जानकारी कई बार आपको गंभीर अपराध का शिकार होने से बचा सकती है। ऐसा ही एक मामला चीन में सामने आया है, जहां एक महिला ने दुष्कर्मी को इतना डरा दिया कि वह उसे छोड़कर भाग निकला। दरअसल, खतरनाक कोरोना वायरस लोगों की जान ले रहा है। इसकी वजह से अब तक 427 से अधिक मौतें हो चुकी हैं और करीब 13 हजार लोग इस वायरस से पीड़ित बताए जा रहे हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी इसे लेकर अलर्ट जारी कर दिया है। लिहाजा, जब एक अपराधी लूट और महिला से दुष्कर्म करने की नियत से पहुंचा, तो महिला बुरी तरह खांसने लगी।
उसने कहा कि वह कोरोना वायरस से पीड़ित है। यह सुनकर बदमाश घबरा गया। महिला ने 31 जनवरी को बदमाश को बताया कि वह वुहान से लौटी है और कोरोना वायरस से पीड़ित है। यह सुनकर दुष्कर्मी डर गया। चीन के जिंगशान में यह घटना तब हुई, जब पीड़िता सो रही थी। इस दौरान एक घुसपैठिया उसके घर में घुस गया और उसके बेडरूम में चला गया। आवाज सुनकर महिला उठी और जोर से चिल्लाने लगी। इसके बाद घुसपैठिए ने उसकी गर्दन को पकड़ने की कोशिश की, उसके मुंह को ढंक दिया और उससे छेड़छाड़ करने की कोशिश की।
त्वरित सोच वाली महिला ने तब खांसना शुरू कर दिया और उस आदमी से कहा कि मैं अभी वुहान से वापस लौटी हूं। मुझमें संक्रमण के लक्षण हैं इसलिए मैंने घर पर रहकर खुद को अलग कर लिया है। महिला की बात सुनकर बदमाश डर गया और एक फोन और नकद 3,080 रुपए चुरा कर घर से भाग गया। इसके बाद महिला ने तुरंत ही पुलिस से संपर्क किया, जिसने तुरंत मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने चोर की तलाश की और उसे गिरफ्तार कर लिया। बदमाश ने चोरी की वारदात कुबूल भी कर ली।