चीन के वुहान प्रांत से फैले करॉना वायरस ने अब पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया है। चीन से सटे पड़ोसी देशों ने कई सख्त कदम उठाए हैं। इस बीच, भारत में भी इस खतरनाक वायरस का एक संदिग्ध मामला सामने आने की खबर है। दरअसल, चीन से एमबीबीएस की पढ़ाई कर लौटे एक डॉक्टर को करॉना वायरस से संक्रमित होने की आशंका में जयपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल में भर्ती कराए गए इस डॉक्टर को एक अलग वॉर्ड में रखा गया है। राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री डॉ रघु शर्मा ने अस्पताल प्रशासन को डॉक्टर के परिवार के पूरे सदस्यों की जांच करने का आदेश दिया है। बता दें कि अबतक इस खतरनाक वायरस से 80 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
डॉ शर्मा ने संदिग्ध मरीज के नमूने को तत्काल पुणे स्थित नैशनल वायरोलॉजी लैब भिजवाने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, राज्य के 4 जिलों में 18 व्यक्ति चीन की यात्रा से लौटे हैं। संबंधित चारों जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ अधिकारियों को इन सभी को 28 दिनों तक लगातार निगरानी में रखने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं रिपोर्ट्स के अनुसार बिहार में भी एक लड़की के इसकी चपेट में होने की आशंका है। जानकारी के अनुसार बिहार के छपरा में एक लड़की के कोरोनावायरस की चपेट में होने की आशंका के चलते सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां से आज उसे पीएमसीएच लाया जाएगा। लड़की चीन से पढ़ाई करके लौटी है। पटना के सिविल सर्जन डॉक्टर विनय कुमार यादव ने बताया कि चीन में न्यूरो साइंस में पीएचडी करने वाली छात्रा 22 जनवरी को छपरा लौटी थी। तबीयत खराब होने पर उसे आइसोलेटिड वार्ड में भर्ती कराया गया। छपरा में इस वायरस की जांच की व्यवस्था नहीं है इसलिए अब उसे पटना लाया जा रहा है।
देश के हवाईअड्डों पर यात्रियों की हो रही जांच
देश के 7 हवाईअड्डों पर करॉना वायरस पर एहतियातन 137 उड़ानों से आए 29,000 से अधिक यात्रियों की जांच की गई है लेकिन अब तक एक भी केस पॉजिटिव नहीं पाया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने ट्वीट कर बताया, ‘137 उड़ानों के 29,707 यात्रियों की जांच की गई। रविवार को 22 उड़ानों के 4,359 यात्रियों की जांच की गई। करॉना वायरस संक्रमण का अभी तक कोई मामला सामने नहीं आया।’ मंत्रालय ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘नेपाल में करॉना वायरस के एक मामले की पुष्टि होने के मद्देनजर भारत ने नेपाल की सीमा से सटे जिलों में सतर्कता बढ़ा दी है। उत्तराखंड में पिथौरागढ़ जिले के झूलाघाट और जौलजीबी में नेपाल के साथ लगती सीमा पर स्वास्थ्य दल तैनात किए गए हैं।’