Breaking News

योगी के मथुरा संवाद का निहितार्थ

आस्था के मुद्दे पर भाजापा का बिचार सदैव स्पष्ट रहा है। उसके लिए यह साम्प्रदायिक नहीं बल्कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के विषय रहे है। मोदी और योगी की डबल इंजन सरकार ने इस दिशा में अभूतपूर्व कार्य किये है। अयोध्या काशी व मथुरा के विकास हेतु सर्वाधिक कार्य विगत पांच वर्ष में हुआ है। इस क्रम में योगी आदित्यनाथ की मथुरा यात्रा महत्वपूर्ण रही। उनके संवाद का व्यापक निहितार्थ रहा। उन्होंने अपरोक्ष रूप से मथुरा में आस्था के स्थल का उल्लेख किया। सरकार तीर्थाटन व पर्यटन विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उत्तर प्रदेश में पहले चरण के मतदान को कुछ ही दिन बचे है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चुनावी सरगर्मी तेज है। चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप प्रचार कार्य जारी है। सर्वाधिक सक्रियता भाजपा में दिखाई दे रही है। उसमें दिग्गज स्टार प्रचारकों की संख्या भी सर्वाधिक है। क्षेत्रीय पार्टियां इस आधार पर पिछड़ जाती है। इसका कारण है कि ऐसी पार्टियां व्यक्ति आधारित होती है।

भाजपा विचार व कैडर आधारित पार्टी है। इसलिए इसमें सामान्य कार्यकर्ता भी संगठन व सरकार की शीर्ष श्रेणी में पहुंच सकता है। राष्ट्रीय व प्रांतीय स्तर पर दिग्गजों की कमी नहीं है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य डॉ दिनेश शर्मा प्रदेश अध्यक्ष स्वतन्त्र देव सिंह प्रभावी मतदाता संवाद में सहभागी हो रहे है। इन सभी के पास योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाने के लिए बहुत कुछ है।

इसके साथ ही विपक्ष पर हमला बोलने के लिए मुद्दों की कमी नहीं है। क्योंकि वर्तमान सरकार के पहले बसपा और सपा को पूर्ण बहुमत से पूरे कार्यकाल तक सरकार चलाने का अवसर मिला था। ऐसे में मतदाताओं के समक्ष बसपा सपा और वर्तमान भाजपा सरकार का रिपोर्ट कार्ड है। भाजपा ने अपना रिपोर्ट कार्ड दस्तावेज के रूप में जारी किया था। उसकी उपलब्धियों को प्रत्यक्ष रूप में देखा जा सकता है। करोड़ों की संख्या में सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। इसमें किसान सम्मान निर्धन आवास,करीब तीन दर्जन मेडिकल कॉलेज,पांच एक्सप्रेस वे,श्री काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर निर्मांण के अलावा निशुल्क राशन शौचालय,आयुष्मान उज्ज्वला आदि अनेक का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है। प्रभावी मतदाता संवाद में भाजपा नेता इन तथ्यों का उल्लेख कर रहे है। इसके आधार पर पिछली सरकारों से तुलना की जा रही है। योगी आदित्यनाथ पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य व कोरोना उपचार की व्यवस्था का जायजा ले रहे है। इसके दृष्टिगत वह राजधानी लखनऊ में समीक्षा बैठक करते है। इसके अलावा वह जनपदों की यात्रा कर रहे है। जहां वह आपदा प्रबंधन व स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण करते है। संबधित अधिकारियों विशेषज्ञों व जन प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक करते है। गत दिवस योगी आदित्यनाथ मथुरा के प्रवास पर थे। जहां सार्वजनिक सभाओं,जनसम्पर्क व कई संगठनात्मक कार्यक्रमों में सम्मिलित हुए।

उन्होंने रामलीला मैदान गुलावठी, बुलन्दशहर,स्वामी आदर्श इंटर कालेज, ग्राम तरौली,छाता,मथुरा लाला जी का बाडा, गोवर्धन,मुथरा,बीएन पोद्दार इंटर कालेज, मथुरा में आयोजित जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत की अस्मिता और सनातन आस्था के मानबिन्दुओं के सम्मान व अपने अतीत की गौरवशाली परम्परा की पुनर्स्थापना भाजपा का ध्येय है। अयोध्या में प्रभु श्री राम का मंदिर और काशी में भगवान विश्वनाथ का भव्य धाम बन रहा है। फिर मथुरा वृन्दावन कैसे छूट जाएगा। ब्रज तीर्थ विकास परिषद इसी उद्देश्य की पूर्ति कर रहा है। परित्राणाय साधूनां, विनाशाय च दुष्कृताम् का संदेश देती यह पावन धरा हर युग में आततायी अराजक कंस के पराजय का उद्घोष करती रही है। प्रथम उत्तर प्रदेश दिवस आयोजन के सुअवसर पर प्रदेश की विशिष्ट शिल्प कलाओं एवं उत्पादों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ओडिओपी योजना प्रारम्भ की गई थी।
इसके माध्यम से आज बुलंदशहर की अप्रतिम शिल्पकला के प्रतीक सिरेमिक उत्पादों को वैश्विक पहचान मिली है। माँ अवंतिका देवी के आशीर्वाद से आच्छादित कश्यप ऋषि की सिद्धस्थली,मॉं गंगा यमुना की अविरल धाराओं के मध्य स्थित बुलंदशहर महाभारतकालीन ऐतिहासिक धरा है।

मॉं गंगा की तरह भाजपा ने भी बिना किसी भेदभाव के बुलंदशहर का समग्र विकास किया है। डबल इंजन की भाजपा सरकार ने ऋण माफी से लेकर फसल ​बीमा तक किसान कल्याण हेतु अनेक क्रांतिकारी कदम उठाए हैं। योगी ने कहा कि सप्तपुरियों में वर्णित पावन अयोध्या, मथुरा और काशी में उत्तर प्रदेश की पहचान बन रही है। अयोध्या दीपोत्सव,ब्रज रंगोत्सव और काशी देव दीपावली जैसे आयोजनों के माध्यम से इन पवित्र नगरों में धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन मिला है।

इससे आस्था का सम्मान और अर्थव्यवस्था का संवर्धन हो रहा है। सनातन आस्था का सम्मान करते हुए भाजपा सरकार ने पुण्यभूमि मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि स्थल के दस वर्ग किलोमी​टर के क्षेत्र को तीर्थ स्थल घोषित किया है। इस पावन भूमि पर अब मदिरा-मांस का क्रय विक्रय नहीं होता।

भाजपा सरकार ही है जिसने जन भावनाओं के अनुरूप मथुरा-वृंदावन को नगर निगम घोषित किया। प्रदेश में नागरिक सुविधाओं में बढ़ोत्तरी के लिए भाजपा सरकार ने निरंतर प्रयास किए हैं। छाता बरसाना मार्ग पर फोर लेन रेल उपरिगामी सेतु का निर्माण होने से यहां के निवासियों का आवागमन आसान हुआ है। मथुरा के कोसी कलां में आठ सौ करोड़ से अधिक की पेप्सिको यूनिट की स्थापना से औद्योगीकरण और रोजगार सृजन को नए आयाम मिले हैं। योगी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार की शुरुआत व समापन मथुरा में दंगों के साथ हुई थी। कोसीकलां और जवाहर बाग की हिंसा को यहां के लोग भूल नहीं सकते। सपा सरकार में मुजफ्फरनगर, कोसीकलां दंगे हुए। जवाहर बाग की जमीन को कब्जाने के लिए जवाहर बाग हिंसा कराई गई। भाजपा सरकार में कोई दंगा नहीं हुआ। सपा ने कब्रिस्तान की चाहरदीवारी करवाई लेकिन हमें हमारे धाम प्रिय हैं। हमने वह पैसा ब्रज तीर्थ विकास परिषद को देकर ब्रज को संवारने का काम किया। वह सैफई महोत्सव करते थे। जिसमें राग,रंग,भाव और भक्ति नहीं होती थी। भाजपा की सरकार ने अयोध्या मे दीपोत्सव तो बरसाना में रंगोत्सव रंगीली होली करवाई। योगी ने कहा कि सपा में दंगाई और दंगा होते है। हमने सभी पर बुलडोजर चलवा दिया। अब चुनाव में फिर दंगाई रेंग रहे हैं, हम भी कह रहे हैं कि मार्च मे फिर से भाजपा सरकार बनेगी तो सभी की गर्मी शांत कर दी जाएगी। सरकार सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की प्रेरणा से कार्य कर रही है।

पिछली बार राजपथ पर गणतंत्र दिवस परेड पर अयोध्या के श्री राम मंदिर की झांकी निकली थी। इस बार श्री काशी विश्वनाथ धाम की झांकी का प्रदर्शन किया गया। उत्तर प्रदेश की झांकी में श्री विश्वनाथ धाम की झांकी और काशी के घाट पर संस्कृति की झलक को प्रदर्शित किया गया था। गंगा स्नान करते साधु और पूजन करते हुए बटुकों का दल भी दिखाया गया था। भव्य श्री काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तेरह दिसम्बर को किया था।

यह धाम देश दुनिया के लिये आकर्षण का केन्द्र बन गया है। पर्यटकों की संख्या कई कई गुना बढ़ गई है। गंगा तट मणिकर्णिका घाट और ललिता घाट से धाम तक पचास हजार दो सौ वर्ग मीटर में धाम का विस्तार किया गया है।

अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण का सपना पांच शताब्दी पुराना था। कुछ समय पहले तक इसका कोई समाधान दिखाई नहीं दे रहा था। अंततः यह सपना साकार हुआ। पांच सदियों का समय कोई कम नहीं होता। ऐसे में मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त होना ऐतिहासिक व अभूतपूर्व था।

पांच अगस्त को श्री रामभूमि पर मंदिर निर्माण हेतु भूमि पूजन हुआ था। भाजपा सरकार द्वारा आस्था का सम्मान करते हुए गढ़मुक्तेश्वर मेले को राजकीय मेले का दर्जा देने से श्रद्धालुओं को सुविधा मिली है। पर्यटन व रोजगार की असीम संभावनाओं को विस्तार मिला है। सरकार प्राचीन विरासत को सुरक्षित समृद्ध और सशक्त करने का भी दायित्व निभा रही है। धोलावीरा की हड़प्पा साइट और तेलंगाना की तेरहवीं शताब्दी की काकतीय रुदेश्वर रामप्पा मंदिर को विश्व धरोहर स्थल घोषित किया गया है। सौ वर्ष पूर्व भारत में चोरी हुई मां अन्नपूर्णा की मूर्ति को वापस लाकर काशी विश्वनाथ मंदिर में स्थापित किया गया है।

रिपोर्ट-डॉ. दिलीप अग्निहोत्री

About Samar Saleel

Check Also

अवध विवि के प्रो विनोद श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश उत्तराखण्ड आर्थिक संघ के महासचिव बने

अयोध्या। डाॅ राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र एवं ग्रामीण विकास विभाग के प्रो विनोद ...