Breaking News

समाज में दूरी पैदा करना और नफरत फैलाना भाजपा का एजेण्डा : अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र में भय पैदाकर सत्ता में बने रहना चाहती है। समाज में दूरी पैदा करना और नफरत फैलाना भाजपा का एजेण्डा है और इन्हीं के बल पर वह अपनी सत्ता केन्द्रित राजनीति करती है। इससे उन सभी को सावधान रहना चाहिए जो संविधान, लोकतंत्र, समाजवाद और धर्म निरपेक्षता के लिए प्रतिबद्ध है। ये बात अखिलेश यादव ने आज यहां पार्टी मुख्यालय सैकड़ों कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करने के दौरान कही। उन्होंने कहा कि भाजपा आरएसएस से निर्देशित होती है जिसकी पूरी विचारधाराएं समाज को बांटने वाली हैं। भाजपा आरएसएस ने मिलकर देश की राजनीति को प्रदूषित किया है। लोकतंत्र के लिए यह खतरे की घंटी है।

श्री यादव ने कहा कि भाजपा कभी विकास की राजनीति नहीं कर सकती है। समाजवादी सरकार ने जो विकास कार्य किए थे उनके विरूद्ध साजिश और कुप्रचार करना ही उसका काम है। जनहित का कोई काम उसने अब तक नहीं किया है सिर्फ सत्ता में बने रहने की कला में ही वह पारंगत है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने झूठे वादे और नकली सपने दिखाकर सत्ता हासिल की किन्तु उसने अपना एक भी वादा नहीं निभाया है। भ्रष्टाचार मिटा नहीं, उसका विस्तार हुआ है। भाजपा के शौचालयों में पानी नहीं और मेधावियों को लैपटाप देने को सरकार के पास न तो पैसा है और नहीं नीयत हैं। उत्तर प्रदेश में तो मंत्रिमण्डल के सदस्य ही आरोप लगाने वालों में रहे हैं। आतंकवाद और कालाधन दोनों का खात्मा नहीं हुआ। नोटबंदी और जीएसटी से क्या फायदा मिला? बाजार और खेत दोनों की हालत खराब है। पेट्रोल-डीजल के बाद अब बिजली की दरों में भी भारी वृद्धि कर जनता की कमर तोड़ दी है।

श्री यादव ने कहा कि भाजपा राज में कानून व्यवस्था की स्थिति बहुत चिंताजनक है। आए दिन महिलाओं और बच्चियों से बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं। नौजवान बेकारी के शिकार हैं। प्रदेश में किसान, शिक्षामित्र और पुलिस वाले भी आत्महत्या कर रहे हैं। भाजपा के कारनामों से पूरे देश में यूपी की बदनामी हो रही है। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवायें पटरी से उतरी हुई है।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में निर्दोषों को झूठे आरोपों में फंसाकर अन्याय हो रहा है। फर्जी एनकाउण्डटर हो रहे हैं। समाजवादी सरकार के कार्यकाल में जनहित की जो योजनाएं लागू की थीं वे सब बर्बाद हो गई है। राज्य सरकार सिर्फ पहले के शिलान्यास और उद्घाटन का फिर शिलान्यास एवं उद्घाटन करके ही अपने कर्तव्य की इतिश्री मान ले रही है। जनता को धोखा देने और उसके साथ छल करने की भाजपा के चरित्र से पूरा देश परिचित हो गया है।

सपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा आह्वान किया कि वे बूथस्तर पर जाकर मतदाता सूची में नए नाम शामिल कराएं और समाजवादी प्रसार अभियान के तहत नए सदस्य बनाएं। ज्यादा से ज्यादा लोगों को समाजवादी पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों से जोड़ने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि संगठन में ही शक्ति होती है इसलिए सन् 2022 की तैयारी में अभी से जुट जाएं।

About Samar Saleel

Check Also

विश्वनाथ मंदिर में अब नहीं होगी मन्नत की हौद भराई, 580 लीटर दूध से भरा जाता था अरघा

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में अब हौद भराई पूजा पर रोक लगा दी गई है। ...