Breaking News

अलख जगाएगी आशीर्वाद यात्रा

भाजपा की कार्य पद्धति से अनजान लोग कयास लगाते रहे,प्रत्येक बैठक व नेताओं की यात्रा पर कहानी गढ़ते रहे। दूसरी तरफ भाजपा उत्तर उत्तर प्रदेश के लिए अपने चुनावी प्रबंधन को मजबूत बनाने में लगी रही। पार्टी में शीर्ष स्तर पर किसी प्रकार की आशंका या दुविधा नहीं थी।

योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने विकास के मामले में पिछली सरकारों को बहुत पीछे छोड़ दिया है। इसमें औद्योगिक से लेकर ग्रामीण विकास तक शामिल है। इसी क्रम के अनुरूप नई दिल्ली में भाजपा की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के सांसद व अन्य नेता शामिल हुए। इसमें तय हुआ कि उत्तर प्रदेश में आशीर्वाद यात्रा निकाली जाएगी।

जेपी नड्डा ने सांसदों को मानसून सत्र के बाद अपने-अपने संसदीय क्षेत्र में आशीर्वाद यात्रा निकालने का निर्देश दिया। कहा कि इस यात्रा के दौरान संसदीय क्षेत्र का एक भी गांव नहीं छूटना चाहिए। यात्रा के दौरान सांसद खुली जीप में घूमें,टीकाकरण अभियान और कोरोना काल में शुरू की गई योजनाओं की एक एक गांव में निगरानी करें। यह पता करें कि जरूरतमंदों को योजना का लाभ मिल रहा है या नहीं।

उन्होंने कहा कि टीकाकरण अभियान के तहत इसी साल सभी लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य हासिल करने के लिए स्वास्थ्य स्वयं सेवक तैयार किए गए हैं। सांसदों को अपनी अपनी सीट की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।सांसदों से कहा गया कि वह अपने संसदीय क्षेत्र से जुड़ी विधानसभा सीटों पर जीत सुनिश्चित करने का दायित्व संभालें। बैठक में एक अन्य महत्वपूर्ण बात कही गई।

इसके अनुसार उत्तर प्रदेश में योगी और मोदी सरकार की उपलब्धियों का व्यापक प्रचार किया जाएगा।इसके साथ ही टीकाकरण अभियान और कोरोना काल में मोदी और राज्य सरकार की ओर से शुरू की गई योजनाओं की प्रगति ध्यान रखा जाएगा। जाहिर है कि पार्टी हाईकमान को योगी आदित्यनाथ सरकार की उपलब्धियों पर विश्वास है।

उनका आकलन है कि इन उपलब्धियों के आधार पर उत्तर प्रदेश के मतदाता भाजपा को दुबारा आशीर्वाद देंगे। सरकार की उपलब्धियां अब चर्चा में है। पहले उत्तर प्रदेश ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के मामले में देश में चौदहवें स्थान पर था। सरकार की नीतियों से दूसरे स्थान पर आ गया है। चार वर्ष पहले उत्तर प्रदेश का केन्द्र की किसी योजना में स्थान नहीं होता था।

आज केन्द्र सरकार की अनेक योजनाओं में प्रदेश प्रथम स्थान पर है। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी एवं ग्रामीण में उत्तर प्रदेश प्रथम स्थान पर है। स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत प्रदेश में दो करोड़ इकसठ लाख शौचालय बनवाये गये हैं। इसी तरह उज्ज्वला, सौभाग्य,उजाला,पीएम किसान सम्मान निधि में भी उत्तर प्रदेश ने बेहतर कार्य किया है।

पिछले चार वर्षाें के दौरान प्रदेश में तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ है। मृदा स्वास्थ्य कार्ड,प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना जैसी योजनाएं प्रदेश में लागू की गईं। एक लाख सत्ताईस हजार करोड़ रुपये से अधिक का गन्ना मूल्य का भुगतान किया गया है। राज्य में एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूरी गति से संचालित किया जा रहा है। प्रदेश के सभी एक्सप्रेस-वे पर औद्योगिक क्लस्टर की स्थापना के सम्बन्ध में कार्य योजना तैयार की जा रही है।

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे एवं बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे पर औद्योगिक क्लस्टर स्थापना के सम्बन्ध में कार्यवाही को तेजी से चल रही है। चार वर्ष पहले उत्तर प्रदेश में मात्र चार एयरपोर्ट लखनऊ, वाराणसी,गोरखपुर तथा आगरा क्रियाशील थे।पच्चीस गन्तव्य स्थान हवाई सेवाओं से जुड़े थे। चार वर्ष में दो गुने अर्थात आठ एयरपोर्ट क्रियाशील हो गए हैं जिनसे कुल इकहत्तर गंतव्य स्थानों हवाई सेवाएं जुड़े हैं। कुशीनगर एयरपोर्ट का निर्माण कार्य इस वर्ष पूर्ण कराया गया। यह एयरपोर्ट अन्तर्राष्ट्रीय उड़ानों हेतु उपलब्ध है।

राज्य सरकार द्वारा चार वर्षों में चार एयरपोर्ट्स  का विकास पूर्ण कराया जा चुका है। दस अन्य का विकास कराया जा रहा है। जेवर एवं अयोध्या में बनने वाले अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डों को सम्मिलित करते हुए राज्य में अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डों की संख्या बढ़कर पांच हो जाएगी।  उत्तर प्रदेश में चार वर्ष पहले बारह मेडिकल कॉलेज थे। अब उनकी संख्या चार गुनी हो गई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अन्तर्गत प्रदेश के ढाई करोड़ बयालीस लाख किसानों को लाभान्वित किया गया है। इसके लिए राज्य को भारत सरकार से प्रथम पुरस्कार भी प्राप्त हुआ है।

प्रदेश के शहरी और ग्रामीण इलाकों में चालीस लाख आवास उपलब्ध कराए गए हैं। करीब ढाई करोड़ से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से लाभान्वित किया गया। चौवन लाख कामगार श्रमिक,स्ट्रीट वेण्डर्स आदि को भरण पोषण भत्ते का लाभ मिला। पन्द्रह करोड़ गरीब परिवारों को कोरोना काल में निःशुल्क राशन प्रदान किया गया। एक करोड़ अड़तीस लाख घरों में निःशुल्क विद्युत कनेक्शन दिए गए हैं।

सत्तासी लाख से अधिक लोगों को वृद्धावस्था महिला व दिव्यांगजन पेंशन दी गई हैं। हर घर नल योजना के तहत तीस हजार ग्राम पंचायतों में शुद्ध पेयजल योजना लागू की गई है।  हर जिला मुख्यालय को फोर लेन से तथा तहसील मुख्यालयों और विकास खण्ड मुख्यालयों को दो लेन से जोड़ने की कार्यवाही की जा रही है। प्रदेश में फिल्म सिटी के निर्माण की कार्यवाही भी प्रगति पर है। उत्तर प्रदेश में इण्डस्ट्रियल डिफेंस काॅरिडोर का निर्माण युद्ध स्तर पर चल रहा है।

About Samar Saleel

Check Also

भारत-चीन के बीच कूटनीतिक वार्ता, एलएसी से हटेंगे सैनिक

नई दिल्ली। भारत-चीन सीमा मामलों पर परामर्श एवं समन्वय के लिए कार्य तंत्र की 29वीं ...