• आग लगने के समय किसान परिवार सहित खेत पर काम करने गया था
बिधूना। तहसील क्षेत्र के ग्राम रूरूकलां में मंगलवार की शाम एक गरीब किसान की झोपड़ी में आग लग गयी। जिससे गृहस्थी का सभी सामान व नगदी जलकर राख हो गयी। वहीं दो भैंस व दो बकरियां झुलस कर गंभीर रूप से घायल हो गयीं।
जानकारी के अनुसार अछल्दा विकास खंड के गांव रुरुकलां निवासी किसान राम किशोर शाक्य पुत्र राम चरन परिवार समेत झोपड़ी में रहता हैं। मंगलवार की दोपहर वह अपने खेतों पर काम करने के लिये परिवार समेत गए थे। शाम करीब पांच बजे उनकी झोपड़ी (फूस का छप्पर) में अचानक आग की लपटें उठने लगी। जब तक आस पास रहने बाले लोग कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
गांव के लोगों ने आनन फानन में कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक झोपड़ी में रखा गृहस्थी का सभी सामान व नगदी जलकर राख हो गई। यही नहीं झोपड़ी के पास में बंधी उनकी दो भैंसें व दो बकरियां भी बुरी तरह झुलस कर घायल हो गयीं। जिनका इलाज कराया जा रहा है। आग को बचाने के प्रयास में पड़ोस के रहने बाला विकास नामक एक युवक भी घायल हो गया।
गांव के लोगों ने खेतों पर जाकर किसान राम किशोर को झोपड़ी में आग लगने की जानकारी दी। पीड़ित रामकिशोर ने बताया कि उसके घर पर अज्ञात कारणों से आग लग गई। जिसमें 13 बोरी गेंहू, 5 बोरा आलू व 15 पैकेट लहसुन एवं पैंट की जेब में रखे 15 हजार रूपए नकद समेत गृहस्थी का अन्य सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। लेखपाल लक्ष्मी प्रतिमा जादौन ने बताया कि पीड़ित के नुकसान का आंकलन कर उच्चाधिकारियों को भेजा जा रहा है। शासन द्वारा स्वीकृत सहायता राशि दिए जाने की मांग की जाएगी।
रिपोर्ट – संदीप राठौर चुनमुन