Breaking News

लोकपाल ने किया रजत शर्मा का इस्तीफा मंजूर, डीडीसीए को कहा अलविदा

दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष रजत शर्मा का अपने पद से इस्तीफा लोकपाल ने मंजूर कर लिया है और इसके साथ ही उन्होंने डी.डी.सी.ए. को अलविदा कह दिया है। रजत शर्मा का डी.डी.सी.ए. में डेढ़ साल से अधिक समय का कार्यकाल विवादों से भरपूर रहा और पिछले साल चुनाव होने के कुछ दिन बाद ही विरोधियों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया था।

रजत शर्मा ने इस महीने 16 नवम्बर को डी.डी.सी.ए. में दबाव और राजनीति का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था लेकिन इसके अगले ही दिन डी.डी.सी.ए. के लोकपाल जस्टिस बदर दुरेज अहमद ने शर्मा को अपने पद पर बने रहने को कहा। उसके लगभग 13 दिन बाद लोकपाल ने रजत शर्मा का इस्तीफा मंजूर कर लिया।

रजत शर्मा ने लोकपाल को अपने ताजा इस्तीफे में कहा था कि वह उन्हें अपनी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दें। उन्होंने साथ ही कहा था कि वह इस संगठन में नहीं रहना चाहते जिसमें इतने विवाद चलते रहते हैं। लोकपाल के 17 नवम्बर को रजत शर्मा के पद पर बने रहने के निर्देश को शीर्ष परिषद ने ठुकरा दिया था और कहा था कि रजत शर्मा को अब पद पर बने रहने का हक नहीं है।

रजत शर्मा के लगभग 20 महीने के कार्यकाल की एकमात्र बड़ी उपलब्धि यही रही कि राजधानी के फिरोजशाह कोटला मैदान का नाम पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेतली के नाम पर अरुण जेतली स्टेडियम रख दिया गया। इस दौरान उनके महासचिव विनोद तिहारा के साथ मतभेद सार्वजनिक होते रहे। हालांकि डी.डी.सी.ए. के चुनाव में रजत शर्मा और विनोद तिहारा कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे थे।

तिहारा को डी.डी.सी.ए. की कार्यकारी समिति ने अनुशासन आधार पर निलंबित भी किया था जिसे उन्होंने दिल्ली उच्च न्यायालय में चुनौती दी थी। तिहारा और शर्मा के बीच संबंध लगातार खराब होते चले गए और डी.डी.सी.ए. की शीर्ष परिषद ने भी शर्मा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

About Aditya Jaiswal

Check Also

केकेआर ने रोमांचक मुकाबले में आरसीबी को एक रन से हराया, रसेल ने झटके तीन विकेट

कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से हुआ। दोनों टीमों के ...