औरैया आये और ससुरालियों को समझाने का प्रयास किया, मगर वह लोग दहेज की मांग पर डटे रहे। रुचि के परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसके मामा व मौसा रुचि के ससुराल गए तो उन लोगों ने कहा संजय कि पूर्व पत्नी को हम लोगों ने मार कर गायब कर दिया था जो आज तक नहीं मिली। पैसे के दम पर हमने मुकदमा भी जीत लिया है और अपमानित करके उन्हें वहां से भगा दिया।

जिसके बाद 5 सितंबर 2020 की शाम करीब 5 बजे उसकी पुत्री का फोन आया जिसमें ससुरालीजन उसकी मारपीट कर रहे थे, जिसकी उसके पास रिकॉडिंग है। 6 सितंबर की सुबह 7 बजे चार पांच लोगों के साथ वह उसकी ससुराल ब्रह्मनगर पहुंची और पुत्री के संबंध में जानकारी की तो ससुरालियों ले कहा कि वह कहीं चली गई है। वह लोग 8 सितंबर की सुबह 10 बजे कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पहुंचे तो वही अखबार के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली कि एक महिला का शव रोहिली गांव के पास सेंगर नदी में मिला है।

जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वह लोग पीएम हाउस पहुंचे और शव की शिनाख्त रुचि उर्फ यात्रा के रूप में की। परिजनों ने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने दहेज की खातिर उसकी पुत्री की हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया है। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।

रिपोर्ट-अनुपमा सेंगर

About Samar Saleel

Check Also

Lucknow University: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 के कार्यक्रमों का शुभारंभ

Lucknow। लखनऊ विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ योग एंड अल्टरनेटिव मेडिसिन (Faculty of Yoga and Alternative ...