Breaking News

भाजपा ने यूपी में लोगों को राशन पर निर्भर कर उन्हें गरीबी में धकेल दिया-प्रियंका गांधी

लखनऊ। कांग्रेस की महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने आज बाराबंकी और गोंडा की विधानसभाओं में रोड शो आयोजित कर जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने रोडशो में अपने संबोधन में कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए वोट देने की अपील भी की। जनसमूह से संबोधन में उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, छुट्टा जानवरों के मुद्दे पर भाजपा सरकार को जमकर घेरा।

प्रियंका गांधी कहा कि उत्तर प्रदेश की धरती महान है, इस धरती ने रफ़ी अहमद किदवई जैसे आजादी की लड़ाई लड़ने वाले नेता दिए। उन्होंने कहा सबसे ज्यादा नौजवानों की ऊर्जा उत्तर प्रदेश में हैं। यहां की धरती उपजाऊ है, यहां खेती अच्छे से हो सकती है। यहां के शिक्षित नौजवानों को सक्षम किया जाए, तो देश की तरक्की में वह सर्वाधिक भागीदारी दे सकते हैं। हमेशा उत्तर प्रदेश की राजनीति ने देश को दिशा दिखाई। इसके बावजूद उत्तर प्रदेश में परिस्थितियां यह हैं की यहाँ गरीबी है, बेरोजगारी है, महंगाई से लोग परेशान हैं। पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ती ही जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री पूरी दुनिया में घूमते हैं और वहां दिल्ली की सीमा पर 700 किसानों की मौत हो जाती है। वहाँ प्रधानमंत्री मिलने तक नहीं गए। प्रधानमंत्री 16 हजार करोड़ के दो हवाई जहाज खरीदते हैं, लेकिन गन्ना किसानों का बकाया नहीं दिया जाता है। जब उनके ही मंत्री के बेटे ने लखीमपुर में 6 किसानों को अपनी जीप के नीचे कुचल डाला, तब प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री क्यों किसानों से, पीड़ितों से मिलने नहीं गए? उस मंत्री का इस्तीफा भी नहीं मांगा, प्रधानमंत्री उसके साथ मंच साझा करते हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि इस सरकार ने एक बोरा राशन दिला दिया, खातों में कुछ पैसे भिजवा दिए, उनको लगता है कि उनकी जिम्मेदारी ख़त्म। भाजपा ने लोगों को एक बोरे राशन पर निर्भर बना दिया, लोगों को गरीब बना दिया। आपको रोजगार इसलिए नहीं मिल रहा है, क्योंकि आप बेरोजगार होंगे, तो आपमें गुस्सा चढ़ेगा। आप में आत्मविश्वास नहीं होगा, तो आपको फुसलाना आसान हो जाएगा। इसीलिए जब आपके सामने धर्म-जाति की बात होगी तो आप जज्बात के आधार पर उनको वोट दोगे। वह जानबूझकर जनता को गरीब बना रहे हैं। जानबूझकर उन उद्योगों को मोदी के उद्योगपति मित्रों को बेचा जा रहा है, जिनसे हजारों नौकरियां मिल सकती हैं।

उन्होंने कहा प्रदेश की तीनों पार्टियां एक बिसात पर खेल रही हैं, यह प्रदेश का कोई विकास नहीं करने वाली हैं। इनसे सिर्फ और सिर्फ इनके नेताओं और इनके बड़े उद्योगपति मित्रों का ही विकास होगा। यह प्रदेश इस देश को दिशा दिखाने वाला प्रदेश है और आज गरीबी से भरा हुआ है। आप आंखें नहीं खोलेंगे और हर चुनाव में जाति-धर्म के आधार पर वोट देते रहेंगे, तो आपको इस खाई से कोई नहीं निकाल पाएगा, जिसमें आपको जानबूझकर धकेला गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी खोखली घोषणाएं नहीं कर रही हैं। हम समस्याओं के समाधान के रोडमैप के साथ आपके सामने आए हैं।

प्रियंका ने कहा कि लोगों को अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। बीते पांच वर्ष में नौजवानों के रोजगार के लिए इस सरकार ने कुछ नहीं किया, महिलाओं पर रोज अत्याचार हो रहे हैं, किसान और नौजवान छुट्टा जानवरों से खेतों की रखवाली कर रहे हैं। किसानों को खाद नहीं मिलती, उपज का सही दाम नहीं मिल रहा है। नोटबंदी और जीएसटी से छोटे दुकानदार उबर ही रहे थे कि कोरोना में अनियोजित लॉकडाउन कर दिया गया। इससे उनका व्यवसाय चौपट हो गया। इस सरकार ने कोई राहत नहीं दी। कांग्रेस ने बुनकरों के लिए एक विशेष पैकेज बनाया था, अब उसे भी ख़त्म कर दिया गया। प्रदेश की असलियत आपके सामने हैं, परिस्थितियां गंभीर हैं।

उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई कांग्रेस पार्टी ने लड़ी, इस देश की आजादी के लिए खून पसीना कांग्रेस के नेताओं, देश के किसानों ने बहाया। इस आजादी को बचाने के लिए कांग्रेस खड़ी रहेगी और काम करेगी। आजादी का मतलब था इस देश का नौजवान, किसान और महिलाएं सशक्त बने और आत्मनिर्भर बने। जब तक आप सशक्त नहीं होंगे, आप आजाद नहीं होंगे। कांग्रेस के अलावा बाकी सारी पार्टियां धर्म और जाति के आधार पर आपकी गुलामी चाहती हैं ताकि आपके जज्बातों को अपना हथियार बनाकर वह सत्ता में रहें। इसलिए ऐसी पार्टी को चुनिए, जो आपके लिए काम करे, आपको सशक्त करे। कांग्रेस सबका विकास चाहती है, इसलिए चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार को वोट देकर उत्तर प्रदेश का भविष्य सुरक्षित बनाएं।

 

About reporter

Check Also

अखिलेश-डिंपल दोनों ने उपचुनाव से शुरू की सियासी पारी, पति-पत्नी के नाम है अनोखा रिकॉर्ड

कन्नौज: अब तक 16 बार लोकसभा चुनाव की गवाह रही इत्रनगरी दो बार उपचुनाव की ...