Breaking News

सपा मुखिया अखिलेश ने ली चुटकी, कहा-ट्विन टावर की ट्विन डिप्टी सीएम की ट्विन ट्वीट एक सी है

औरैया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सोमवार को बिधूना कस्बा पहुंचे। जहां पर उन्होंने केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंनें कहा कि आने वाले 2024 के चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखायेगी। ट्विन टावर मामले में सपा पर लग रहे आरोप के मामले में कहा कि ट्विन टावर मामले में हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट की बहस और समय-समय पर समाचार पत्रों में निकली समीक्षा पढ़ेगे तो पता चलेगा कि कौन लोग दोषी है। जो दोषी है उनके खिलाफ कार्रवाई हो।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव औरैया जिले के कस्बा बिधूना में पार्टी के प्रदेश सचिव देवेश शाक्य के आवास पर पत्रकारों के साथ वर्ता कर रहे थे। यह पूछे जाने पर कि प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने आरोप लगाया है कि ट्विन टावर सपा सरकार में भ्रष्टाचार का नमूना था। पर सपा मुखिया ने कहा कि ये जो डिप्टी सीएम हैं। यह दूसरे के विभाग की एक फायल नहीं देख पाये होंगे और ये जो बोल रहे हैं वह उनसे भाजपा के बड़े-बड़े नेता जानबूझ कर बुलवाते हैं। कि वो पिछड़े है और पिछड़ों में झगड़ा बना रहे। वो (केशव मौर्या) जो बोलते हैं वो लिखकर आता है। सपा मुखिया ने ली चुटकी लेते हुए कहा कि ट्विन टावर की, ट्विन डिप्टी सीएम की, ट्विन ट्वीट एक सी है। दोनों डिप्टी सीएम की ट्वीट एक सी है, इसका मतलब कापी पेस्ट है उन्हें कोई दिल्ली या बाहर से लिखकर भेज रहा है, वही वो पोस्ट कर रहे हैं। कहा कि केवल ट्विन टावर नहीं जितनी भी बिल्डिंग व टावर बिल्डिंग लाॅज के अनुरूप नहीं बने हैं। उन सभी में इसी तरह बारूद लगा के गिरा देना चाहिए। कहा कि जांच करें कि पूरे देश व प्रदेश में जितनी भी बिल्डिंग या टावर नियम विरूद्ध बने हैं वो सभी गिरा देने चाहिए।

सपा मुखिया ने कहा कि चुनाव दौरान भाजपा ने जो भी वायदे किये सभी झूठे निकले। नोटबंदी के बहाने कालाधन वापस लाने और भ्रष्टाचार खत्म होने की बात कही। मगर आज भ्रष्टाचार की सीमाएं टूट गयीं हैं। कोई स्थान नहीं बचा जहां पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार न हो। इनके मंत्री विधायक खुद सरकार के कामकाम से शर्मिंदा हैं। नोयडा की घटना देखी होगी। वहां के सांसद को खुद पुलिस के कामकाज से शर्मिंदगी व्यक्त करते देखे गया, कि वो एक महिला को न्याय नहीं दिला पा रहे हैं। कहा कि आज हर स्तर पर भ्रष्टाचार बढ़ा और मंहगाई बढ़ी है। जो लोग जीएसटी के बहाने दूध दही पर टैक्स लगा सकते हैं, वह कुछ भी कर सकते हैं। कहा कि आपके बगल के जिले फर्रूखाबाद में फौज की भर्ती होने जा रही है।

113000 जवानों ने फार्म भरे हैं, जैसे आंकड़े बता रहे है उससे लग रहा है कि 110000 से ज्यादा लोग घर लौटकर वापस आयेंगे। जिन्हें कोई भर्ती नहीं मिलेगी, ये हालत भाजपा ने पैदा कर दिये हैं। अब बेरोजगारी मंहगाई की बात नहीं कर रहे है।
कहा कि नमक व राशन की कसम दिलाकर वोट लेने वालों को भगवान भी मांफ नहीं करेंगे। उन पर कितना बड़ा पाप पड़ने जा रहा है, उन्हें गरीबों की हाय लगेगी। यह बच नहीं पायेेंगे अगले चुनाव में।

चिंता मंहगाई पर करनी चाहिए, बिजली बिल, गैस सलेंडर की बढ़ी कीमतों पर करनी चाहिए। जो सड़कें सपा सरकार में बनी थीं वो वैसी की वैसी हैं उनमें गडढ़े तक नहीं भर पाये। भाजपा झूठ बोलेगी इसलिए इनके झूठ का पर्दाफास होने चाहिए। पश्चिम क्षेत्र से भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने के सवाल पर पूर्व सीएम ने कहा कि उनके बनने से पश्चिम में कोई फर्क नहीं पड़ेगा। इन्होंने फ्री बिजली देने का वायदा किया था, पश्चिम के लोगों को फ्री बिजली का इंजतजार था, क्या पश्चिम के किसानों को फ्री बिजली दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अस्पतालों की हालत देखकर खुद डिप्टी सीएम शर्मिंदगी व्यक्त कर चुके हैं। कहा कि जो सरकार में बैठे लोग है वह खुद शर्मिंदा हैं। एक विधायक तो ये कह रहा है कि पुलिस को पैसा वापस करना पड़ेगा। नोयड़ा में पीएचसी में बच्चे का जन्म हुआ और उसे जानवर ने खा लिया जिससे उसकी जान चली गयी, कौन दोषी है। ये सरकार के लोग अस्पतालों में जाकर धूम रहे है। मैं जानना चाहता हूं कि क्या अस्पतालों की सूरत बदल रही है। वहां न दवाई है न इलाज है। अगर आॅपरेशन भी होना है तो महीनों की डेट मिलेगी तब जाकर आॅपरेशन होगा। जो एम्बुलेंस चली थी वो बर्बाद हो गयी। पुलिस की 100 व 112 वो बर्बाद कर दी। योजनाएं समाप्त हो गयीं। सरकार के पास कोई जवाब नहीं है। ये मनमानी अब ज्यादा दिनों तक चलने वाली नहीं है। अगले चुनाव में जनता इन्हें सबक सिखायेगी।

इस दौरान सपा के प्रदेश मंत्री देवेश शाक्य, विधायक प्रदीप यादव, जिलाध्यक्ष राजवीर यादव, पूर्व राज्यमंत्री विनोद यादव कक्का, पूर्व राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त मोहम्मद इरशाद, पूर्व प्रमुख सुमन दिवाकर, पूर्व प्रमुख देवेन्द्र यादव ,जिला पंचायत सदस्य रवी दोहरे, पल्लवी पाल, धप्पी यादव, लाले सिद्दीकी, रामपाल यादव आदि पार्टीजन मौजूद रहे।

रिपोर्ट-शिव प्रताप सिंह सेंगर 

About Samar Saleel

Check Also

कैम्पा कोला का नया कैंपेन लॉन्च, कोका कोला और पेप्सी को मिलेगी कड़ी टक्कर

• गर्मियों में कोक और पेप्सी को टक्कर देनें को तैयार है रिलायंस का कैम्पा ...