Breaking News

चाहते हैं स्वस्थ और लंबी आयु तो नए साल में गांठ बांध ले ये तीन बातें

साल 2024 का काउंटडाउन शुरू हो गया है, कुछ ही दिनों में हम 2024 में प्रवेश करने जा रहे है। इससे पहले अगर साल 2023 पर एक नजर डालें तो पता चलता है कि ये पूरा साल हमारी सेहत के मामले में कई तरह से काफी चुनौतीपूर्ण रहा है। पूरे साल कई प्रकार का संक्रामक बीमारियों, हृदय रोग, मच्छरजनित रोगों सहित कई बीमारियों ने समय-समय पर मुश्किलें बढ़ाईं। हम भले ही एक नए साल की तरफ बढ़ रहे हैं पर ये चुनौतियां अभी कम नहीं हुई हैं। इनका खतरा अब भी बना हुआ है।

अध्ययनों से पता चलता है कि कई प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं, पर्यावरणीय दिक्कतों के कारण हमारी सेहत पर बहुत नकारात्मक असर हुआ है, लिहाजा कम उम्र में ही लोग न सिर्फ गंभीर बीमारियों के शिकार हो रहे हैं, साथ ही मौत का खतरा भी बढ़ा है। इस दिशा में विशेष प्रयास की आवश्यकता है। अगर आप भी बीमारियों से बचाव करते हुए स्वस्थ और लंबी आयु चाहते हैं तो नए साल में कुछ विशेष सुधार की आवश्यकता है। आइए इस बारे में जानते हैं।

न्यू ईयर रेजोल्यूशन

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, स्वस्थ जीवन के लिए सबसे आवश्यक है कि हम सभी अपनी इम्युनिटी को मजबूत करने के लिए प्रयास करें। ये सतत प्रक्रिया है जिसका मतलब है कि प्रतिरोधक क्षमता को निर्मित करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहना जरूरी है। पौष्टिक आहार और नियमित व्यायाम करने से आपकी जीवन प्रत्याशा बढ़ सकती है। लाइफस्टाइल में कुछ आवश्यक बदलाव करके आप लंबी आयु पा सकते हैं। कम उम्र से ही इसके लिए प्रयास शुरू कर देना आवश्यक है, ये आपके लिए न्यू ईयर रेजोल्यूशन भी है।

आहार में प्लाट-बेस्ड चीजों-नट्स को करें शामिल

शोधकर्ता बताते हैं, फलों-सब्जियों, नट्स-सीड्स, साबुत अनाज और बीन्स जैसे विभिन्न प्रकार के पौधों पर आधारित खाद्य पदार्थों का सेवन करने से बीमारी का खतरा कम हो सकता है और आप दीर्घायु होते हैं। अध्ययनों में पाया गया है कि प्लाट-बेस्ड आहार, समय से पहले मौत के जोखिम को कम करने के साथ कैंसर, मेटाबॉलिक सिंड्रोम, हृदय रोग, अवसाद जैसी बीमारियों से बचा सकते हैं।

इसी तरह आहार में नट्स को जरूर शामिल करें। ये प्रोटीन, फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होते हैं। अध्ययनों से पता चलता है कि जो लोग प्रति सप्ताह कम से कम 3 बार नट्स का सेवन करते हैं, उनमें समय से पहले मृत्यु का जोखिम 39% कम होता है।

शारीरिक रूप से सक्रिय रहें

इसमें कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए कि शारीरिक रूप से सक्रिय रहने से आप स्वस्थ रह सकते हैं और आयु भी बढ़ती है। प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट का व्यायाम आपको दीर्घायु बनाने के लिए लाभकारी है। इससे समय से पहले मृत्यु का जोखिम भी 4% कम हो सकता है। अध्ययनों की समीक्षा में पाया गया कि व्यायाम करने वाले 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों में शीघ्र मृत्यु का जोखिम 22 फीसदी तक कम देखा गया है।

धूम्रपान-शराब से बिल्कुल दूरी

धूम्रपान न सिर्फ कई प्रकार की गंभीर बीमारियों को बढ़ाता है, ये समय से पहले मृत्यु का कारक भी है। शोधकर्ताओं ने पाया कि धूम्रपान करने वालों में समय से पहले मरने की आशंका तीन गुना अधिक हो सकती है। समीक्षा अध्ययन में पाया गया है कि 40 साल की उम्र से पहले तंबाकू छोड़ने से इसके कारण होने वाली मृत्यु जोखिमों को कम किया जा सकता है।

इसी प्रकार से शराब का सेवन लिवर, हृदय और अग्न्याशय की बीमारी को बढ़ा सकता है साथ ही इससे शीघ्र मृत्यु का खतरा भी बढ़ जाता है। शोधकर्ता बताते हैं, अगर इन दोनों आदतों को छोड़ दिया जाए तो लंबी आयु प्राप्त की जा सकती है।

About News Desk (P)

Check Also

शादी या सगाई की आ गई है तारीख तो जरूर कर लें ये काम, वरना बाद में हो सकता है अफसोस

अगर आपका रिश्ता तय हो गया है और सगाई या शादी की तारीख निकाली जाने ...