Breaking News

अभूतपूर्व होगी यूपी की फ़िल्म सिटी


उत्तर प्रदेश में निर्माणधीन फ़िल्म सिटी के प्रति मुंबई कला जगत ने जबरदस्त उत्साह दिखाया है। फ़िल्म उद्योग से जुड़े लोगों को योगी आदित्यनाथ की कार्य शैली पर भी विश्वास है। यह माना जा रहा है कि योगी के सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म सिटी निर्माण संबन्धी दावे में दम है। प्रारंभिक विचार विमर्श के बाद ही यहां फ़िल्म सिटी निर्माण कार्य का शुभारंभ भी हो गया। इसके बाद योगी आदित्यनाथ स्वयं इस क्षेत्र के अनुभवी लोगों से विचार विमर्श कर रहे है।

इस योजना के प्रभावी संचालन हेतु उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देशित किया है। मुम्बई में उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री के लिए उत्तर प्रदेश में समस्त सुविधाएं उपलब्ध हैं। विंध्य इलाके में प्रकृति का अनुपम सौंदर्य, संस्कृति और इतिहास की सम्पन्न विरासत समेटे बुन्देलखण्ड, भगवान श्रीराम की अयोध्या के अलावा और भी बहुत कुछ है। जहां फ़िल्म सिटी बन रही है वहां से आधे घण्टे की दूरी पर श्री कृष्ण का वृन्दावन और आगरा सिर्फ एक घण्टे की दूरी पर है। कनेक्टिविटी और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी बेहतरीन हैं।

मुख्यमंत्री ने फिल्मी हस्तियों से यूपी के लॉ एंड आर्डर पर कहा कि रही माहौल की बात,तो हम तो राम को मानते हैं। परंपरा के अनुसार राम राम कहकर सज्जनों का स्वागत करते हैं। दुर्जनों के लिए एक ही शब्द है,राम नाम सत्य का। विकास हमारी प्रतिबद्धता है। विकास आएगा,तो बाकी चीजें अपने आप आएंगी। लोगों का डर और असमंजस दूर हो जाएगा। फिल्मी हस्तियों ने भी योगी की बातों में गहरी रुचि दिखाई। अनेक दिग्गजों ने इस संबन्ध में अपने प्रोजेक्ट मुख्यमंत्री को प्रेषित करने की बात कही है।

मुम्बई फ़िल्म जगत ने नोएडा में फिल्म सिटी बनाने की सीएम योगी की पहल का स्वागत किया है। समारोह में उपस्थित फिल्मी हस्तियों ने फ़िल्म सिटी व उत्तर प्रदेश में शूटिंग संबन्धी सुझाव साझा किए। कार्यक्रम का संचालन उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के चेयरमैन राजू श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम की प्रस्तावना अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल ने रखी।

डॉ. दिलीप अग्निहोत्री

About Samar Saleel

Check Also

भगवान गणेश के विधिवत पूजन अर्चन के साथ हुआ 173 पूर्वी विधानसभा चुनावी कार्यालय का उद्घाटन

लखनऊ। भगवान गणेश की विधिवत पूजा अर्चना के साथ लखनऊ पूर्वी विधानसभा चुनाव कार्यालय का ...