लखनऊ। आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति की अमूल्य विरासत और धरोहर को संजोने तथा राष्ट्र निर्माण में अपना अतुलनीय योगदान प्रदान करने वाले तथा झारखंड के महान स्वतंत्रता सेनानी धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती को देश भर में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। झारखंड की मुंडा जनजाति से ताल्लुक रखने वाले भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवम्बर 1875 को हुआ था तथा उन्होंने स्वाभिमान की रक्षा हेतु अंग्रेजों के खिलाफ जंग की शुरुआत की थी।
आज 15 नवम्बर को इस दिवस विशेष के अनुपालन में जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा अनेक प्रकार की गतिविधियों को आयोजित करते हुए इस दिन को अत्यंत प्रसन्नता एवं उल्लास के साथ पूरे मंडल पर मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित किये जाने वाले मुख्य कार्यक्रमों के तहत लखनऊ के चारबाग़ स्थित उत्तर रेलवे, स्टेडियम में एक दौड़ प्रतियोगिता तथा एक मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया. इसके अतिरिक्त मंडलीय कार्यालय के सभागार में जनजातीय गौरव दिवस विषय पर एक निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया तथा भगवान #बिरसा_मुंडा पर एक व्याख्यान भी प्रस्तुत किया गया।
सायंकाल इस प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में स्वयं मंडल रेल प्रबंधक, सुरेश कुमार सपरा ने उपस्थित होकर विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, अमित पाण्डेय ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन चरित्र का उल्लेख करते हुए उनके द्वारा किये गए महान कार्यों की बात करते हुए उनको सादर नमन किया तथा सभी लोगों से उनके बताये गए सिद्धांतों का अनुसरण करने की बात कही इस प्रतियोगिता का पुरस्कार विजेताओ में अनिल कुमार भारती (टेक्नी.-III), ने प्रथम स्थान, एसके सोनकर (CWLI), को द्वितीय स्थान एवं अंजलि मिश्रा को (Sr. Clerk), ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस कार्यक्रम में मंडल के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा इस अवसर पर मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर भगवान बिरसा मुंडा के चित्र एवं बैनरों को लगाया गया तथा ऑडियो एवं वीडियो क्लिप चलाकर आमजनमानस एवं रेल यात्रियों को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन वृत्तांत एवं महान कृतित्व की जानकारी दी गयी।
रिपोर्ट-दया शंकर चौधरी