Breaking News

कहा- गोकशी के बारे में सोचने वालों के लिए खोल दिए जाएंगे जहन्नुम के द्वार

बरेली:  बरेली के फरीदपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में अल्पसंख्यकों को खाने-पीने की स्वतंत्रता देने की बात कही है। दरअसल, अल्पसंख्यक समाज को गोमांस पसंद है लेकिन हम ऐसा होने नहीं देंगे। हम गोमाता की रक्षा के लिए जान भी देंगे। गोकशी तो दूर की बात, प्रदेश में कोई इसके बारे में सोचेगा भी तो उसके लिए जहन्नुम के द्वार खोल दिए जाएंगे।

आंवला लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी धर्मेंद्र कश्यप के समर्थन में फरीदपुर कस्बे में शुक्रवार को आयोजित विजय संकल्प रैली में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अयोध्या के महाराज दिलीप ने गो माता को शेर के मुंह से छुड़ाया था। ऐसे धर्मात्माओं ने भारत माता की धरती पर जन्म लिया है।

विपक्षी गठबंधन पर बरसे
उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस और इंडी गठबंधन में शामिल दल बोलते थे कि राम हुए ही नहीं। जब रामलला का दिव्य, भव्य और नव्य मंदिर बन गया तो कहते हैं राम सबके हैं। यह इनका दोहरा चरित्र है। ऐसे ही चुनाव के समय आप इनके माई-बाप हैं और चुनाव खत्म होते ही यह आपको पहचानेंगे भी नहीं। सपा, बसपा और कांग्रेस का काम झूठ बोलना है।

सीएम योगी ने कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद की भट्ठी है। उसने इस भट्ठी को सुलगाया है और आज वही इसमें जल रहा है। पाकिस्तान कांग्रेस के लोगों की तारीफ कर रहा है। पुलवामा में जवानों की शहादत पर खुशी मनाने वाले लोग कांग्रेस के शहजादे राहुल गांधी की तारीफ कर रहे हैं। वे राहुल गांधी को समर्थन देने की बात कह रहे हैं। ऐसे में आपको सतर्क रहने की जरूरत है।

भारतवासियों के लिए लोकतंत्र का पर्व गौरव का क्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के तीसरे चरण में आपको मतदान करना है। हर भारतवासी के लिए लोकतंत्र का पर्व गौरव का क्षण होता है। यह पर्व अपनी पसंद की सरकार चुनने का अधिकार देता है। अगर सरकार गलत काम करती है तो उसे सत्ता से हटाने की ताकत जनता के पास है। कोई अच्छा काम करता है तो उसे सत्ता सौंपने का काम भी जनता करती है। इसलिए इसमें भागीदार बनना है।

About News Desk (P)

Check Also

देवबंद में NIA और ATS की छापेमारी, बिहार के युवक को साथ ले गई टीम, विदेशी फंडिंग का शक

देवबंद:  राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) व आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) ने संयुक्त रूप से छापा ...