Breaking News

उत्तर रेलवे मंडल कार्यालय में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन

लखनऊ। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, उत्तर रेलवे, लखनऊ में 08 जुलाई को मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सुरेश कुमार सपरा, मंडल रेल प्रबंधक ने की। बैठक में मंडल पर राजभाषा प्रगति की समीक्षा की गई। राहुल देव, मंडल वित्त प्रबंधक सह राजभाषा अधिकारी ने मंडल पर राजभाषा संबंधी तिमाही प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत की।

मंडल रेल प्रबंधक ने निर्देश दिया कि मंडल पर राजभाषा संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। स्टेशनों तथा रेल कार्यालयों में स्थित हिंदी पुस्तकालयों को सुसज्जित कर उन्हें लोकोपयोगी बनाया जाय। पुस्तकालयों के बाहर पुस्तकालयाध्यक्षों के नाम तथा पुस्तकालय खुलने का समय प्रदर्शित किया जाए। पुस्तकालयों में रेलकर्मियों द्वारा लिखी पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं। मंडल पर प्रकाशित होने वाली राजभाषा पत्रिका ‘सारंग’ में जानकारीपरक तकनीकी लेख प्रकाशित किए जाएं तथा प्रकाशन से पूर्व सामग्री की समेकित जांच की जाए ताकि वह रेलकर्मियों के लिए अधिक उपयोगी सिद्ध हो सके।

सभी शाखा अधिकारी अपने विभाग से संबंधित प्रकाशन सामग्री राजभाषा विभाग को उपलब्ध कराएं। मंडल रेल प्रबंधक महोदय ने आगे कहा कि ई-ऑफिस में हिंदी में कार्य करना बहुत आसान है। सभी कर्मी इसमें राजभाषा का प्रयोग करें। कंप्यूटर तथा अन्य तकनीकी उपकरणों व माध्यमों में राजभाषा हिंदी के उपयोग पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएं। सभी स्टेशनों पर निश्चितरूप से स्टेशन संचालन नियम हिंदी में उपलब्ध कराए जाएं। मंडल पर बनाए जाने वाले आरेख आदि हिंदी में बनाए जाएं तथा टेंडर हिंदी में जारी किए जाएं।

अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक/।।। वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि लखनऊ मंडल को राजभाषा में उत्कृष्ट कार्य करने तथा कार्यशालाओं के आयोजन और राजभाषा पत्रिका ‘सारंग’ के प्रकाशन हेतु नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति द्वारा उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल को द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। पिछले दिनों उत्तर रेलवे प्रधान कार्यालय में महप्रबंधक महोदय की अध्यक्षता में आयोजित क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक में भी राजभाषा के कार्यों हेतु लखनऊ मंडल की प्रशंसा की गई थी।

इस अवसर पर सरकारी कामकाज (टिप्पण/आलेखन) मूलरूप से हिंदी में करने के लिए प्रोत्साहन योजना (20/10 हज़ार शब्दों वाली योजना) के अंतर्गत मंडल के 18 कर्मियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। बैठक में जयंत कुमार चौधरी, अपर मंडल रेल प्रबंधक तथा अश्विनी श्रीवास्तव, अपर मंडल रेल प्रबंधक/।। सहित सभी शाखा अधिकारी सम्मिलित हुए।

रिपोर्ट – दया शंकर चौधरी

About reporter

Check Also

अयोध्या और काशी ने लक्ष्य पा लिया है, अब ब्रज की बारी है- योगी

• मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, फतेहपुर सीकरी के सांसद ...