लखनऊ। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर महापौर संयुक्ता भाटिया और नगर आयुक्त अजय द्विवेदी, पार्षदों और अधिकारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय में ध्वजारोहण भी किया गया।
वहीं नगर निगम मुख्यालय के बाहर एक शिलापट्ट लगा है। प्रायः इस ओर लोगों का ध्यान नहीं जाता। महापौर संयुक्ता भाटिया ने इसकी ओर ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने इस शिलापट को आज पुनर्पाठ किया। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि महात्मा गांधी जी ने 17 अक्टूबर 1925 को नगर महापालिका का अभिनंदन पत्र स्वीकार किया था।
जिस त्रिलोकीनाथ हॉल में अब नगर निगम का सदन चलता है, वहां सार्वजनिक सभा में महात्मा गांधी ने भाषण दिया था। संयुक्ता भाटिया ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर शास्त्री नगर चौराहे पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।