Breaking News

भारत आएंगे मिस्र के राष्ट्रपति, आधा दर्जन समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद

भारत और मिस्र के संबंध साझा सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित हैं और दोनों देश बहुस्तारीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर करीबी रूप से सहयोग कर रहे हैं। इसी क्रम को आगे बढ़ाए सिलसिले से मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी तीन दिवसीय यात्रा पर भारत आ रहे हैं। इस दौरान दोनों देशें के बीच कृषि, साइबर सुरक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी सहित अन्य क्षेत्रों में आधा दर्जन समझौते होने की उम्मीद है। विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी है कि अल-सीसी 24 से 26 जनवरी तक भारत यात्रा पर रहेंगे, जिस दौरान वह गणतंत्र दिवस परेड भी देखेंगे। बयान में कहा गया है कि मिस्र के राष्ट्रपति अपनी भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से विविधि विषयों पर विस्तृत चर्चा करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि पीएम मोदी और राष्ट्रपति अल-सीसी के बीच 25 जनवरी को वार्ता के बाद दोनों देशों में कृषि, साइबर सुरक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी सहित अन्य क्षेत्रों में आधा दर्जन समझौते होने की उम्मीद है। इसके अलावा भारत और मिस्र के बीच रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग को मजबूत बनाने के बारे में भी चर्चा होने की संभावना है। विदेश मंत्री एय जयशंकर भी राष्ट्रपति अल-सीसी से भेंट करेंगे। मिस्र के राष्ट्रपति के दौरे से दोनों देशों के बीच समय की कसौटी पर खरे उतरे संबंधों को और मजबूती मिलेगी।

भारत और मिस्र के बीच पिछले कुछ वर्षों में द्विपक्षीय कारोबार भी बढ़ा है। वर्ष 2021-22 में भारत और मिस्र के बीच कारोबार ‘रिकार्ड 7.26 अरब डॉलर रहा। इसमें भारत से मिस्र को निर्यात 3.74 अरब डॉलर का है और मिस्र से भारत में आयात 3.52 अरब डॉलर का है। बयान में कहा गया है कि भारत की 50 से अधिक कंपनियों ने मिस्र की अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों में करीब 3.15 अरब डॉलर का निवेश किया है।

अल-सीसी के साथ एक उच्च स्तरीय शिष्टमंडल भारत आएगा, जिसमें पांच मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। मिस्र के राष्ट्रपति इससे पहले अक्टूबर 2015 में तीसरे भारत अफ्रीका मंच शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आए थे। इसके बाद उन्होंने सितंबर 2016 में भारत की यात्रा की थी। यह पहला मौका है जब मिस्र के राष्ट्रपति को भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है।

रिपोर्ट: शाश्वत तिवारी

About Samar Saleel

Check Also

कतर से रिहा होकर लौटे सौरभ और उनके पिता ने PM को लिखा पत्र, कहा- उम्मीद थी कोई कसर नहीं छोड़ेंगे

नई दिल्ली: कतर ने जिन आठ भारतीय नौसेना के पूर्व कर्मचारियों को मौत की सजा ...