Breaking News

शक्ति संवाद में प्रियंका ने महिलाओं में भरा जोश, कहा परिवर्तन लाना है तो एकजुट होना होगा

 ● रिफार्म क्लब में शक्ति संवाद कार्यक्रम में महिलाओं से प्रियंका वाड्रा ने की सीधी बात

● कार्यक्रम में महिलाओं, छात्राओं, शिक्षिकाओं की रही भारी भीड़

रायबरेली। विधानसभा चुनाव में अपने गढ़ को सुरक्षित करने के लिए कांग्रेस पूरी ताकत लगा रही है। यही कारण है कि तीन माह के भीतर दूसरी बार कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रायबरेली का दौरा किया। रविवार को लड़की हूं लड़ सकती हूं कार्यक्रम के तहत प्रियंका ने महिला वोट बैंक पर पकड़ बनाने के लिए महिलाओं से सीधा संवाद किया। साफ कहा कि महिलाएं आधी आबादी का दर्जा रखती हैं ऐसे में अपने अधिकार को हासिल करने और सुरक्षा पाने के लिए सोच समझ कर वोट देना होगा। कहा कि मैंने एक नारा और घोषणा पत्र जारी कर दिया है उसका नतीजा है कि अन्य दल भी महिलाओं के हक और अधिकार की बात करने लगे हैं।

रिफार्म क्लब में शक्ति  संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि दो 2 साल पहले मुझे कांग्रेस महासचिव और प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी मिली उसके बाद से प्रदेश का दौरा कर रही हूं। एक बात देखने को मिल रही है महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं। उन्होंने उन्नाव में युवती की दुष्कर्म के बाद जलाकर मार डालने, हाथरस कांड का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। लखीमपुर में किसानों की मौत पर कहा कि जब मैं किसानों के परिवार से मिलने गई तो पता लगा कि घर की महिलाओं के सामने रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

उन्होंने कहा जब सीतापुर में मुझे गिरफ्तार किया गया तो सुबह 4 बजे महिला पुलिस कर्मी पूजा और मधु डयूटी करते मिली। बातचीत हुई तो पता लगा कि उनका भी शोषण हो रहा है। प्रियंका वाड्रा ने महिलाओं से कहा कि परिवर्तन लाना है तो एकजुट होना होगा। वोट उसी को दो जो महिला सशक्तिकरण का काम करे। शौचालय बनवाना और गैस सिलेंडर देना सशक्तिकरण नहीं है। इस बात के माध्यम  से उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार को निशाने पर लिया। कहा कि मैने लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा क्या दिया, हर पार्टी महिलाओं की हितैषी बन गई है। प्रधानमंत्री खुद दो दिन बाद एक सभा करने जा रहे हैं जिसमें महिलाओं से सीधा संवाद करेंगे। कहा कि महिलाओं के लिए कांग्रेस पूरी तरह से राजनीतिक स्तर पर भूमिका निभाएगी। एक साथ परिवर्तन लाना होगा।

छात्राओं, शिक्षिकाओं और आशा बहू ने रखी बात

समारोह में छात्रा रुचि ने कहा कि बेटियों को जरूर पढ़ाना चाहिए। मेरी  मां ने मेरी फढ़ाई में बहुत मदद की। खीरों के खांडेपुर की अंजलि रावत ने कहा कि वह सेना में जाना चाहती हैं। बेटियों को कमजोर न समझा जाए वह चांद पर भी रास्ता बना सकती हैं। आशा बहू संगठन की जिला अध्यक्ष गीता मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस सरकार जाने के बाद से आशा बहुओं को लावारिस छोड़ दिया गया है।24 घंटे काम करने के बाद भी कोई सम्मान नहीं है। आशाओं के बच्चे अनाथ सरीखा जीवन जी रहे हैं।

छापे मरवाकर विपक्ष को कमजोर करना-प्रियंका गांधी

काफी अरसे बाद खुले तौर पर मीडिया से मुखातिब होते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि उनकी लाइन स्पष्ट है। चुनाव के समय विकास की बात होनी चाहिए। सांप्रदायिकता और जातिवादिता के कारण विकास नहीं हो रहा है। जब चुनाव में विकास की बात होगी तो सांप्रदायिकता और जातिवादिता खत्म हो जाएगी। कहा कि अभी हैंडपंप, सड़क आदि सुविधाओं को लेकर नेताओं से सवाल नहीं होते हैं यही कारण है कि वह सांप्रदायिकता और जातिवादिता के सहारे जीतते हैं उन्हें मालूम है कि यह सभ चीजे मौजूद हैं तो फिर विकास की क्या जरूरत है। कोई भी नेताओं से विकास न कराने पर सवाल नहीं करता है। सिंपल लाइन है कि आप इसी तरह करते रहेंगे तो फिर सांप्रदायिकता और जातिवादिता नहीं खत्म होगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने यह भी बताया कि जनवरी में राहुल गांधी और वह संयुक्त रूप से रायबरेली में जनसभा या रैली करेंगे। सपा नेताओं के घरों पर ईडी के छापे पर कहा कि केंद्र सरकार एजेंसी का दुरुपयोग कर रही है। हम तो सात साल से यही देख रहे हैं। इनका मकसद है कि छापे मरवाकर विपक्ष को कमजोर किया जाए।

चुरुआ हनुमान मंदिर पर  प्रियंका का भव्य स्वागत , हनुमान जी का लिया आशीर्वाद

कांग्रेस के शक्ति संवाद कार्यक्रम के तहत जनपद के दौरे के दौरान प्रियंका वाड्रा ने बछरावां के सिंहद्वार स्थित चुरुवा मंदिर में मत्था टेककर पूजा अर्चना की। कांग्रेसी समर्थकों ने उनका फूल मालाओं से लादकर भव्य स्वागत किया है। जनपद में आयोजित कांग्रेस के शक्ति संवाद कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा के बछरांवा पहुँचने पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने लखनऊ प्रयागराज हाईवे स्थित चुरुवा हनुमान मंदिर पर फूल मालाओं से लादकर उनका भव्य स्वागत किया। इस दरमियान उन्होंने मंदिर में हनुमान जी के आगे मत्थाटेक कर पूजा अर्चना की है। स्वागत समारोह के बाद उनका काफिला कस्बे के मुख्य चौराहे का रुका। जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। इस मौके पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अवधेश चौधरी, सुशील कुमार, बरातीलाल चौधरी, साहब शरण पासी, दिनेश चौधरी, अमर सिंह, हरचंदपुर विधानसभा के समाजसेवी एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रमेश शुक्ला, कृपाशंकर शुक्ला, सुनील तिवारी, नितिन, रमाकांत मिश्रा, अविनाश चंद्र, गंगाचरण, गंगाविशन यादव, रामलखन, मोहम्मद ताहिर, करमचंद्र यादव, पलटू पासी, पवन शुक्ला, नीरज अवस्थी, नानू नेता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी समर्थक मौजूद रहे।

रिपोर्ट-दुर्गेश मिश्रा

About Samar Saleel

Check Also

दो-दिवसीय डा जगदीश गांधी मेमोरियल मूट कोर्ट कान्क्लेव का भव्य समापन

लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल गोमती नगर प्रथम कैम्पस के तत्वावधान में आयोजित दो-दिवसीय डा जगदीश ...