फ्रांसीसी रक्षा मंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने गुरुवार को कहा कि फ्रांस यूक्रेन को सैन्य खुफिया जानकारी प्रदान कर रहा है। लेकोर्नू का यह बयान तब आया है, जब अमेरिका ने कीव के साथ जानकारी साझा करने पर रोक लगा दी है।
अमेरिका ने खुफिया जानकारी साझा करने पर लगाई रोक
अमेरिका ने बुधवार को कहा कि उसने यूक्रेन के साथ अपनी खुफिया जानकारी साझा करने पर रोक लगा दी है। इससे महत्वपूर्ण जानकारी का प्रवाह बंद हो गया है। अमेरिकी खुफिया जानकारी यूक्रेन को रूसी सुरक्षा बलों को निशाना बनाने में मदद कर रही थी। लेकिन ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि वॉशिंगटन और कीव के बीच सकारात्मक बातचीत का मतलब यह हो सकता है कि यह रोक थोड़े समय के लिए है।
‘यूक्रेन के साथ जानकारी साझा कर रहा फ्रांस’
रूसी सैनिकों की गतिविधियों की निगरानी करने और उन्हें निशाना बनाने के लिए अमेरिकी खुफिया जानकारी यूक्रेन के लिए महत्वपूर्ण है। लेकोर्नू ने आज ‘फ्रांस इंटर’ रेडियो से बातचीत में कहा कि उनका देश अपनी खुफिया जानकारी यूक्रेन के साथ साझा कर रहा है। उन्होंने कहा, हमारी खुफिया जानकारी पूरी तरह से स्वतंत्र है। हमारे पास ऐसी जानकारी है, जिसे हम यूक्रेन के लाभ के लिए प्रदान करते हैं।
राष्ट्रपति मैक्रों ने तेजी से मदद भेजने को कहा: लेकोर्नू
लेकोर्नू ने यह भी बताया कि अमेरिका के फैसले के बाद फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने उन्हें विभिन्न प्रकार सहायता को तेजी से भेजने को कहा, ताकि अमेरिकी मदद की कमी को पूरा किया जा सके। लेकोर्नू ने यह भी कहा कि अमेरिका के फैसले के बाद पोलैंड से यूक्रेन को भेजी जाने वाली सहायता रोक दी गई है। हालांकि, यूक्रेन के लोगों को तीन साल के युद्ध का अनुभव है और वह मदद का भंडारण कैसे करना है, इस चीज को जानते हैं।