Breaking News

माफिया अनुपम दुबे सहित परिजनों की 45.55 करोड़ की संपत्ति कुर्क…

माफिया अनुपम दुबे, भाई अनुराग उर्फ डब्बन सहित अन्य परिजनाें की शनिवार को 45.55 करोड़ की संपत्ति कुर्क कर ली गई। इसमें कॉलेज की भूमि भी शामिल है। अब तक माफिया व परिजनों की 158.73 करोड़ की संपत्ति कुर्क हो चुकी है। मोहम्मदाबाद के तत्कालीन कोतवाल अमर पाल सिंह ने 30 अक्तूबर 2023 को डॉ. अनुपम दुबे के निलंबित प्रधानाध्यापक भाई अनुराग कुमार उर्फ अनुराग दुबे उर्फ डब्बन, अमित कुमार उर्फ अमित दुबे के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज कराया था।

आरोप था कि दोनों भाइयों ने कूटरचित दस्तावेज से शस्त्र लाइसेंस प्राप्त कर लिए और संगठित अपराध करके धन अर्जित किया। जिलाधिकारी डॉ. वी के सिंह ने गैंगस्टर के मुकदमे में डब्बन व बब्बन की संपत्ति कुर्क करने के आदेश दिए। शनिवार को तहसीलदार सदर श्रद्धा पांडेय, नायब तहसीलदार सनी कनौजिया की अगुवाई में कई थानों की फोर्स सहसापुर गांव पहुंची। इस दौरान अनुपम दुबे व उसके 50 हजार के फरार इनामी भाई सहित परिजनों की पांच संपत्तियों को कुर्क करने के लिए डुगडुगी पिटवाई गई।

कॉलेज के अंदर भूमि को कुर्क कर बोर्ड लगाया गया। अनुराग दुबे की शिक्षिका पत्नी अर्चना दुबे को बुलाकर कुर्क की जा रही संपत्तियों की सूची दी गई। इसके बाद स्कूल को कुर्क करके ताला डलवा दिया गया। खेत और मकान की कुर्की भी की गई। कुर्क की गई संपत्ति की कीमत करीब 45.55 करोड़ बताई गई है। इससे पूर्व माफिया का आलीशान गुरुशरणम होटल जमींदोज किया जा चुका है।

कुर्की की कार्रवाई के दौरान तमाशबीन बने रहे लोग
माफिया अनुपम दुबे व उनके भाइयों की संपत्ति कुर्क कर पुलिस ने एक और चोट पहुंचाई। कार्रवाई के दौरान गांव में लोग छतों पर खड़े होकर तमाश देखते रहे। किसी की हिम्मत पुलिस की कार्रवाई में दखल देने की नहीं पड़ी। पुलिस माफिया के फरार भाई अनुराग दुबे डब्बन तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

About News Desk (P)

Check Also

विकसित भारत के संकल्प को पूर्ण करने में लखनऊ और पूर्वी विधानसभा का महत्वपूर्ण योगदान- ओपी श्रीवास्तव

• भाजपा को भारी मतों से लखनऊ की लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव में जीत दिलाएंगे ...