एटा जनपद के थाना जसरथपुर क्षेत्र के ग्राम छटीकरा में दो दिन पूर्व प्रधान की पुत्री की बारात जनपद मैनपुरी के ग्राम हरचंदपुर से आई थी। जिसमें वधू पक्ष ने तय किए गए दूल्हे के स्थान पर दूसरा दूल्हा बदल देने का आरोप लगाते हुए शादी करने से इनकार कर दिया। कन्या पक्ष ने लड़के के पिता के खिलाफ दूल्हा बदलने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं बंधक बनायीं गयी बारात को पुलिस हस्तक्षेप के बाद बिना दुल्हन के बैरंग वापस लौटा दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुरील ने बताया कि 30 जून को मैनपुरी के कमलेश के पुत्र विक्रम की बारात ग्राम ठटींगरा के पूर्व प्रधान विजय बहादुर के यहां आई थी। बारात आने पर लड़की पक्ष ने बारातियों की खूव आवभगत कर स्वागत किया किंतु जैसे ही लड़की के पिता विजय बहादुर की नजर दूल्हे पर पड़ी तो मामला बिगड़ गया, क्योंकि लड़की के पिता के अनुसार जो लड़का शादी से पहले दिखाया गया था बारात के समय वो नहीं था। दूल्हा बदल दिया गया था, दूल्हा दूसरा लड़का था।
इसके बाद गांव के लोग एकत्रित होकर कमलेश पर दिखाए गए लड़के को लाने का दबाव बनाकर बारातियों से अभद्रता करने लगे। तभी किसी बाराती द्वारा डायल 112 पर फोन कर पुलिस बुला ली गई, उसके बाद 112 पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए घटना की सूचना थाना पुलिस को दे दी। पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए समझौता कराने का प्रयास किया किंतु समझौता न होने तथा लड़की के पिता तथा वधू द्वारा शादी के लिए दिखाये गए लड़के को लाने तथा उससे ही विवाह करने की जिद पर अड़ गए।
जबकि वर पक्ष (विक्रम) वाले इसी लड़के को दिखाने की बात पर अड़े रहे। उन्होंने कहा कि मैंने कोई दूसरा लड़का नहीं दिखाया था। इस अपर बात बिगड़ गई और लड़की के पिता विजय बहादुर ने दूल्हा बदल कर फ्रॉड करने की रिपोर्ट थाना जसरथपुर में दर्ज करा दी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने बिना दुल्हन के बारात गांव से वापस करा दी।
क्षेत्राधिकारी अलीगंज अजय भदौरिया ने बताया की ग्राम ठटीगरा में किसी भी बरात को बंधक नहीं बनाया गया है। एक बारात में दूल्हा बदलने की शिकायत आई थी, जिसमें दोनों पक्ष को समझा-बुझाकर शांत कर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट-अनंत मिश्र