Breaking News

कई बार मांग करने के बावजूद अभी तक गन्ना मूल्य घोषित नहीं, किसानों की बजाय चीनी मिल मालिकों को लाभ पहुंचाने में जुटी सरकार- त्रिलोक त्यागी

लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुये कहा कि 23 दिसम्बर 2022 चौधरी चरण सिंह की जयन्ती तक राष्ट्रीय लोकदल का सदस्यता अभियान चल रहा था, अब संगठन की मजबूती के लिए वृहद स्तर पर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 14 फरवरी को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में किया जायेगा। श्री त्यागी ने प्रदेश सरकार की हठधर्मिता और राजशाही पर कटाक्ष करते हुये कहा कि वर्तमान पेराई सत्र समाप्त होने की कगार पर होने के बावजूद अभी तक गन्ना मूल्य घोषित नहीं किया गया। राष्ट्रीय लोकदल विगत कई महीने से किसान संदेश अभियान चला रहा है, जिसमें किसानों द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम संबोधित लगभग 1 लाख पत्र भेजे जा चुके हैं परन्तु अब तक गूंगी बहरी सरकार पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। उन्होंने कहा कि चीनी मिल मालिक भाजपा के अपने है और भाजपा उनसे धन उगाही करती है इसी कारण न तो गन्ने का बकाया भुगतान हो रहा है और न ही गन्ना मूल्य घोषित हो रहा है।

राष्ट्रीय महासचिव ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश की जनता से किये गये वादे पूरे न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बिजली का रेट चुनाव के समय आधा करने का वादा था परन्तु नहीं किया गया। बेरोजगारों की तादाद निरंतर बढ़ रही है। छात्रसंघों के चुनाव नहीं हो रहे हैं जिससे स्पष्ट है कि सरकार छात्रों को नेता नहीं बनने देना चाहती। छात्र हितों की बात करने वाले छात्रों पर लाठीचार्ज किया जाता है जिसका ज्वलंत उदाहरण इलाहाबाद विश्वविद्यालय है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा के प्रति पूर्ण रूप से उदासीन है यही कारण है कि वह बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन विद्यालयों का संचालन सुचारू रूप से नहीं कर रही है। शिक्षामित्रों का मानदेय सरकार ने कम कर दिया है जबकि शिक्षकों के समान ही उनसे कार्य लिया जा रहा है। इसलिए मानदेय बढाया जाय और षिक्षा माफिया पैदा करने पर रोक लगायी जाय।

नीतीश कुमार का बड़ा बयान, कहा हमारी पार्टी का कोई भी व्यक्ति…

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधों की बाढ़ आती जा रही है। बस में चढ़कर छात्रा को गोली मारी जा रही है जिससे स्पष्ट है कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा में फेल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यह सरकार संविधान का पालन नहीं करती है और राष्ट्रीय लोकदल संविधान विरोधी प्रत्येक ताकत का विरोध करता है। उन्होंने कहा कि दिनांक 12 फरवरी को चौधरी अजित सिंह की जयन्ती से 1 सप्ताह तक प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय के नेतृत्व में राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता गांव गांव द्वार द्वार जाकर सरकार की नाकामी को उजागर करेंगे। इस अवसर पर छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पांडेय के नेतृत्व में दर्जनों छात्र नेता रालोद में शामिल हुये।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय, राष्ट्रीय प्रवक्ता मो इस्लाम, राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल दुबे, राष्ट्रीय सचिव ओंकार सिंह, टीम आरएलडी के राष्ट्रीय संयोजक अनुपम मिश्रा, प्रदेश मीडिया प्रभारी सुरेन्द्रनाथ त्रिवेदी के अतिरिक्त व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष आरिफ महमूद, प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक चौहान व रालोद नेता जितेंद्र सिंह सहित कई नेता उपस्थित रहे।

About Samar Saleel

Check Also

विश्वनाथ मंदिर में अब नहीं होगी मन्नत की हौद भराई, 580 लीटर दूध से भरा जाता था अरघा

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में अब हौद भराई पूजा पर रोक लगा दी गई है। ...