Breaking News

उत्‍तर रेलवे ने यात्री, पार्सल एवं अन्‍य कोचिंग आय में उल्‍लेखनीय उपलब्‍धि हासिल की

नई दिल्‍ली। विभिन्‍न बाधाओं और चुनौतियों के बावजूद वित्‍तीय वर्ष 2022-2023 में उत्‍तर रेलवे (Northern Railway) ने यात्री, पार्सल एवं अन्‍य कोचिंग आय में उल्‍लेखनीय उपलब्‍धियां हासिल की हैं। उत्‍तर रेलवे ने यात्री, पार्सल एवं अन्‍य कोचिंग आय में सर्वाधिक आय अर्जित कर भारतीय रेल की सभी क्षेत्रीय रेलों में पहला स्‍थान हासिल किया है।

👉उत्तर रेलवे: लखनऊ मंडल में आयोजित की गई उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन की 210वीं दो दिवसीय बैठक

उत्‍तर रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगल ने बताया कि उत्‍तर रेलवे ने वर्ष 2022-2023 के दौरान वाणिज्‍यिक आय में राजस्‍व अर्जन के 3 नए आयाम अर्जित किये हैं।

यात्री आय: Northern Railway ने वित्‍तीय वर्ष 2022-2023 में मूल यात्री आय में 10,000 करोड़ रुपए के राजस्‍व अर्जन के साथ सभी क्षेत्रीय रेलों में पहला स्‍थान प्राप्‍त किया है। उत्‍तर रेलवे यह उपलब्‍धि हासिल करने वाली पहली रेलवे बन गई है। उत्‍तर रेलवे ने रेलवे बोर्ड द्वारा वित्‍तीय वर्ष 2022-2023 के लिए दिए गए यात्री आय के 10168 करोड़ रुपए के कठिन लक्ष्‍य को मार्च, 2023 के पहले सप्‍ताह में ही हासिल कर लिया।

उत्‍तर रेलवे

इस वित्‍तीय वर्ष का अंतिम आंकड़ा लगभग 11000 करोड़ रुपए के आस-पास रहने का अनुमान है। यह न केवल Northern Railway का अब तक का सर्वश्रेष्‍ठ रिकॉर्ड है, बल्‍कि इसने यात्री क्षेत्र में सभी क्षेत्रीय रेलों में उच्‍च आय अर्जित करके अपनी स्‍थिति को बनाए रखा है। उत्‍तर रेलवे ने यात्री आय के क्षेत्र में दूसरे स्‍थान पर आने वाली रेलवे की आय से लगभग 4000 करोड़ रुपए अधिक अर्जित किए हैं।

👉रेल सम्पत्ति की सुरक्षा एवं अवैध सामानों की धर-पकड़ का चला रहा अभियान

अन्‍य कोचिंग आय: उत्‍तर रेलवे ने अन्‍य कोचिंग आय में 20 मार्च, 2023 तक 1052 करोड़ रुपए की आय दर्ज करके अन्‍य क्षेत्रीय रेलों को पीछे छोड़ते हुए पहली बार 1000 करोड़ रुपए का आंकड़ा छुआ है। यह भी अब तक का सर्वश्रेष्‍ठ रिकॉर्ड है और दूसरे नम्‍बर पर आने वाली श्रेष्‍ठ क्षेत्रीय रेल की आय से 250 करोड़ रुपए अधिक है।

पार्सल आय: उत्‍तर रेलवे की पार्सल आय वित्‍तीय वर्ष 2022-2023 में 500 करोड़ रुपए को पार कर गयी है, जोकि सभी क्षेत्रीय रेलों में सर्वाधिक है। रेलवे की आय, पार्सल आय के क्षेत्र में दूसरे स्‍थान पर रहने वाली रेलवे से 200 करोड़ रुपए अधिक है। एक वित्‍तीय वर्ष में कोई भी अन्‍य क्षेत्रीय रेलवे 500 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार नहीं कर पाई है।

👉उत्तर रेलवे ने अब तक का सर्वाधिक 10 हजार करोड़ रुपये की यात्री आय अर्जित किया

वित्‍तीय वर्ष 2022-2023 के दौरान यात्री और पार्सल क्षेत्रों में उत्‍तर रेलवे का सर्वश्रेष्‍ठ आय निष्‍पादन ऐतिहासिक रहा है। Northern Railway अपने सभी ग्राहकों और यात्रियों का उनके सहयोग के लिए आभार व्‍यक्‍त करती है और उनकी आकांक्षाओं और अपेक्षाओं को पूरा करने में सेवा के अपने उच्‍च मानकों को बनाए रखने का आश्‍वासन देती है।

रिपोर्ट-दया शंकर चौधरी

About Samar Saleel

Check Also

श्रीलंका की जेल से रिहा हुए 5 भारतीय मछुआरे

चेन्नई। श्रीलंका नौसेना द्वारा हिरासत में लिए गए 5 भारतीय मछुआरों को बुधवार को भारत ...