Breaking News

अखिलेश यादव ने जनता का किया आवाह्न, बोले- जनता भाजपा वालों की जमानत करा दे ज़ब्त

उत्तर प्रदेश। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवारा को, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महाराजगंज में कई जनसभाओं को सम्बोधित किया। उन्होंने समाजवादी पार्टी और गठबंधन के सहयोगी दलों के प्रत्याशियों को विधानसभा चुनावों में भारी मतों से जिताने की पुरजोर अपील की। उन्होंने कहा भाजपा सरकार ने महंगाई, बेरोजगारी और जनता की परेशानी बढ़ाई है। भाजपा झूठ बोलने वाली और नफरत फैलाने वाली पार्टी है। भाजपा शासन में विकास कभी नहीं हो सकता है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के नेता झूठ बोलते हैं। जनता को झूठे सपने दिखाए, लेकिन काम कुछ नहीं किया। मिसाइल बनाने का वादा करने वालों ने आज तक एक माचिस भी नहीं बनाई है। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं चौपट हो गई। नौजवानों की नौकरियां छिन गई। किसान बर्बाद हुआ है। किसानों की फसलों की लूट हुई है। गौशालाओं में हजारों करोड़ के बजट की लूट हो गई। भाजपा सरकार में गौशालाओं के लिए भूसे के नाम पर भ्रष्टाचार हुआ है।

अखिलेश यादव ने जनता का सम्बोधित किया कि वह भाजपा वालों की जमानत जब्त करा दें। ऐसा नहीं हुआ तो फिर क्या जिताया? उन्होंने कहा कि यह चुनाव आगे की पीढ़ी के भविष्य के लिए भी है। लोकतंत्र और संविधान खतरे में है। भाजपा का हर फैसला जनता पर भारी पड़ रहा है। नोटबंदी, जीएसटी से अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में विकास का काम होता है, और नौजवानों को नौकरी-रोजगार दिया जाता है। भाजपा के लोग गर्मी निकालने की बात करते है। हमारा वादा है कि सपा सरकार में नौकरियां निकालेंगे। प्रदेश में सरकारी विभागों में 11 लाख पद खाली हैं। हम भर्ती निकालकर नौजवानों को नौकरी देंगे। आईटी के क्षेत्र को बढ़ाएंगे। 22 लाख नौकरी और रोजगार का सृजन करेंगे। पुलिस विभाग में भर्ती निकालकर नौजवानों को वर्दी पहनाएंगे।

अखिलेश ने कहा कि तीन काले कानून लाकर भाजपा सरकार ने किसानों को तबाह करने की साजिश रची। किसानों ने तीन काले कानूनों के खिलाफ आंदोलन किया। आंदोलन में 700 किसान शहीद हुए। भाजपा सरकार और उनके लोगों ने किसानों के साथ जो दुर्व्यवहार किया है उसके लिए किसान और नौजवान भाजपा को कभी माफ नहीं करेगा। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि विधानसभा चुनाव में पहले चरण से लेकर आखिरी चरण तक जनता ने भाजपा का सफाया करना तय कर लिया है। जनता अभूतपूर्व बदलाव करने जा रही है। इसीलिए, भाजपा नेताओं की भाषा बदल गई है। इनसे सावधान रहना है। झूठ बोलना और झूठे वादे करना, जनता को धोखा देना यही इनका काम है।

अखिलेश यादव ने कहा कि जनता ने फैसला ले लिया है कि बाबा जी को मठ में भेज देंगे। भाजपा के लोग हमारे और आपके बीच खाई पैदा करते है। यह वही लोग हैं जो मलाई खा रहे हैं। समाजवादी सरकार बनने पर सबसे पहले जातीय जनगणना कराकर सबको आबादी के हिसाब से हक़ और सम्मान देने का काम करेंगे।

About reporter

Check Also

वायु प्रदूषण से फेफड़े के अलावा इन अंगों को भी होता है नुकसान, कम हो सकती है बौद्धिक क्षमता

लाइफस्टाइल-आहार में गड़बड़ी के कारण पिछले एक-दो दशकों में कई प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं का ...