![](https://samarsaleel.com/wp-content/uploads/2021/10/35163cbf-e42c-4801-b0b7-f8e28818508c.jpg)
केंद्र सरकार किसानों की आय दोगुनी करने का अभियान संचालित कर रही है। इसमें जैविक कृषि,मृदा परीक्षण, ड्रिप सिंचाई, कृषि में तकनीक का प्रयोग आदि को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इससे कृषि में लागत में कमी हो रही है।
\इसके साथ ही उत्पादन व आय में बढोत्तरी हो रही है। राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल को कृषि संबन्धी बेहतर जानकारी है। वह समय समय पर किसानों, वैज्ञानिकों और कृषि के विद्यार्थियों को उपयोगी सुझाव देती है।
उन्होंने कहा कि कृषि वैज्ञानिक ऑर्गेनिक उत्पाद को बढ़ाने के लिए प्रगतिशील किसानों को प्रोत्साहित करें।ऑर्गेनिक उत्पाद में वृद्धि हेतु किसानों के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया जाए। कृषि वैज्ञानिक किसानों को फसलों के नष्ट होने से बचाव के तरीके तथा बीमारियों से होने वाले नुकसान को रोकने की जानकारी देनी चाहिए।
इसके साथ ही कृषि वैज्ञानिक किसान भाइयों को एक साल में कई बार फसल पैदा करने की जानकारी एवं प्रशिक्षण भी दें। उन्होंने कहा कि कृषि के लिए जमीन कम होती जा रही है,इसलिए किसानों को सहफसली कृषि को बढ़ावा देना चाहिए।
इससे किसानों की आय भी कई गुनी बढ़ेगी। आनंदीबेन पटेल ने जनपद आजमगढ़ भ्रमण के दूसरे दिन कृषि महाविद्यालय केंद्र कोटवा,आजमगढ़ में कृषि वैज्ञानिकों, प्रगतिशील किसान एवं छात्रों को संबोधित किया।
राज्यपाल ने कहा कि कृषि वैज्ञानिक एक ही फसल पर दूसरी और तीसरी फसल का उत्पादन करने का प्रयोग कर किसानों को बताएं। पानी की बचत करने के लिए ड्रिप सिंचाई का प्रयोग करें।
किसानों को ड्रिप इरिगेशन के लिए प्रोत्साहित कर कम पानी से अधिक पैदावार किया जा सकता है। किसान खेतों की मिट्टी की जांच कराएं और उनकी कमी को पूरा किया जाए। कृषकों के लिए नई सीड की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि यदि किसानों की आय को बढ़ाना है तो सभी मौसम के सभी प्रकार की सब्जियों के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करना होगा। किसान भाइयों को परंपरागत खेती करने के साथ ही आधुनिक तकनीक से जोड़ा जाए। कृषि से जुड़ी महिलाओं आधुनिक कृषि तकनीकी की जानकारी प्रदान करनी चाहिए।