Breaking News

2022 में महान दल के साथ बनाएंगे सरकार : अखिलेश यादव

लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव में छोटे दलों के साथ गणबंधन की मुहिम को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने धार देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में आज लखनऊ में समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में महान दल ने अपना सम्मेलन किया, जिसमें बतौर मुख्य अतिथि अखिलेश यादव मौजूद रहे। इस मौके पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2022 में सपा और महान दल की सरकार बनने जा रही है। हमारी सरकार बनने पर प्रदेश में सबसे पहले जातीय जनगणना कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनी तो प्रदेश में कोरोना काल में हुई मौतों की भी जांच कराई जाएगी। कोरोना से जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों की सरकार मदद भी करेगी।

जातीय जनगणना पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि इसके लिए सिर्फ 100-200 टेलीफोन लाइनें लगानी होंगी। इसके बाद लोगों को फोन करके उनसे उनकी जाति के आधार पर नंबर दबाने के लिए कहा जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा खुद को पिछड़ों का हमदर्द बताती है, लेकिन इसकी हकीकत कुछ अलग है। असलियत में उसने पिछड़ों का हक मारा है। विधानसभा चुनाव में भाजपा को वोट की असली लाठी दलित और पिछड़े मारेंगे जिनका हक और सम्मान भाजपा ने छीना है।

मुख्यमंत्री योगी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि योगी वह होता है जो दूसरों का दर्द समझता है लेकिन मुख्यमंत्री ठोक देंगे जैसी असंसदीय भाषा का प्रयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी असली लड़ाई है कि उत्तर प्रदेश विकास के रास्ते पर जाए। अगर उत्तर प्रदेश विकास के रास्ते पर जाएगा तो सभी के भाग्य खुलेंगे। योगी प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने विकास को रोक दिया। इन्हेंं विकास पसंद ही नहीं है। इनका विकास केवल विज्ञापण में दिखाई देता है। उन्होंने कहा, सपा की सरकार के कार्यकाल में बने अस्पताल ही कोरोना काल में काम आए। भाजपा की सरकार तो लोगों को आक्सीजन, दवाएं भी उपलब्ध नहीं करा पाई।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने तो भाजपा का संकल्प पत्र पढ़ा ही नहीं है। संकल्प पत्र में सबसे पहले लिखा है कि किसानों की आय दोगुनी करेंगे। क्या किसानों की आय दोगुनी हो गई। सपा अध्यक्ष ने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद को नकली बताते हुए कहा कि असली केशव प्रसाद तो महान दल के अध्यक्ष केशव देव मौर्य हैं।

महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने कहा कि भाजपा को रोकने के लिए हम महान दल का सपा में विलय करने को भी तैयार हैं। इसके लिए हर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के 15 से 20 हजार वोट काटेंगे और सपा को इतना दिलाएंगे। उन्होंने विकास दुबे एनकाउंटर को लेकर सरकार पर हमला किया, और कहा कि असली अपराधिक गुंडे नहीं खद्दर पहनने वाले नेता हैं। प्रदेश में कोरोना के नाम पर दो तरह की बातें हो रही हैं। भाजपा को कोरोना सिर्फ विपक्षियों के कार्यक्रमों में दिखता है, मोदी-योगी की सभाओं और अपने कार्यक्रमों में नहीं!

About Samar Saleel

Check Also

शाहरुख खान के गीत ‘गेरुआ’ की याद दिलाता है शौर्य मेहता और सृष्टि रोड़े का म्यूजिक वीडियो ‘दिल ये दिलबरो’

मुंबई। शौर्य मेहता (Shaurya Mehta) और सृष्टि रोड़े (Srishti Rode) के ‘दिल ये दिलबरो’ (Dil ...