समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्य मुख्यालय पर आज पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे एकजुट होकर विधानसभा उपचुनावों में जीत की तैयारी में लग जाएं। लोकसभा चुनावों के बाद प्रदेश में 12 निर्वाचन क्षेत्रों में होनेवाले उपचुनावों को पूरी गंभीरता से लेने को कहा। उन्होंने कहा कि भाजपा के एकाधिकार और अहंकार को तोड़ने के लिए हमें सभी सीटों पर जीतने का लक्ष्य रखना होगा।
![](https://samarsaleel.com/wp-content/uploads/2019/07/Akhilesh-Yadav_6-644x362-300x169.jpg)
श्री यादव ने कहा कि भाजपा ने नोटबंदी, जीएसटी को लागू कर देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद किया है। देश में बेकारी बढ़ी है। उसकी स्टार्ट अप, मुद्रा लोन, मेक इन इण्डिया जैसी बहुप्रचारित योजनाएं विफल साबित हुई हैं। भाजपा ने देश को वर्षों पीछे कर दिया है इसलिए भाजपा ने अब अपनी विफलताओं पर पर्दा डालने के लिए आंकड़ों का मायाजाल बिछाने का काम शुरू कर दिया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि देश को बहकाने के लिए जोरशोर से अर्थव्यवस्था को 5 ट्रिलियन डालर तक पहुंचाने का दावा भाजपा द्वारा किया गया है। यह देश के गरीबों, मजदूरों, कम आय वाले कारोबारियों तथा कारीगरों को धोखा देने के अलावा कुछ और नहीं है। यदि विगत पांच वर्ष में बुनियादी ढांचे को विकसित किया गया होता तो आर्थिक स्थिति में डालर के मुकाबले रूपया मजबूत होता। जब प्रतिव्यक्ति आय और जीडीपी में अपेक्षित वृद्धि नहीं हो रही है तो विकास के झूठे आंकड़े पेश करने से क्या होगा?