Breaking News

महात्मा गाँधी सत्याग्रह और चरखा

महात्मा गाँधी भारत एवं भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के एक प्रमुख राजनैतिक एवं आध्यात्मिक नेता थे। वे सत्याग्रह (व्यापक सविनय अवज्ञा) के माध्यम से अत्याचार के विरोध के अग्रणी नेता थे, उनकी इस अवधारणा की नींव सम्पूर्ण अहिंसा के सिद्धान्त पर रखी गयी थी, जिसने भारत को आजादी दिलाकर पूरी दुनिया में जनता के नागरिक अधिकारों एवं स्वतंत्रता के प्रति आन्दोलन के लिये प्रेरित किया। महात्मा गाँधी के साथ चरखे का नाम भी विशेष तौर पर जोड़ा जाता है। भारत में चरखे का इतिहास बहुत प्राचीन होते हुए भी इसमें उल्लेखनीय सुधार का काम महात्मा गाँधी के जीवनकाल का ही मानना चाहिए। सबसे पहले सन 1908 में गाँधी जी को चरखे की बात सूझी थी, जब वे इंग्लैंड में थे। उसके बाद वे बराबर इस दिशा में सोचते रहे। वे चाहते थे कि चरखा कहीं न कहीं से लाना चाहिए।

गाँधी जी का सेवा भाव

गाँधी जी ने चरखे की तलाश की थी। ऐसा माना जाता है कि एक गंगा बहन थीं। उनसे उन्होंने चरखा बड़ौदा के किसी गांव से मंगवाया था। इससे पहले गाँधी जी ने चरखा कभी देखा भी नहीं था, सिर्फ सुना था उसके बारे में। बाद में उस चरखे में उन्होंने काफ़ी सुधार भी किए। दरअसल गाँधी जी के चरखे और खादी के पीछे सेवा का भाव था। उनका चरखा एक वैकल्पिक आर्थिक व्यवस्था का प्रतीक भी था। महिलाओं की आर्थिक स्थिति के लिए भी, उनकी आजादी के लिए भी। आर्थिक स्वतंत्रता के लिए भी और उस किसान के लिए भी, जो 6 महीने ख़ाली रहता था। इसलिए उस समय चरखा इतना प्रभावी हुआ कि अच्छे-अच्छे घरों की महिलाएं चरखा चलाने लगीं, सूत कातने लगीं; लेकिन धीरे-धीरे यह सब समाप्त हो गया। कांग्रेस की सरकार ने उनका इस्तेमाल किया या नहीं, इसकी एक अलग कहानी है।

महात्मा गाँधी सत्याग्रह और चरखा

पूरा नाम: मोहनदास करमचंद गाँधी।
अन्य नाम: बापू, महात्मा जी।
जन्म: 2 अक्टूबर, 1869
जन्म भूमि: पोरबंदर, गुजरात
निधन: 30 जनवरी, 1948
मृत्यु स्थान: नई दिल्ली।
मृत्यु कारण: हत्या।
अभिभावक: करमचंद गाँधी, पुतलीबाई
पत्नी: कस्तूरबा गाँधी।
संतान: हरिलाल, मनिलाल, रामदास, देवदास स्मारक: राजघाट (दिल्ली), बिरला हाउस (दिल्ली) आदि।
पार्टी: काँग्रेस, शिक्षाः बैरिस्टर।
विद्यालयः बंबई यूनिवर्सिटी, सामलदास कॉलेज।

आंदोलनः असहयोग आंदोलन, नमक सत्याग्रह, भारत छोड़ो आन्दोलन, दांडी मार्च, व्यक्तिगत सत्याग्रह, सविनय अवज्ञा आन्दोलन, ख़िलाफ़त आन्दोलन

गाँधी-नेहरू संवाद

1945 में गाँधी जी ने जवाहरलाल नेहरू को एक चिट्ठी में लिखा था- “आप हिंद स्वराज के हिसाब से काम करिये। गांव की तरफ हम को चलना चाहिये।” नेहरू ने उनको जवाब में लिखा- “गांव हमें क्या देंगे, वह क्या हमें प्रकाश देंगे। वह तो खुद अंधेरे में हैं।” नेहरू के इस वाक्य से गाँधी जी को बहुत आधात लगा। उन्हें बहुत तकलीफ हुई थी। फिर गाँधी जी ने नेहरू को भी लिख दिया था- “तो फिर अब से तुम्हारा रास्ता मेरा रास्ता अलग-अलग है।”

खादी का महत्त्व

महात्मा गाँधी ने लिखा है कि प्रत्येक व्यक्ति के लिये खादी पहनना सर्वोच्च अनिवार्यता है। गाँधी जी का प्रत्येक भारतीय से आग्रह था कि वह रोज कताई करें और घर में कताई कर बुने वस्त्र ही पहनें। उनका यह आग्रह अनुचित या अत्युत्साही राष्टभक्ति से नहीं उपजा था बल्कि भारत की नैतिक और आर्थिक स्थितियों के यथार्थवादी मूल्यांकन पर आधारित था। कुछ लोग गाँधी जी की अवधारणा को गलत संदर्भ में प्रचारित करते हैं कि उन्होंने हाथ से काते वस्त्र पहनने पर इसलिए जोर दिया, क्योंकि वे मशीनों के खिलाफ थे। यथार्थ से हटकर उनकी आलोचना नहीं की जा सकती। वे मानते थे कि दरिद्रता दूर भगाने और काम तथा धन का संकट कभी पैदा न होने देने के लिये हाथ से कताई कर बने वस्त्र पहनना ही तात्कालिक उपाय है। उनका कहना था- “चरखा स्वयं ही एक बहुमूल्य मशीन है…।”

चरखा, साबरमती आश्रम

गांधी जी कहा करते थे, एकमात्र सवाल यह है कि भारत की ग़रीबी और तंगहाली दूर करने के उत्कृष्ट व्यावहारिक साधन कैसे विकसित किये जा सकते हैं। कल्पना कीजिए एक राष्ट्र की, जो प्रतिदिन औसतन पाँच घंटे काम करता है, कौन-सा ऐसा काम है जो लोग अपने दुर्लभ संसाधनों के पूरक के रूप में आसानी से कर सकते हैं? क्या किसी को अब भी संदेह है कि हाथ से कताई करने का कोई विकल्प नहीं है? गाँधी जी का व्यावहारिक अर्थव्यवस्था में पूरा विश्वास था, क्योंकि उनका लक्ष्य किसी एक सिद्धांत या प्रणाली की श्रेष्ठता सिद्ध करना नहीं था, बल्कि उन ग़रीबों की कठिनाइयों का व्यावहारिक समाधान तलाश करना था, जो आधिपत्यपूर्ण आर्थिक सिद्धांतों के दुष्परिणाम झेल रहे थे। करोड़ों लोगों की ग़रीबी दूर करने के साधन के रूप में चरखे को प्रचारित करने की गाँधी जी की बुद्धिमत्ता के बारे में अनेक लोगों ने सवाल उठाये, किन्तु गाँधी जी स्वयं अमल में लाये बिना किसी भी सिद्धांत का प्रतिपादन नहीं करते थे और पहले किसी भी सिद्धांत की व्यावहारिकता और गुणकारिता स्वयं सुनिश्चित करते थे।

गाँधी जी का आग्रह था कि चरखे अथवा स्थानीय महत्व के अन्य उपकरणों पर आधारित और आधुनिक तकनीकी की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कुटीर उद्योग विकसित किये जायें। आज के संदर्भ में इलेक्ट्रांनिक सेक्टर, खेती के औजारों का निर्माण, कार्बनिक उर्वरक, बायोगैस और कचरे से बिजली उत्पादन जैसी गतिविधियों को कुटीर उद्योगों से जोड़ा जा सकता है। गाँधी जी ने अनेक नाम गिनाये थे, जिन्हें ग्राम स्तर पर सहकारी आधार पर चलाया जा सकता है। चरखे और घर में कताई कर बुने वस्त्र पहनने के प्रति गाँधी जी के आग्रह के पीछे निर्धनतम व्यक्ति के बारे में उनकी चिंता झलकती है। उन्हें करोड़ों लोगों की भूख की चिंता थी। उनका कहना था- “हमें उन करोड़ों लोगों के बारे में सोचना चाहिए, जो पशुओं से भी बदतर जीवन जीने के लिये अभिशप्त हैं, जो अकाल की आशंका से ग्रस्त रहते हैं और जो लोग भुखमरी की अवस्था में हैं।”

चरखा का महत्व

आइये समझते हैं चरखा का क्या महत्व है।चरखा एक हस्तचालित युक्ति है।जिससे सूत तैयार किया जाता है। इसका उपयोग कुटीर उद्योग के रूप में सूत उत्पादन में किया जाता है। भारत के स्वतन्त्रता संग्राम में यह आर्थिक स्वावलम्बन का प्रतीक भी बन गया था। चरखा यंत्र का जन्म और विकास कब तथा कैसे हुआ, इस पर चरखा संघ की ओर से काफ़ी खोजबीन की गई थी। हालांकि अंग्रेज़ों के भारत आने से पहले भारत भर में चरखे और करघे का प्रचलन था। 1500 ई. तक खादी और हस्तकला उद्योग पूरी तरह विकसित था। सन्‌ 1702 में अकेले इंग्लैंड ने भारत से 10,53,725 पाउंड की खादी ख़रीदी थी। मार्कोपोलो और टेवर्नियर ने खादी पर अनेक सुंदर कविताएँ लिखी हैं। सन्‌ 1960 में टैवर्नियर की डायरी में खादी की मृदुता, मज़बूती, बारीकी और पारदर्शिता की भूरि भूरि प्रशंसा की गई है।

महात्मा गाँधी सत्याग्रह और चरखा

इतिहास: भारत में चरखे का इतिहास बहुत प्राचीन होते हुए भी इसमें उल्लेखनीय सुधार का काम महात्मा गांधी के जीवनकाल का ही मानना चाहिए। सबसे पहले सन्‌ 1908 में गांधी जी को चरखे की बात सूझी थी, जब वे इंग्लैंड में थे। उसके बाद वे बराबर इस दिशा में सोचते रहे। वे चाहते थे कि चरखा कहीं न कहीं से लाना चाहिए। सन्‌ 1916 में साबरमती आश्रम (अहमदाबाद) की स्थापना हुई। बड़े प्रयत्न से दो वर्ष बाद सन्‌ 1918 में एक विधवा बहन के पास “खड़ा चरखा” मिला।

खड़ा चरखा: इस समय तक जो भी चरखे चलते थे और जिनकी खोज हो पाई थी, वे सब खड़े चरखे ही थे। आजकल खड़े चरखे में एक बैठक, दो खंभे, एक फरई (मोड़िया और बैठक को मिलाने वाली लकड़ी) और आठ पंक्तियों का चक्र होता है। देश के भिन्न भिन्न भागों में भिन्न भिन्न आकार के खड़े चरखे चलते हैं। चरखे का व्यास 12 इंच से 24 इंच तक और तकुओं की लंबाई 19 इंच तक होती है। उस समय के चरखों और तकुओं की तुलना आज के चरखों से करने पर आश्चर्य होता है। अभी तक जितने चरखों के नमूने प्राप्त हुए थे, उनमें चिकाकौल (आंध्र) का खड़ा रखा चरखा सबसे अच्छा था। इसके चाक का व्यास 30 इंच था और तकुवा भी बारीक तथा छोटा था। इस पर मध्यम अंक का अच्छा सूत निकलता था।

संघ की स्थापना

सन्‌ 1920 में आचार्य विनोबा जी और उनके साथी साबरमती आश्रम में कताई का काम सीखते थे। कुछ दिन बाद ही (18 अप्रैल सन्‌ 1921 को) मगनवाड़ी (वर्धा) में सत्याग्रह आश्रम की स्थापना हुई। उस समय कांग्रेस महासमिति ने 20 लाख नए चरखे बनाने का प्रस्ताव किया था और उन्हें सारे देश में फैलाना चाहा था। सन्‌ 1923 में काकीनाडा कांग्रेस के समय अखिल भारत खादीमंडल की स्थापना हुई, किंतु तब तक चरखे के सुधार की दिशा में बहुत अधिक प्रगति नहीं हुई थी। कांग्रेस का ध्यान राजनीति की ओर था, पर गांधी जी उसे रचनात्मक कार्यों की ओर भी खींचना चाहते थे। अत: पटना में 22 सितंबर 1925 को अखिल भारत चरखा संघ की स्थापना हुई।

चरखे में संशोधन हो, इसके लिये गांधी जी बहुत बेचैन थे। सन्‌ 1923 में 5,000 रुपए का पुरस्कार भी घोषित किया गया, किंतु कोई विकसित नमूना नहीं प्राप्त हुआ। 29 जुलाई सन्‌ 1929 को चरखा संघ की ओर से गांधी जी की शर्तों के अनुसार चरखा बनाने वालों को एक लाख रुपया पुरस्कार देने की घोषणा की गई। गांधी जी ने जो शर्ते रखी थीं उन्हें पूरा करने की कोशिश तो कई लोगों ने की, लेकिन सफलता किसी को भी नहीं मिली। किर्लोस्कर बंधुओं द्वारा एक चरखा बनाया गया था, लेकिन वह भी शर्त पूरी न होने के कारण असफल ही रहा।

👉रामनगरी में एक दीप रामभक्तों के नाम, मंदिर आंदोलन के शहीदों को ट्रस्ट देगा श्रद्धांजलि

चरखे के आकार पर उपयोगिता की दृष्टि से बराबर प्रयोग होते रहे। खड़े चरखे का “किसान चरखे” की शकल में सुधार हुआ। गांधी जी स्वयं कताई करते थे। यरवदा जेल में किसान चरखे को पेटी चरखे का रूप देने का श्रेय उन्हीं को है। इतिहासकारों के अनुसार श्री सतीशचंद्र दासगुप्त ने खड़े चरखे के ही ढंग का बाँस का चरखा बनाया, जो बहुत ही कारगर साबित हुआ। बाँस का ही जनताचक्र (किसान चरखे की ही भाँति) बनाया गया, जिस पर श्री वीरेन्द्र मजूमदार लगातार बरसों कातते रहे। बच्चों के लिये या प्रवास में कातने के लिये प्रवास चक्र भी बनाया गया, जिसकी गति किसान चक्र से तो कम थी, लेकिन यह ले जाने-लाने में सुविधाजनक था। इस प्रकार अब तक बने हुए चरखों में गति और सूत की मज़बूती की दृष्टि से किसान चरखा सबसे अच्छा रहा। फिर भी देहात की कत्तिनों में खड़ा चरखा ही अधिक प्रिय बना रहा। गांधी जी के स्वर्गवास के बाद भी चरखे के संशोधन और प्रयोग का काम बराबर चलता रहा। हैंड लूम का उपयोग अभी भी ग्रामीण क्षेत्रों में धागा और कपड़ा बुनने के लिए किया जाता है

चरखा चलै सुरत बिरहिन का

सद्गुरू कबीर साहेब को चरखा, करघा, और सूत का परिचायक माना जाता है। उनका एक पद ध्यान देने योग्य है।

चरखा चलै सुरत बिरहिन का।
काया नगरी बनी अति-सुंदर, महल बना चेतन का।
सुरत भाँवरी होत गगन में, पीढ़ा ज्ञान-रतन का।
महीन सूत बिरहिन कातैं, माँझा प्रेम-भगति का।
कहैं ‘कबीर’ सुनो भाई साधो, माला गुंथो दिन रैन का।
पिया मोर ऐहैं पगा रखिहै, आँसु भेट देहौं नैन का।

भावार्थ: सुरत (प्रेम) की बिरहणी चरख़ा चला रही है। शरीर की नगरी बहुत सुंदर बनी हुई है और उसमें चेतना का महल बना है। आकाश में सुरत के फेरे पड़ रहे हैं और ज्ञान के रत्नों का बना हुआ आसन बिछा है। बिरहिणी सूत को महीन कात रही है और उससे प्रेम और भक्ति का माँझा (ब्याह से पहले पहले लगने पर पहने जाने वाले कपड़े) तैयार हो रहा है। ‘कबीर’ कहते हैं कि सुनो भाई साधु, मैं दिन और रात की माला गूँथ रहा हूँ। जब मेरे पिया आएंगे और (मेरे घर में) पैर रखेंगे तो मैं अपनी आँखों के आँसू भेंट चढाऊँगी।
स्रोत : पुस्तक : कबीर समग्र (पृष्ठ 785), रचनाकार : कबीर, प्रकाशन : हिन्दी प्रचारक पब्लिकेशन प्रा.लि., वाराणसी (2001)

About Samar Saleel

Check Also

केंद्रीय मंत्री पियूष गोयल के समर्थन में डॉ दिनेश शर्मा की जनसभा

• दूसरे चरण के मतदान में मोदी तूफान के आगे तिनके की तरह उड गया ...