Breaking News

व्यवस्था के प्रति सजग सरकार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कानून व्यवस्था के प्रति शुरू से गम्भीर रहे है। सरकार गठित होने के फौरन बाद ही उन्होंने इस संबन्ध में वादा किया था। उनका कहना था कि बेहतर व्यवस्था उनकी पहली प्राथमिकता है। क्योंकि इसी के बाद ही प्रदेश का विकास हो सकता है। पहले खराब व्यवस्था के कारण ही निवेशक उत्तर प्रदेश नहीं आना चाहते थे। योगी ने अपने इस वादे पर अमल किया। प्रदेश में बेहतर माहौल बनाने के लिए कदम उठाए। इसके बाद यहां इन्वेस्टर्स समिट आदि के सफल आयोजन हुए। जिसमें निवेशकों ने बहुत रुचि दिखाई।

योगी ने पुलिस स्मृति दिवस पर कहा कि विभिन्न जनपदों में इक्कीस नये पुलिस थानों एवं नौ नयी पुलिस चैकियों की स्थापना की गयी है। बेहतर रणनीति एवं सम्यक सुरक्षात्मक प्रबंधन द्वारा प्रदेश पुलिस ने कानून व्यवस्था की विभिन्न चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर शान्ति व्यवस्था एवं अपराध स्थिति को सर्वथा नियंत्रित रखा है। राज्य सरकार की अपराध एवं अपराधियों के प्रति जीरो टाॅलरेंस की नीति है। इसके परिणामस्वरूप विभिन्न जनपदों में दुर्दान्त अपराधियों के विरुद्ध कार्यवाही के दौरान एक सौ पच्चीस अपराधी मुठभेड़ में मारे गये एवं करीब ढाई हजार घायल हुए।

इस कार्यवाही में पुलिस बल के तेरह जवानों ने अप्रतिम शौर्य का प्रदर्शन करते हुए वीरगति प्राप्त की और नौ सौ अट्ठासी पुलिस कर्मी घायल हुए। इसी अवधि में साढ़े नौ हजार से अधिक पुरस्कार घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। वर्तमान में प्रदेश में कोई ऐसा संगठित अपराधी नहीं है जो जेल के बाहर स्वच्छन्द विचरण कर रहा हो। ऐसे अपराधी या तो जेल भेज दिये गये हैं अथवा गिरफ्तारी के दौरान आत्मरक्षार्थ पुलिस कार्यवाही में मारे गये हैं। प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता तथा पुलिस के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में साम्प्रदायिक सौहार्द का वातावरण कायम है। सभी वर्गों में आपसी सौहार्द एवं समरसता अक्षुण्ण है। सभी प्रमुख पर्वाें एवं अन्य आयोजनों को शान्तिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराकर प्रदेश पुलिस ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है। उन्होंने इसके लिए पुलिस बल को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं एवं बच्चों का उत्पीड़न रोकने, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों को नियंत्रित करने, उन्हें यथावश्यक सहयोग प्रदान करने तथा महिलाओं के सशक्तीकरण के उद्देश्य से महिला सम्मान प्रकोष्ठ, महिला सहायता प्रकोष्ठ,‘1090’ महिलाओं से सम्बन्धित लोक शिकायत में प्राप्त होने वाली शिकायतों को सम्मिलित कर महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन की स्थापना की गयी है।

बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन के उद्देश्य से प्रदेश में मिशन शक्ति अभियान संचालित किया जा रहा है। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन से प्रारम्भ ‘मिशन शक्ति’ अभियान प्रदेश में आगामी चैत्र नवरात्रि तक चलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा हेतु एन्टी रोमियो स्क्वाड’ द्वारा अनवरत अभियान चलाया जा रहा है। इससे महिलाओं विशेषकर छात्राओं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ हुई है। केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की तर्ज पर उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल का गठन किया गया है।

गैंगस्टर अधिनियम के अन्तर्गत कुल पांच सौ छियानबे करोड़ रुपये मूल्य की चल अचल सम्पत्तियों के जब्तीकरण की कार्यवाही की गयी। इससे समाज में एक बेहतर संदेश गया है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आतंकवादी संगठनों को पांव जमाने का कोई अवसर नहीं दिया गया। इसकी परिणति यह रही कि पिछले साढ़े तीन वर्षों के दौरान प्रदेश में कोई भी आतंकी घटना घटित नहीं हुई है। प्रदेश सरकार माफियाओं और गुण्डों से जनता को छुटकारा दिलाने के लिए कृतसंकल्पित है। सरकार पुलिस कर्मियों और शहीदों के परिजनों की सुविधा हेतु भी प्रयास कर रही है।

डॉ. दिलीप अग्निहोत्री
डॉ. दिलीप अग्निहोत्री

About Samar Saleel

Check Also

लखनऊ को और बेहतर, और अधिक सुन्दर बनाने के लिये करें वोट- पंकज सिंह

• प्रबुद्ध वर्ग, चिकित्सकों, केमिस्टों और वरिष्ठ व्यापारियों के अनुरोध पर चाय पर चर्चा में ...