Breaking News

समाज सेवा का सकारात्मक संदेश

रिपोर्ट-डॉ. दिलीप अग्निहोत्री

भाजपा का सेवा ही संगठन कार्यक्रम एक अभिनव प्रयोग था। इसके माध्यम से देश की राजनीति में सकारात्मक सन्देश गया है। इस पर पार्टी लाइन से ऊपर उठकर विचार की आवश्यकता है। जिसने अब तक की प्रचलित मान्यता को बदलने का भी कार्य किया है। अभी तक किसी राजनीतिक पार्टी के संगठन का आकलन चुनाव के आधार पर किया जाता था। लेकिन सेवा ही संगठन कार्यक्रम ने इस विचार को पीछे छोड़ दिया है। समाज सेवा में समर्पित संगठन ही श्रेष्ठ होता है। इस कार्यक्रम में अनेक तथ्य उभर कर आये।

भाजपा के राष्ट्रीय व सभी प्रादेशिक संगठनों ने कोरोना आपदा राहत के उल्लेखनीय कार्य किये है। इससे पहला तथ्य यह उजागर हुआ कि सत्ता में होने या ना होने से समाज सेवा के भाव में कोई परिवर्तन नहीं होना चाहिए। भाजपा के सभी प्रदेश संगठनों ने अपना रिपोर्ट कार्ड इस ऑनलाइन कार्यक्रम में प्रस्तुत किया। ऐसा लगा कि समाज सेवा के आधार पर सभी प्रदेशों के संगठन का मूल भाव एक जैसा था। अनेक प्रदेशों में भाजपा की सत्ता है, अनेक में वह विपक्षी पार्टी है। यदि सेवा का भाव नहीं होता तो दोनों प्रकार के प्रदेशों में लापरवाही की जा सकती थी। इसके उदाहरण भी है। भाजपा जहां सत्ता में है,वहां का संगठन यह सोच सकता था कि कोरोना राहत कार्य संचालित करना सरकार का कार्य है, इसके लिए संगठन को परेशान होने की जरूरत नहीं,संगठन चुनाव के समय सक्रिय होगा। जहां भाजपा विपक्ष में है वहाँ भी यही भाव आ सकता था। वहां भाजपा सोच सकती थी कि राहत कार्य वह करे,जिसकी सरकार है,विपक्ष के रूप में हमारा काम केवल सरकार की कमियां निकालना है। राष्ट्रीय और प्रादेशिक स्तर पर अन्य पार्टियां ऐसा कर भी रही है। लेकिन भाजपा ने सभी प्रदेशों में आपदा राहत कार्यों में सहयोग को ही अपना ध्येय बनाया।

दिल्ली राजस्थान,महाराष्ट्र,पश्चिम बंगाल आदि की आख्या से यह तथ्य प्रमाणित हुआ। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के आपदा प्रबंधन की प्रशंसा विदेशों तक मे हो रही है। फिर भी भाजपा का संगठन निश्चिंत होकर नहीं बैठा। उसने भी राहत कार्यों में पूरा सहयोग दिया। प्रदेश पार्टी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने तथ्यों के आधार पर इसका रिपोर्ट कार्ड सार्वजनिक किया। उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा जरूरतमंदों को फीड द निडी अभियान चलाया गया। जिसके अंतर्गत के चार करोड़ बत्तीस लाख लोगों को भोजन पैकेट वितरित किया गया। चालीस लाख चौवन हजार लोगों को राशन किट वितरित किया गया। बानबे लाख चवालीस हजार लोगों को मॉस्क वितरित किया गया। पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने साढे आठ लाख से अधिक मास्क तैयार किये,दो करोड़ से अधिक लोगों को आरोग्य सेतु एप इंस्टॉल कराया गया तथा लाखों कार्यकर्ताओं ने करोड़ों रुपए पीएम केयर्स फंड में सहयोग कराया तथा स्वयं भी जमा किया।

श्री सिंह ने बताया कि कोरोना योद्धाओ का सम्मान करते करीब तिरानबे हजार बूथों पर स्वास्थ्य,स्वच्छता,सुरक्षा के लिए लगे साढ़े तेईस लाख कोरोना योद्धाओ को सम्मानित किया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एवं ऑडियो ब्रिज कॉल के माध्यम से संवाद कर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को सेवा कार्य के लिए प्रेरित किया गया। जिसमें करीब तीन सौ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से करीब बीस हजार कार्यकर्ता जुड़े तथा करीब पौने चार सौ ऑडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से डेढ़ लाख से अधिक कार्यकर्ता जुड़े। भाजपा स्थापना दिवस पर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं ने अपने घर पर ध्वजारोहण किया एवं एक दिन का उपवास भी रखा तथा डॉ बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपने घर पर भीम राव अम्बेडकर जी की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित की एवं उनके साहित्य का अध्ययन करते हुए सेवा बस्ती में सेवा की विभिन्न कार्य किये। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुदूर ग्रामीण अंचलों तक राशन,भोजन और सहायता पहुंचाया। जब राजस्थान,दिल्ली और महाराष्ट्र सरकार की उपेक्षा के कारण झांसी, नोएडा,मथुरा और आगरा की सीमाओं पर लाखों प्रवासी श्रमिक आये तो वहां के कार्यकर्ताओं ने भोजन की व्यवस्था करायी। प्रदेश के एक सौ पच्चासी स्थानों पर राहत सेवा केन्द्र शुरू किये गए। दस लाख तैतीस हजार प्रवासी श्रमिकों को भोजन उपलब्ध कराया गया। दो लाख मास्क प्रवासी श्रमिकों को उपलब्ध कराए गए। प्रवासी श्रमिकों को आवश्यकता अनुसार सैंतालीस हजार चप्पल भी उपलब्ध करायी गई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कार्यक्रम में ठीक कहा कि जन संघ के समय से ही ये सेवा भाव की परंपरा और संस्कार हमारे अंदर आत्मसात हुए। जनसंघ और भाजपा के जन्म का मूलतः उद्देश्य ही यही था कि हमारा देश सुखी व समृद्ध बने। इसी मूल प्रेरणा के साथ हम लोग राजनीति में आए है। सदैव सत्ता को सेवा का माध्यम माना। कभी भी सत्ता को अपने लाभ का माध्यम नहीं बनाया। निःस्वार्थ सेवा ही संकल्प रहा है। यही संस्कार रहे हैं। अपने पूर्वगामियों की तपस्या से ये संस्कार मिले हैं। इसी के अनुरूप भाजपा की सरकारें व संगठन सेवा कार्य में समर्पित है।

About Samar Saleel

Check Also

सीएमएस अशरफाबाद कैम्पस द्वारा ‘ओपेन डे समारोह’ का भव्य आयोजन

लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल अशरफाबाद कैम्पस द्वारा विद्यालय प्रांगण में आयोजित ‘ओपेन डे एवं पैरेन्ट्स ओरिएन्टेशन ...