Breaking News

मिशन शक्ति व्यापक सन्देश

डॉ. दिलीप अग्निहोत्री

मिशन शक्ति उत्तर प्रदेश सरकार का अभिनव प्रयोग है। इसके माध्यम से महिला सम्मान व सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। पिछली नवदुर्गा पर इसका प्रथम चरण संचालित किया गया था।

इस बार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर इसका शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इसका सकारात्मक प्रभाव हो रहा है। सुरक्षा व सम्मान प्राथमिकता है। इसी के साथ सरकार महिलाओं को स्वावलंबी व आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी कार्य कर रही है।

सार्थक अभियान

योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि महिला सुरक्षा,सम्मान व स्वावलम्बन से महिला सशक्तिकरण होगा। इसके लिए जागरूकता आवश्यक है।

इसी क्रम में राज्य सरकार द्वारा ‘मिशन शक्ति अभियान’ का संचालन किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम दिखायी दे रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मिशन शक्ति अभियान अपने लक्ष्यों को प्राप्त करेगा और महिलाओं के सशक्तिकरण से पूरे समाज व देश में समृद्धि आएगी। मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास पर हिन्दुस्तान मिशन शक्ति महासंवाद कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से सम्बोधित किया।

बजट में महिला सामर्थ्य

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस बार बजट में महिलाओं के लिए नई योजनाओं का प्राविधान किया गया है। नवीन महिला सामर्थ्य योजना लागू की जा रही है। इसके माध्यम से राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में महिला दुग्ध उत्पादकों के स्वयं सहायता समूहों की आजीविका में वृद्धि का कार्य किया जाएगा।

इस सन्दर्भ में उन्होंने झांसी में बालिनी मिल्क प्रोड्यूसर कम्पनी लि की चर्चा करते हुए कहा कि इस संस्था ने छियालीस करोड़ रुपए का कारोबार करते हुए दो करोड़ रुपए का लाभ अर्जित किया है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन की दुकानों के निरस्त होने पर राशन वितरण का कार्य महिला स्वयं सहायता समूहों तथा पुष्टाहार वितरण कार्यक्रम से भी महिला स्वयं सहायता समूहों को जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।

स्वामित्व योजना

प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के तहत आबादी में निर्मित आवासों की भूमि का स्वामित्व प्रदान करने के लिए सर्वे की कार्यवाही संचालित है। इस योजना के तहत आबादी की जमीन में महिलाओं को सह खातेदार के रूप में स्वामित्व का अधिकार प्राप्त होगा,जिससे बड़ी संख्या में महिलाएं लाभान्वित होंगी।  मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छे और सुरक्षित आवासों की आवश्यकता के दृष्टिगत आवास निर्माण के क्षेत्र में व्यापक सम्भावनाएं हैं,जिन पर कार्य किया जा सकता है।

About Samar Saleel

Check Also

शादीशुदा प्रेमिका के साथ बिस्तर में था प्रेमी, सास ने देख लिया तो मार डाला; गिरफ्तार

एटा:  उत्तर प्रदेश के एटा में महिला ने प्रेमी संग मिलकर सास की गला दबाकर ...