फिरोजाबाद। जिले के टूण्डला थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव एक पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी। मृतक के दोनों घुटने जमीन पर रखे थे, लिहाजा इस बात की आशंका जतायी जा रही है कि व्यक्ति की हत्या कर शव को यहां लटकाया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली टूण्डला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतार कर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आगरा का रहने वाला
जिस व्यक्ति का शव पेड़ पर लटका मिला है, उसकी शिनाख्त ईश्वर सिंह पुत्र भगवान सिंह निवासी बालूगंज थाना रकाबगंज, आगरा के रूप में हुई है। ईश्वर सिंह यहां तक कैसे आया इसकी जानकारी की जा रही है।
घटना स्थल से मिला ये समान
जिस जगह पेड़ से लटका हुआ शव मिला उससे करीब 200 मीटर की दूरी पर कुछ सामान भी मिला है जो मृतक का ही है। शव के पास एक एक्सरा मिला है इसके साथ ही मृतक के कपड़े और पहचान पत्र मिला है।
अभी तक कई सवाल खड़े है कि ईश्वर दयाल यहां तक कैसे पहुंचा उसने खुदकुशी की है या फिर उसकी हत्या कर शव को लटकाया गया है। इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। लेकिन जिस तरह की अवस्था में शव पेड़ पर लटका हुआ था और उसके घुटने जमीन पर रखे थे उससे तो यही लगता है कि उसकी हत्या कर शब को लटकाया गया है।
रिपोर्ट-अरविंद शर्मा