Breaking News

बेहतर कार्य प्रणाली सार्थक परिणाम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्य प्रणाली को बेहतर व प्रभावी बनाने पर शुरू से जोर दिया। इसके सार्थक परिणाम हुए है। प्रदेश के सभी क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिली है। इसके साथ ही योगी आदित्यनाथ ने निर्मांण कार्यों को निर्धारित अवधि में पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि में योजनाएं पूरी ना होने से उनकी लागत बढ़ जाती है। इससे सरकारी राजकोष पर अनावश्यक बोझ बढ़ता है। जनता को भी सुविधाएं मिलने में बिलंब होता है। उनके निर्देश के चलते बड़ी संख्या में योजनाएं पूरी की गईं। उनका उद्घाटन भी किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि जनता का प्रतिनिधित्व अच्छा होता है, तो विकास को गति मिलती है और विकास की योजना का बेहतर लाभ आम जन मानस को प्राप्त होता है। गोरखपुर नगर निगम द्वारा विकास के लिए उपलब्ध धनराशि का प्रयोग जन सुविधाओं के लिए किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने हर गरीब को आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आवास योजना प्रारम्भ की।

हर गरीब को अपना आवास मिले, इसके लिए सरकार द्वारा बिना भेदभाव सभी को आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। विकास की योजना का लाभ पाना जनता का अधिकार है। गोरखपुर महानगर में पच्चीस हजार लोग प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी से लाभान्वित हुए हैं। प्रदेश सरकार द्वारा हर घर में शौचालय उपलब्ध कराया गया है। अशुद्ध पेयजल एवं गंदगी मस्तिष्क ज्वर जैसी बीमारियों को जन्म देती है। सरकार सभी को बिना भेदभाव स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उपलब्ध करा रही है। जिसके कारण इंसेफलाइटिस एवं कोरोना जैसी बीमारियों को नियंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य पद्धति ही किसी की पहचान होती है।

योगी आदित्यनाथ ने दो सौ सैंतीस विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इनमें एक सौ तैतीस परियोजनाओं का लोकार्पण तथा एक सौ चार परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की योजना बनाते समय जनता की प्राथमिकता को ध्यान में रखा जाये। उसको समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाये। समयबद्धता से कार्य करने में विचलन की छूट न दी जाये। कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। पात्रता का चयन सही हो। इसके साथ ही उन्होंने गोरखपुर महानगर में जल जमाव की समस्या से निजात हेतु एक विस्तृत कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोरोना काल खण्ड में पार्षदों जन प्रतिनिधियों द्वारा प्रतिबद्धता के साथ बेहतर कार्य किया गया है। जिसका परिणाम अच्छा आया है। इसी कार्य पद्धति के माध्यम से निरन्तर आगे बढ़ना होगा।

हम सबको एक सजग नागरिक के रूप में विकास एवं सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहना चाहिए। सजगता बहुत लोगों का जीवन बचाने में बड़ी भूमिका का निर्वहन कर सकती है। जनता के साथ सतत संवाद आवश्यक है। सजगता किसी भी व्यवस्था को सुरक्षित रखती है। उन्होंने कहा कि विकास की स्वीकृत योजनाओं में समग्रता छिपी होती है। सबका साथ और सबका विकास का भाव निहित होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना पटरी व्यवसायियों के लिए एक अच्छी योजना है। जिसमें गरीब पटरी व्यवसायियों को मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि एक जनपद, एक उत्पाद योजना के तहत ठोस कार्ययोजना तैयार कर बैंकों से ऋण प्राप्त किया जा सकता है। बीआरडी मेडिकल कॉलेज अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। एम्स व फर्टिलाइजर संयंत्र का लोकार्पण माह अक्टूबर में प्रस्तावित है। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की दृष्टि से एम्स का निर्माण कराया गया है।

ओलंपिक प्रतिभागियों से संवाद

योगी आदित्यनाथ टोक्यो ओलम्पिक में हिस्सा लेने वाले उत्तर प्रदेश के दस खिलाड़ियों से वर्चुअल संवाद किया। उत्साह वर्धन के साथ ही उनको शुभकामना दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ओलम्पिक में एकल खेल में स्वर्ण पदक लाने वाले खिलाड़ियों को छह करोड़ रुपए,रजत पदक लाने वालों को चार करोड़ तथा कांस्य पदक लाने वाले खिलाड़ियों को दो करोड़ रुपए, प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को दस लाख रुपए तथा टीम खेल में स्वर्ण पदक लाने पर तीन करोड़ रुपए, रजत पदक लाने पर दो करोड़ रुपए, कांस्य पदक लाने पर एक करोड़ रुपए एवं प्रतिभाग करने पर दस लाख रुपए का सहयोग करती है।

योगी ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा है कि अपने खिलाड़ियों को आगे बढ़ना चाहिए। अलग अलग फील्ड के प्रतिभाशाली लोगों को सरकार की ओर से एक मंच मिलना चाहिए। केन्द्र एवं राज्य सरकार इसी दिशा में प्रयास कर रही है। खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री ने खेलो इंडिया के माध्यम से देश एवं प्रदेश के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है। प्रदेश सरकार ने इसे आगे बढ़ाया है।

About Samar Saleel

Check Also

भीख मांगने वालों ने कुचला महिला का सिर, स्टेशन की पार्किंग में फेंका; मामूली विवाद पर वारदात को दिया अंजाम

मथुरा : उत्तर प्रदेश के मथुरा में मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन की धौली प्याऊ पार्किंग ...