Breaking News

विपक्ष का चुनाव में हमेशा के लिए होगा सूपडा साफ : डॉ. दिनेश शर्मा 

लखनऊ। उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि विपक्ष का इस  बार के चुनाव में हमेशा के लिए सूपडा साफ होने वाला है। विपक्ष पर जनता को बहकाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के लोग  केवल झूठी अफवाह फैलाने का काम करते हैं। अंग्रेज बांटो व राज करो की नीति पर काम करते थे तथा कांग्रेस ने भी इसी नीति के आधार पर शासन किया। पंजे ने देश को बहुत नुकसान पहुचाया है। भाजपा बांटने में नहीं बल्कि जोडने में यकीन करती है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह केवल हवा हवाई घोषणा कर रहा है। उन्हे खुद भी मालूम हैं कि वे सत्ता में नहीं आने वाले हैं। उनकी हालत तो ऐसी है कि चुनाव के लिए प्रत्याशी तक नहीं मिल रहे हैं। एक दल तो विजय यात्रा निकाल रहा है पर उन्हें भी मालूम है कि आने वाले समय में पराजय यात्रा ही निकलने वाली है।

भाजपा द्वारा आयोजित सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन अनुसूचित मोर्चा की बैठक में  उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि देश में सर्वोच्च स्थान पर इसी समाज का व्यक्ति विराजित है। इस समाज को आज जो मान सम्मान सुविधा मिली है वह मोदी और योगी सरकार की देन हैं। इसके पूर्व की सरकारों ने समाज की केवल उपेक्षा की थी। कोरोना काल में देश और प्रदेश ने मजबूत काम किया है क्योकि देश और प्रदेश की सरकारें जनता की सुरक्षा व सेवा के लिए कटिबद्ध हैं। कोरोना काल में गरीब को राशन, हर रेहडी वाले को 1000 रुपए आदि  जैसी तमाम सुविधाएं मोदी और योगी सरकार की देन हैं।

जीवन स्तर में आये सकारात्मक  बदलाव से  लोगों का शासन के प्रति भरोसा बढा है। नए भारत के नए उत्तर प्रदेश में 42 लाख गरीबों के आवास बनाये गए हैं। इसी प्रकार स्वच्छ भारत मिशन के तहत 2.61 करोड़ व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण कराया गया है। उज्ज्वला योजना में 1.56 करोड़ नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिए गए, वहीं सौभाग्य योजना में 01 करोड़ 38 लाख से अधिक नि:शुल्क विद्युत कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। आयुष्मान भारत के तहत 06 करोड़ लाभार्थियों को स्वास्थ्य बीमा कवर तथा 03 करोड़ प्रवासी निवासी श्रमिकों को 02 लाख रुपये सामाजिक सुरक्षा गारण्टी दी गई है।

डा शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब विकास के  सर्वोच्च पायदान की ओर अग्रसर है। प्रदेश में सुविधाओं का तेजी से विकास हुआ है। सडकें दूरियों को कम कर रही है। हमीरपुर से राठ जाने वाली जिस सडक पर साढे तीन घंटे का समय यात्रा पूरी करने में लगता था, आज वही यात्रा मात्र एक घंटे में पूरी हो रही है। जिस बुन्देलखण्ड में लोग पानी के लिए परेशान रहते थे वहां अब हर घर में नल से पानी की व्यवस्था हो रही है। गांव गांव पानी की टंकियां लग रही हैं।  यही वह बदलाव है जो भाजपा प्रदेश में लेकर आई है।

शिक्षा क्षेत्र में क्रान्तिकारी बदलाव आए हैं। 250 से अधिक माध्यमिक विद्यालय, 77 नए महाविद्यालय तथा 12 विश्वविद्यालय पिछले चार साल में बने हैं। उत्तर प्रदेश  शिक्षा का नया माडल बना है। नकलविहीन परीक्षा यूपी की नई पहचान है। जब सरकार बनी थी तो प्रदेश में गिने चुने मेडिकल कालेज थे पर वर्तमान सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए हर जिले में मेडिकल कालेज की स्थापना की दिशा में काम आगे बढाया। आज प्रदेश में 33 मेडिकल कालेज  बनने की दिशा में काम हो रहा है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की इच्छा है कि समाज के लोग पढ लिखकर आगे बढें और सरकारी नौकरियों में उनकी भागीदारी बढे। साढे चार साल की सरकार में  बिना किसी विवाद के साढे चार लाख नौकरियां दी गई हैं।

3.5 लाख युवाओं को संविदा पर नियुक्ति, ओडीओपी  से 2 करोड को रोजगार, स्टार्टअप नीति से 5 लाख युवाओं को रोजगार जैसे तमाम रोजगार के अवसर पैदा किए गए हैं। करीब 6000 रुपए साल किसानों के खाते में सम्मान निधि पहुच रही है। यह बदले हुए उत्तर प्रदेश की कहानी है। यह वही उत्तर प्रदेश है जिसमें पिछली सरकारों के समय में माफियाओं की सवारी निकलती थी। जनता भयत्रस्त रहती थी । वर्तमान सरकार ने कानून का राज स्थापित किया है। अब माफिया या तो जेल में हैं या फिर यूपी छोडकर ही चले गए हैं या फिर सरकार से माफी की गुहार लगा रहे हैं। अपराध के प्रति जीरो टालरेन्स की नीति से प्रदेश में  अमन चैन कायम हुआ है।

About Samar Saleel

Check Also

खुन खुनजी गर्ल्स पीजी कॉलेज में AdMad का आयोजन

लखनऊ। आज खुन खुन जी गर्ल्स पीजी कॉलेज के वाणिज्य विभाग द्वारा कॉलेज परिसर में ...